'मोदी-ट्रंप मीटिंग में भारत नहीं चाहता था सवाल-जवाब', US राजदूत के दावों पर विदेश मंत्रालय ने क्या कहा?
Sergio Gor Statement PM Modi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की मुलाकात के दौरान मीडिया के सवाल-जवाब को लेकर अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर के बयान ने नया विवाद खड़ा कर दिया है। गोर ने दावा किया था कि फ्रांस में G7 समिट के दौरान भारतीय पक्ष ने पूरी प्रेस कॉन्फ्रेंस नहीं करने की इच्छा जताई थी।
अब भारत सरकार के सूत्रों ने इन दावों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि VVIP दौरे से पहले नेताओं के सार्वजनिक कार्यक्रमों को लेकर दोनों देशों के बीच चर्चा होना सामान्य प्रक्रिया है। सूत्रों के मुताबिक, भारत ने केवल अपनी सामान्य और मानक प्रक्रिया के बारे में जानकारी साझा की थी।

सर्जियो गोर ने क्या दावा किया था?
अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने रविवार को इकोनॉमिक टाइम्स वर्ल्ड लीडर्स फोरम में G7 समिट का जिक्र करते हुए दावा किया कि पीएम मोदी और डोनाल्ड ट्रंप की मुलाकात से पहले भारत की ओर से मीडिया को बुलाने, लेकिन पूरी प्रेस कॉन्फ्रेंस नहीं करने की बात कही गई थी। गोर के मुताबिक, ट्रंप ने उनसे पूछा था कि भारतीय पक्ष की कोई मांग है या नहीं। इस पर उन्होंने बताया कि विदेश मंत्रालय मीडिया को बुलाना चाहता है, लेकिन पूरी प्रेस कॉन्फ्रेंस नहीं।
भारत सरकार के सूत्रों ने क्या कहा?
अमेरिकी राजदूत के बयान के बाद भारत सरकार के सूत्रों ने कहा कि किसी भी VVIP दौरे से पहले दोनों देशों के बीच नेताओं के सार्वजनिक कार्यक्रमों की व्यवस्था को लेकर बातचीत होती है। यह एक सामान्य और नियमित प्रक्रिया है। सूत्रों के मुताबिक, इस मामले में भी भारतीय पक्ष ने VVIP दौरों के लिए अपनी सामान्य और मानक प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी थी। इसे किसी खास नेता या मुलाकात से जोड़कर नहीं देखा जाना चाहिए। सरकार के सूत्रों ने इसी प्रक्रिया को लेकर सफाई दी है।
ये भी पढे़ं: Dinner Diplomacy: Iran US War के बीच ट्रंप का सर्जियो गौर संग डिनर, क्या ये सिर्फ संयोग है?
कांग्रेस ने पीएम मोदी पर साधा निशाना
अमेरिकी राजदूत के बयान के बाद कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमला बोला है। कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने एक्स पर पोस्ट कर पीएम मोदी को 'कमजोर स्थिति वाले पीएम' बताते हुए निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि ट्रंप ने मोदी की बात को गंभीरता से नहीं लिया। खेड़ा ने कहा कि कभी भारत को मजबूत ताकत के तौर पर देखा जाता था, लेकिन आज देश को हल्के में लिया जा रहा है। कांग्रेस ने इस मुद्दे को लेकर सरकार की विदेश नीति पर भी सवाल उठाए हैं।
ये भी पढ़ें: Donald Trump India visit: भारत दौरे पर आएंगे अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, राजदूत ने की पुष्टि
पहले भी सवालों से बचने का आरोप लगा
मीडिया के सवालों और प्रधानमंत्री के सार्वजनिक संवाद को लेकर कांग्रेस पहले भी सरकार पर सवाल उठाती रही है। इसी साल मई में लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने नॉर्वे में एक ब्रीफिंग के दौरान प्रधानमंत्री मोदी पर सवालों से बचने का आरोप लगाया था। अब अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर के बयान के बाद कांग्रेस को सरकार पर हमला करने का एक और मौका मिल गया है। हालांकि, भारत सरकार के सूत्रों ने इसे सामान्य VVIP प्रोटोकॉल और कार्यक्रमों की व्यवस्था से जुड़ी प्रक्रिया बताया है।


Click it and Unblock the Notifications
