Narendra Modi’s Salary: PM मोदी, बाइडेन, ऋषि सुनक.. दुनिया के बड़े-बड़े नेताओं को कितनी मिलती है सैलरी?
Narendra Modi's salary: भारत के आम चुनाव समाप्त हो चुके हैं और नरेंद्र मोदी ने रिकॉर्ड तीसरी बार प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ले ली है। 73 साल के नरेंद्र मोदी का तीसरा कार्यकाल शुरू हो चुका है और इस बार मोदी सरकार का मकसद जल्द से जल्द देश को 5 ट्रिलियन इकोनॉमी बनाने का है।
राष्ट्रपति भवन के प्रांगण में भव्य शपथ ग्रहण समारोह के बाद आइए एक नजर डालते हैं, कि प्रधानमंत्री के रूप में मोदी को मिलने वाले वेतन और भत्ते क्या होंगे और यह विश्व नेताओं के मुकाबले कितना बेहतर है।

प्रधानमंत्री मोदी की सैलरी कितनी होगी?
प्रधानमंत्री के तौर पर नरेंद्र मोदी देश में बहुत महत्वपूर्ण पद पर हैं और देश के कामकाज की जिम्मेदारी उन्हीं पर है। इतनी ज्यादा दबाव वाली नौकरी के लिए प्रधानमंत्री को कथित तौर पर 1.66 लाख रुपये प्रति माह वेतन मिलता है - जो सालाना करीब 20 लाख रुपये बैठता है।
इस वेतन में 50,000 रुपये का मूल वेतन, 3,000 रुपये का व्यय भत्ता, 45,000 रुपये का संसदीय भत्ता और 2,000 रुपये का दैनिक भत्ता शामिल है।
मजे की बात यह है, कि जब मोदी ने अपना चुनावी हलफनामा दाखिल किया था, तब उन्होंने अपनी निजी संपत्ति 3.02 करोड़ रुपये घोषित की थी, जिसमें बॉन्ड, डिबेंचर, शेयर या म्यूचुअल फंड में कोई निवेश नहीं किया गया था। उनके हलफनामे के अनुसार, उनकी इनकम दो स्रोतों से हुई है। एक प्रधानमंत्री कार्यालय से मिले वेतन से और दूसरा उसपर आए ब्याज से।
प्रधानमंत्री की तुलना में भारत के राष्ट्रपति को 5 लाख रुपए महीना वेतन मिलता है। 2018 तक राष्ट्रपति को 1.5 लाख सैलरी मिलती थी। वहीं, भारत के उपराष्ट्रपति को भी 1.25 लाख रुपए से बढ़ाकर 4 लाख रुपए महीना सैलरी कर दिया गया था। दूसरी ओर, NDTV की रिपोर्ट के अनुसार सांसदों को 1 लाख रुपए का मूल वेतन मिलता है। सांसदों को आखिरी बार 2018 में वेतन वृद्धि मिली थी, जब उनके वेतन को बढ़ाया गया था।
प्रधानमंत्री को और कितने भत्ते मिलते हैं?
वेतन के अलावा, प्रधानमंत्री के तौर पर नरेंद्र मोदी को कई तरह की सुविधाएं भी हासिल हैं। इनमें सबसे खास है 7 लोक कल्याण मार्ग पर उन्हें दिया गया सरकारी आवास। इस आवास पर कोई किराया या आवास शुल्क नहीं देना होगा।
उन्हें स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप (एसपीजी) की सुरक्षा भी दी गई है और आधिकारिक यात्राओं के लिए वे एयर इंडिया वन - विशेष विमान - का उपयोग करते हैं। प्रधानमंत्री के रूप में, वे केवल मर्सिडीज-बेंज एस650 गार्ड में यात्रा करते हैं, जो रिपोर्टों के मुताबिक, एडवांस खिड़कियों और बॉडी शेल की वजह से बुलेट प्रूफ होता है। प्रधानमंत्री की कार पर अगर एके-47 राइफलों से भी हमला होता है, तो कार को नुकसान नहीं होगा।
प्रधानमंत्री के रिटायर्ड होने के बाद, उन्हें पांच साल की अवधि के लिए मुफ्त आवास, बिजली, पानी और यहां तक कि एसपीजी सुरक्षा भी प्रदान की जाती है।
वैश्विक नेताओं से पीएम मोदी की सैलरी की तुलना
अब जब हम जान गये हैं, कि भारत के प्रधानमंत्री कितना कमाते हैं, तो यह देखना दिलचस्प होगा, कि वैश्विक नेताओं की सैलरी कितनी है और भारत के प्रधानमंत्री के मुकाबले वो कितना कम या कितनी ज्यादा सैलरी लेते हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक, सिंगापुर के प्रधानमंत्री दुनिया के नेताओं में सबसे ज़्यादा वेतन पाते हैं। सिंगापुर के प्रधानमंत्री लॉरेंस वोंग को सालाना 2.2 मिलियन डॉलर (18.37 करोड़ रुपये) सैलरी मिलती है।
वहीं, हांगकांग के मेयर जॉन ली का-चिउ दुनिया के सबसे ज़्यादा वेतन पाने वाले नेताओं में दूसरे नंबर पर हैं। साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट के मुताबिक, वे सालाना लगभग 672,000 डॉलर (5.61 करोड़ रुपये) कमाते हैं।
वहीं, इस लिस्ट में स्विट्जरलैंड के प्रधानमंत्री तीसरे स्थान पर हैं और उन्हें सालाना 495,000 डॉलर (4.13 करोड़ रुपये) का भुगतान किया जाता है।
जबकि, अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन सालाना 400,000 डॉलर (3.34 करोड़ रुपये) का भारी वेतन लेते हैं।
हालांकि, अमेरिका के राष्ट्रपति को अन्य भत्तों में 50,000 डॉलर का अतिरिक्त भत्ता भी मिलता है। इसके अलावा, उनके पास व्हाइट हाउस और एयर फ़ोर्स वन जैसी सबसे शानदार सुविधाएं हैं।
वहीं, ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज को प्रति वर्ष लगभग 550,000 डॉलर का वेतन मिलता है।
इस बीच, यूके के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक, जिनकी निजी संपत्ति उन्हें यूनाइटेड किंगडम का अब तक का सबसे अमीर प्रधानमंत्री बनाती है, उन्हें सालाना 2,12,000 डॉलर (1.77 करोड़ रुपये) का वेतन मिलता है। वह लंदन में 10 डाउनिंग स्ट्रीट में प्रधानमंत्री आवास में रहते हैं।
हालांकि, इस बात की पूरी जानकारी नहीं है, कि चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग को कितनी सैलरी मिलती है, लेकिन 2015 में आई एक रिपोर्ट में कहा गया था, कि उन्होंने खुद को और शीर्ष अधिकारियों के वेतन में 62% की वृद्धि की थी। इसके साथ ही, ऐसी रिपोर्ट उस वक्त आई थी, कि शी जिनपिंग का वेतन बढ़कर 11,385 युआन ($136 या 9.5 लाख रुपये) प्रति माह हो गया था। इस वक्त उन्हें कितनी सैलरी मिलती है, इसकी जानकारी हमारे पास नहीं है।












Click it and Unblock the Notifications