नये साल का पहला विदेशी दौरा स्थगित, कोरोना की वजह से UAE नहीं जाएंगे पीएम मोदी
कोरोना वायरस के ओमिक्रॉन वेरिएंट की वजह से पीएम मोदी का जनवरी का यूएई दौरा स्थगित हो गया है।
नई दिल्ली, दिसंबर 29: कोरोना वायरस के ओमिक्रॉन वेरिएंट की वजह से भारतीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का संयुक्त अरब अमीरात और कुवैत का दौरा स्थगित हो गया है। 6 जनवरी को प्रधानमंत्री मोदी यूएई और कुवैत के दौरे पर निकलने वाले थे और इस दौरान दोनों देशों के बीच कई प्रमुख समझौते होने वाले थे।

पीएम मोदी का यूएई दौरा स्थगित
साउथ ब्लॉक के सूत्रों के अनुसार, ओमिक्रॉन के मामलों की बढ़ती संख्या के कारण पीएम मोदी की जनवरी में होने वाली यूएई और कुवैत की यात्रा को फिलहाल स्थगित कर दिया गया है और उनकी यात्रा की तारीख आगे निर्धारित की जाएगी। और जनवरी की जगह अब फरवरी महीने में पीएम मोदी खाड़ी देशों के दौरे पर जा सकते हैं। कोरोनवायरस का ओमिक्रॉन वेरिएंट दुनिया भर में दहशत फैला रहा है और संयुक्त राज्य अमेरिका और यूरोप इस वेरिएंट से बुरी तरह प्रभावित हैं। अमेरिका में अब ओमिक्रॉन वेरिएंट डेल्टा वेरिएंट की जगह प्रमुख वेरिएंट बन चुका है। वहीं यूके में ओमिक्रॉन के तेजी से प्रसार के कारण कोविड -19 मामले प्रतिदिन रिकॉर्ड तोड़ रहे हैं।
भारत में स्थिति अभी तक नियंत्रित
बात भारत की करें तो, भारत में स्थिति अभी तक नियंत्रण में जरूर है, लेकिन दिल्ली समेत देश के कई राज्यों में तेजी से मामले बढ़ने शुरू हो चुके हैं और 24 नवंबर को दक्षिण अफ्रीका में ओमिक्रॉन वेरिएंट की खोज के बाद भारत में अभी तक लगभग 800 मामले सामने आए हैं। वहीं, सात अमीरात के महासंघ ने सोमवार को 1,732 नए कोरोनोवायरस मामले और एक मौत की सूचना दी है। वहीं अबू धाबी ने वहां कोविड-19 के तेजी से प्रसार के बाद देश में प्रवेश करने के लिए आवश्यकताओं को कड़ा कर दिया है। अबू धाबी की इमरजेंसी, क्राइसिस एंड डिजास्टर कमेटी के अनुसार, टीका लगाए गए व्यक्तियों को अपने मोबाइल-फोन स्वास्थ्य ऐप पर हरे रंग की ग्रीन स्टेटस का होना अनिवार्य है। जबकि जिन लोगों को टीका नहीं लगाया गया है, उन्हें 30 दिसंबर से अमीरात में प्रवेश करने के लिए निगेटिव आरटी-पीसीआर टेस्ट की आवश्यकता होगी। अब तक, संयुक्त अरब अमीरात में कोरोनोवायरस बीमारी के कारण 755,000 मामले और 2,160 मौतें हुई हैं।












Click it and Unblock the Notifications