PM Modi France Visit: फ्रांस दौरे पर जाएंगे पीएम मोदी, 14 जुलाई को बेस्टाइल परेड में होंगे खास मेहमान
भारत और फ्रांस के रिश्ते लगातार मजबूत हो रहे हैं। इसी बीच दोनों देशों के बीच सामरिक साझेदारी के 25 साल पूरे होने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जुलाई में फ्रांस जाएंगे।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 14 जुलाई को पेरिस में होने वाली बेस्टाइल डे परेड में विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इसको लेकर फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रॉन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को निमंत्रण दिया था, जो कि उन्होंने स्वीकार कर लिया है।
विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि भारतीय सशस्त्र बलों की एक टुकड़ी भी अपने फ्रांसीसी समकक्षों के साथ परेड में भाग लेगी। विदेश मंत्रालय के बयान के मुताबिक दोनों देशों के बीच सामरिक साझेदारी के 25 साल पूरे होने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जुलाई में फ्रांस जाएंगे।
मैक्रॉन ने इसे लेकर एक ट्वीट भी किया है। उन्होंने पीएम मोदी के साथ फोटो शेयर करते हुए लिखा, ''प्रिय नरेंद्र, 14 जुलाई की परेड के सम्मानित अतिथि के रूप में आपका पेरिस में स्वागत कर के मुझे बहुत खुशी होगी।''
फ्रांस ने इसी साल मार्च महीने में प्रधानमंत्री मोदी को जुलाई में वार्षिक बेस्टाइल डे परेड में अतिथि के रूप में पेरिस आने के लिए आमंत्रित किया था। फ्रांस के राष्ट्रीय दिवस को बेस्टाइल डे के रूप में भी जाना जाता है। यह हर साल 14 जुलाई को मनाया जाता है।
अधिकारिक बयान में कहा गया है कि पीएम मोदी के फ्रांस दौरे से उम्मीद है कि इससे दोनों देशों के बीच रणनीतिक, सांस्कृतिक, वैज्ञानिक, शैक्षणिक और आर्थिक सहयोग के लिए नए टारगेट की शुरुआत होगी।
बयान में कहा गया कि दोनों देश संयुक्त राष्ट्र के चार्टर के उद्देश्यों और सिद्धांतों को लेकर भी साझा दृष्टिकोण रखते हैं, जो हिंद-प्रशांत क्षेत्र में उनके सहयोग का आधार भी है।
बयान के मुताबिक, पीएम मोदी और राष्ट्रपति मैक्रॉन इस समय की सबसे बड़ी चुनौतियों में से एक जैसे कि जलनायु परिवर्तन, जैव विविधता को हो रहे नुकसान और सतत विकास के टारगेट को लेकर भी बात करेंगे।












Click it and Unblock the Notifications