लंदन में पीएम मोदी ने पाक को दिखाया आईना, सर्जिकल स्ट्राइक पर कही बड़ी बात
Recommended Video

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लंदन में भारत की बात कार्यक्रम में भारतीय समुदाय के लोगों को संबोधित करते हुए कई अहम बाते कहीं। इस दौरान पीएम ने कठुआ रेप, उन्नाव रेप, सर्जिकल स्ट्राइक से लेकर कई मुद्दों पर अपनी बात खुलकर रखी। लंदन के सेंट्रल हॉल वेस्टमिंस्टर के मंच से पीएम ने पाकिस्तान पर भी बड़ा हमला किया। पीएम ने कहा कि 2016 में सीमा पार करके भारतीय सेना ने सर्जिकल स्ट्राइक किया। पीएम ने इस मौके पर दो टूक कहा कि भारत आतंकवाद का निर्यात करने वालों को बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं करेगा और उन्हें करारा जवाब देगा।

हमने किसी की एक इंच जमीन नहीं हड़पी
पाक पर बड़ा हमला करते हुए पीएम ने कहा कि अगर किसी ने आतंकी की फैक्ट्री लगा ली हो और पीछे से हमला करता हो तो हम उसको उसी की भाषा में जवाब देंगे। इस दौरान पीएम मोदी से म्यूरेश भुजानी ने पूछा कि जब सेना सर्जिकल स्ट्राइक कर रही थी तो आपके मन में क्या चल रहा था तो पीएम ने कहा कि भारत ने हजारों साल के इतिहास में कभी भी दूसरे की जमीन हड़पने की कोशिश नहीं की। पहले और दूसरे विश्वयुद्ध में हमे एक इंच भी जमीन नहीं लेनी थी लेकिन हमारे डेढ़ लाख सैनिकों ने अपनी जान की कुर्बानी दी।
आतंकवाद का निर्यात बर्दाश्त नहीं
पीएम ने कहा कि आज भी यूएन के पीस कीपिंग में सबसे ज्यादा सैनिक भारत के ही हैं। भारत का चरित्र अजेय रहने का है, विजयी रहने का है, लेकिन किसी का हक छीनना भारत का कभी भी चरित्र नहीं रहा है। इस दौरान पीएम ने कहा कि भगवान राम और लक्ष्मण का लंका छोड़ते समय जो संवाद था वह यभी यही दर्शाता है। सर्जिकल स्ट्राइक के जवाब पर पीएम ने कहा कि जब कोई टेररिज्म को एक्सपोर्ट करने में लगा हो, ताकत न हो और वह पीठ में घोंपने का प्रयास करता हो तो यह मोदी है, उसी भाषा में जवाब देना जानता है।
हमने बताया लाशें उठा लो
उड़ी में हुए आतंकी हमले पर पीएम ने कहा कि जब हमारे जवान टेंट में सो रहे थे तो कुछ बुजलदिलों ने उन्हें मौत के घाट उतार दिया, तो मैं क्यों चुप रहूं, इसलिए सर्जिकल स्ट्राइक किया गया, मुझे मेरी सेना और जवान पर गर्व है कि उसने 100 फीसदी सफल प्लान बनाया और सुबह होने से पहले सही सलामत स्ट्राइक को अंजाम देकर लौट आए। उन्होंने कहा कि हमने देश को इसके बारे में बताने से पहले पाकिस्तान को बताया था। मैंने अधिकारियों को कहा कि मीडिया को पता चले इससे पहले पाकिस्तान की सेना को इसकी जानकारी दें, कि वहां लाशें पड़ी हैं हटा लो। लेकिन पाकिस्तान के अधिकारी फोन पर आने से डरते रहे। आखिरकार 12 बजे उन्होंने फोन पर बात की। पीएम ने कहा कि यह आतंकवाद का निर्यात करने वालों के लिए संदेश है कि हिंदुस्तान बदल गया है।












Click it and Unblock the Notifications