इजरायल में पीएम मोदी का शानदार स्वागत, 10 मिनट में नेतान्याहू से 3 बार गले मिले
तेल अवीव। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इजरायल के शहर तेल अवीव पहुंच चुके हैं। यह किसी भी भारतीय प्रधानमंत्री की पहली इजरायल यात्रा है। इजरायली पीएम बेंजामिन नेतान्याहू खुद पीएम मोदी को लेने एयरपोर्ट पहुंचे हैं। पीएम नेतान्याहू ने इसके साथ ही अपना प्रोटोकॉल तोड़ा है। राष्ट्रगान के साथ ही पीएम मोदी का स्वागत हुआ है।

इजरायली पीएम ने तोड़ा प्रोटोकॉल
इजरायली पीएमनेतान्याहू न सिर्फ पीएम मोदी को रिसीव करने एयरपोर्ट पर मौजूद थे। बल्कि उन्होंने हाथ जोड़कर हिंदी में कहा, 'आपका स्वागत है।' सूत्रों की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक यह एक विशेष बात है। अभी तक इजरायल के पीएम सिर्फ अमेरिकी राष्ट्रपतियों और पोप के स्वागत के लिए ही एयरपोर्ट पर मौजूद रहे हैं। विदेश मंत्रालय के लिए ही एक और डीजी युवाल रोटेम ने बताया कि इजरायली पीएम नेतान्याहू, पीएम मोदी के तीन दिवसीय दौरे पर हर पल उनके साथ रहेंगे। वह ऐसा कभी नहीं करते हैं और यह पहला मौका है जब नेतान्याहू किसी राष्ट्राध्यक्ष के साथ हर पल रहेंगे। रोटेम ने कहा कि यह पीएम मोदी के दौरे की अहमियत को बयां करने का हमारा तरीका है। तीन दिनों तक पीएम मोदी इजरायल में होंगे और उनके इस दौरे का मकसद दोनों देशों के संबंधों के 25 वर्ष पूरे होने पर रिश्तों को और मजबूत करना है।
पीएम मोदी को बताया अपना दोस्त
इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतान्याहू ने पीएम मोदी के इजरायल दौरे से पहले एक ट्वीट किया था। इस ट्वीट से ही साफ हो गया था कि पीएम मोदी का यह दौरा इजरायल और भारत के बीच संबंधों को किस तरह से मजबूत करेगा। नेतान्याहू ने ट्वीट में लिखा था, 'अगले हफ्ते भारतीय प्रधानमंत्री, मेरे दोस्त, नरेंद्र मोदी इजरायल आएंगे। यह इजरायल के लिए एक एतिहासिक दौरा होगा। 70 वर्षों के इतिहास में कोई पहला भारतीय प्रधानमंत्री इजरायल आएगा। यह कदम भारत और इजरायल के बीच मिलिट्री, आर्थिक और कूटनीतिक रिश्तों को और मजबूती देगा।' पीएम मोदी इस दौरे पर इजरायली राष्ट्रपति रेयूवेन रिवलिन और विपक्ष के नेता इसैक हेरझोग से भी मुलाकात करेंगे। इसके अलावा पीएम मोदी के सम्मान में एक डिनर का आयोजन भी किया गया है।
फ्लावर फॉर्म पहुंचे मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वागत कार्यक्रम के बाद येरुशलम के फ्लावर फॉर्म में पहुंचे और वहां हजारों अलग-अलग तरह के फूलों के बारे में जानकारी ली। माना जा रहा है कि कृषि क्षेत्र में भी दोनों देश कई अहम समझौते कर सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications