पीएम मोदी आज SCO शिखर सम्मेलन में शामिल होंगे, पुतिन से होगी मुलाकात, वैश्विक मुद्दों पर होगी चर्चा
उज्बेकिस्तान के समरकंद में आज शंघाई कोऑपरेशन ऑर्गेनाइजेशन यानी SCO की अहम बैठक होगी।
समरकंद, 16 सितंबर : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Modi) आज (शुक्रवार) उज्बेकिस्तान के समरकंद में शंघाई सहयोग संगठन (SCO-Shanghai Cooperation Organisation) की बैठक में शामिल होंगे। पीएम मोदी जब उज्बेकिस्तान पहुंचे तो उनके समकक्ष अब्दुल्ला अरिपोव, वरिष्ठ मंत्रियों, समरकंद के गवर्नर और अधिकारियों ने उनका गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। समरकंद में क्षेत्रीय शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री मोदी रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन (Russian President Vladimir Putin) के साथ द्विपक्षीय बैठक करेंगे। जानकारी के मुताबिक व्यापार और भू-राजनीतिक द्विपक्षीय बैठक का मुख्य एजेंडा रहेगा।

पीएम मोदी का व्यस्त कार्यक्रम
आज PM मोदी रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन, ईरान के राष्ट्रपति इब्राहिम रईसी और उज्बेकिस्तान के राष्ट्रपति शावकत मिर्जियोयेव के साथ द्विपक्षीय बैठक करेंगे। शाम को PM वापस नई दिल्ली रवाना हो जाएंगे। आज उज्बेकिस्तान के समरकंद में एससीओ की अहम बैठक होगी। इस क्रम में एससीओ के सुधार और विस्तार, क्षेत्रीय सुरक्षा सहयोग, कनेक्टिविटी को मजबूत करने और व्यापार को बढ़ावा देने संबंधी मुद्दों पर चर्चा होगी। इसके बाद समरकंद में आयोजित एससीओ की बैठक में महत्वपूर्ण डॉक्यूमेंट्स पर हस्ताक्षर किए जाएंगे।

SCO शिखर सम्मेलन को लेकर 10 बड़ी बातें
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उज्बेकिस्तान में आयोजित एससीओ शिखर सम्मेलन के लिए पहुंचे हैं। वे यहां 24 घंटे समय से कम वक्त तक रहेंगे। भारतीय समय के मुताबिक सुबह 10 बजकर 10 मिनट पर एससीओ सदस्य देशों के प्रमुखों का स्वागत समारोह होगा। इसके बाद 10 बजकर 25 मिनट पर एससीओ सदस्य देशों के प्रमुखों का ग्रुप फोटो सेशन होगा। ये एससीओ सम्मेलन का पहला मौका होगा जब प्रधानमंत्री मोदी चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग, पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ एक साथ मंच साझा करेंगे। पुतिन और पीएम मोदी गुरुवार से शुरू हुए शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) के राष्ट्राध्यक्षों की परिषद की दो दिवसीय 22वीं बैठक में भाग लेंगे।

कोविड के बाद एक साथ मंच साझा करेंगे
कोरोना महामारी के बाद यह पहली बार है जब सभी आठ राष्ट्राध्यक्षों को एक साथ एक ही मंच पर आने का मौका मिला है। आज वहां सभी शीर्ष नेता एक दूसरे के आमने-सामने होंगे। वहीं, कोरोना महामारी के बाद यह पहला अवसर होगा जब एससीओ बैठक में शामिल सभी राष्ट्राध्यक्ष वैश्विक और क्षेत्रीय मुद्दों पर अपना ध्यान एक साथ केंद्रित करेंगे। वहीं, आज सुबह 10:30 ms 11:30 बजे तक एससीओ की रिस्ट्रिक्टेड फॉर्मेट पर बैठक में चर्चा होगी। यह 1 प्लस 1 की बैठक होगी। इस दूसरे कार्यक्रम में पीएम मोदी, व्लादिमीर पुतिन, शी जिनपिंग और शहबाज शरीफ समेत एससीओ के सभी सदस्य देशों के नेता साथ होंगे। बैठक के बाद दोपहर 12 बजकर 10 मिनट पर नेताओं का एक ज्वाइंट फोटो सेशन होगा । सम्मेलन के इस तीसरे मौके पर पीएम मोदी, पुतिन, शी, शरीफ और अन्य एससीओ के नेता एक साथ होंगे।

पीएम मोदी और पुतिन की मुलाकात
रूसी राजदूत भारत डेनिस अलीपोव ने समाचार एजेंसी एएनआई को बताया कि, हमने पहले ही घोषणा की है कि, पीएम मोदी और पुतिन एससीओ समिट में शामिल होंगे और इस दौरान मोदी के साथ समरकंद में कई बैठके होंगी। वहीं, दूसरी तरफ दोपहर 12:15 से पौने दो बजे तक विस्तारित प्रतिनिधि मंडल चर्चा होगी। इसमें सदस्य देशों के अलावा डायलॉग पार्टनर देश भी शरीक होंगे. साथ ही बैठक के बाद समरकंद घोषणापत्र पर हस्ताक्षर होंगे। यह चौथा इवेंट होगा जहां पीएम मोदी, राष्ट्रपति पुतिन, शी जिनपिंग और SCO बैठक में शरीक होने पहुंचे अन्य नेता एक साथ होंगे।

महत्वपूर्ण मु्द्दों पर चर्चा होगी
इससे पहले, आधिकारिक रूसी समाचार एजेंसी TASS ने राष्ट्रपति के सहयोगी यूरी उशाकोव के हवाले से कहा था, "मोदी के साथ पुतिन की अंतर्राष्ट्रीय एजेंडे पर भी बातचीत होगी, पक्ष रणनीतिक स्थिरता, एशिया प्रशांत क्षेत्र की स्थिति और कई मुद्दों पर चर्चा करेंगे। उशाकोव ने मंगलवार को संवाददाताओं से कहा, "यह विशेष रूप से महत्वपूर्ण है, क्योंकि भारत दिसंबर में संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की अध्यक्षता करेगा और 2023 में भारत एससीओ का नेतृत्व करेगा और जी20 की अध्यक्षता भी करेगा।" दोनों नेताओं ने जुलाई में एक-दूसरे से बात की थी और दिसंबर 2021 में राष्ट्रपति पुतिन की भारत यात्रा के दौरान लिए गए निर्णयों के कार्यान्वयन की समीक्षा की थी। इससे पहले, पीएम मोदी और पुतिन ने 24 फरवरी को यूक्रेन पर रूस के हमले के बाद फोन पर बात की थी।

जानें एससीओ का कार्यक्रम
दोपहर 2:45 से शाम 4 बजे तक उज़्बेकिस्तान के राष्ट्रपति की ओर से आधिकारिक बैंक्वेट में हिस्सा लेंगे। ये 5वां मौका होगा जब मोदी, पुतिन शरीफ, रईसी समेत अन्य नेता दोपहर की लंच में साथ होंगे। समरकंद रेजेंसी होटल में शाम 4:10 से 4:45 तक पीएम मोदी रूस के राष्ट्र्पति व्लादिमीर पुतिन के साथ द्विपक्षीय बैठक करेंगे। जानकारी के मुताबिक, शाम 5 बजकर 10 मिनट से 5:20 तक उज्बेकिस्तान के राष्ट्रपति के साथ पीएम मोदी की बैठक होगी। शाम 5 बजकर 30 मिनट से 6 बजे तक ईरान के राष्ट्रपति इब्राहिम रईसी के साथ पीएम मोदी की द्विपक्षीय बैठक होगी। इसके बाद पीएम मोदी भारतीय समयानुसार 7 बजकर 20 मिनट पर दिल्ली लौट जाएंगे।
Koo App
पीएम मोदी समरकंद में
गुरुवार को दिल्ली से समरकंद निकलने के बाद पीएम मोदी ने कहा था कि एससीओ शिखर सम्मेलन में मैं सामयिक, क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों, एससीओ के विस्तार और संगठन के भीतर बहुआयामी और पारस्परिक रूप से लाभकारी सहयोग को और गहरा बनाने के बारे में विचारों का आदान-प्रदान करने के लिए उत्सुक हूं। पीएम ने कहा कि, मैं समरकंद में राष्ट्रपति मिर्जियोयेव से मिलने के लिए भी उत्सुक हूं। मैं 2018 में उनकी भारत यात्रा को याद करता हूं। उन्होंने 2019 में वाइब्रेंट गुजरात समिट में भी सम्मानित अतिथि के रूप में भाग लिया था। इसके अलावा, मैं शिखर सम्मेलन में भाग लेने वाले कुछ अन्य नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठकें करूंगा। बता दें कि, रूसी राष्ट्रपति पुतिन, पीएम मोदी, शी जिनपिंग और पाकिस्तान के पीएम शहबाज शरीफ के साथ द्विपक्षीय बैठकों पर पूरी दुनिया की नजरें टिकीं रहेंगी।












Click it and Unblock the Notifications