चीन के दुश्मन को भारत बेचेगा 7 खतरनाक हेलीकॉप्टर, राष्ट्रपति ने ट्वीट कर ड्रैगन को चिढ़ाया, लगेगी मिर्ची
India Philippines ALH MKIII Choppers: दक्षिण चीन सागर में चीन के पड़ोसी और दुश्मन, फिलीपींस को भारत ने सात हेलीकॉप्टर देने की पेशकश की है और खुद फिलीपींस के राष्ट्र्पति ने ट्वीटर पर इसका ऐलान कर ड्रैगन को मिर्ची लगा दी है। पिछले कुछ महीनों से लगातार दक्षिण चीन सागर में फिलीपींस के साथ झगड़ रहे चीन को, भारत के इस फैसले से जबरदस्त मिर्ची लगने वाली है।
रिपोर्ट के मुताबिक, इस साल अगस्त में फिलीपींस तटरक्षक (पीसीजी) के प्रमुख ने भारत का दौरा किया था और इस दौरान उन्होंने भारत के एडवांस्ड लाइट हेलीकॉप्टर (एएलएच) एमकेIII के प्रदर्शन को देखा था और उसकी फ्लाइट कैपिसिटी से वो काफी प्रभावित हुए थे और अब आधिकारिक हो गया है, कि भारत इस हेलीकॉप्टर को फिलीपींस को सौंपने वाला है।

रविवार को फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड आर मार्कोस जूनियर ने कहा, कि भारत ने पीसीजी को सात हेलीकॉप्टर उपलब्ध कराने की पेशकश की है। फिलीपींस के राष्ट्रपति का ये ट्वीट, चीन के लिए एक संदेश माना जा रहा है, क्योंकि पिछले महीने ही फिलीपींस और चीन के बीच दक्षिण चीन सागर में झड़प हुई थी।
फिलीपींस को भारत सौंपेगा हेलीकॉप्टर
5 नवंबर को फिलीपींस राष्ट्रपति भवन के कम्युनिकेशन ऑफिस की तरफ से जारी एक प्रेस रिलीज में कहा गया, कि राष्ट्रपति मार्को परिवहन विभाग (डीओटीआर) और पीसीजी के साथ भारत के इस प्रस्ताव पर चर्चा करेंगे। यह बयान फिलीपींस के राष्ट्रपति और द्वीपसमूह देश में भारतीय राजदूत शंभू कुमारन के बीच होने वाली एक बैठक से ठीक पहले दिया गया था।
यदि यह सौदा हो जाता है, तो फिलीपींस भारत में बने ALH MKIII को खरीदने वाला पहला देश बन जाएगा। आपको बता दें, कि इससे पहले, फिलीपींस, रूस के साथ संयुक्त उद्यम के तहत भारत में निर्मित ब्रह्मोस सुपरसोनिक क्रूज मिसाइलों की भी खरीददारी कर चुका है।
फिलीपींस की प्रेस रिलीज में कहा गया है, कि ये हेलिकॉप्टर देश के तटरक्षक बल की "खोज-और-बचाव" क्षमता के निर्माण में मदद करेगा और इसकी समुद्री सुरक्षा क्षमताओं को भी बढ़ाएगा।
ALH Mk III स्वदेशी ध्रुव हेलीकॉप्टर का एक टाइप है। एमके III वेरिएंट को भारतीय नौसेना और तटरक्षक बल में शामिल किया गया है। यह 5.5-टन श्रेणी का एक मल्टी-रोल, मल्टी-मिशन और बहुमुखी हेलीकॉप्टर है।
फिलीपींस के राष्ट्रपति मार्कोस ने कहा, कि "हम अपनी क्षमता बढ़ाने की कोशिश कर रहे हैं। हमारे तट रक्षक के संदर्भ में हमारी क्षमताएं, हमारे संदर्भ में, खोज और बचाव हमेशा प्राथमिक विचार है।"
उन्होंने आगे कहा, कि "जैसा कि आपने समाचार सुना है, वास्तव में एक लगातार समस्या (चीन) है, जिससे हमें निपटना होगा और हमें अपनी क्षमताओं को बढ़ाना होगा।"
भारत-फिलीपींस में चल रही बातचीत
भारतीय विमान निर्माता हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (एचएएल) ने अगस्त 2023 में फिलिपिनो तटरक्षक प्रमुख एडमिरल आर्टेमियो एम अबू के लिए गोवा में एएलएच एमके III पर एक ग्राहक प्रदर्शन उड़ान का आयोजन किया था।
फिलीपींस में भारत के राजदूत कुमारन ने पुष्टि की है, कि फिलीपींस की समुद्री खोज और बचाव ऑपरेशन और मानवीय सेवाओं के लिए सात हेलीकॉप्टरों की आपूर्ति के लिए भारत सरकार, पीसीजी और डीओटीआर के बीच बातचीत चल रही है।
कुमारन ने राष्ट्रपति मार्कोस से कहा, कि "चर्चा बहुत अच्छी चल रही है। फिलीपींस तट रक्षक बहुत रुचि रखते हैं। उन्होंने हेलीकॉप्टर उड़ाया है... मैं आपसे इसपर विचार करने का अनुरोध करूंगा, क्योंकि यह एक बहुत ही सकारात्मक (कार्यक्रम) होगा।"
ALH MKIII वर्तमान में भारतीय नौसेना और तटरक्षक बल के साथ तैनात है। कुमारन ने बैठक के दौरान इस पर जोर और सुझाव दिया, कि हेलीकॉप्टरों का उपयोग काफी सक्रिय सुरक्षा अभियानों के लिए किया जा सकता है, जो लोगों के साथ साथ सामान भी ले जा सकते हैं।
कुमारन ने कहा, "इसलिए, फिलीपींस तटरक्षक बल की सुरक्षा में अधिक सक्रिय भूमिका निभाने के लिए बदलती आवश्यकताओं को देखते हुए, ये (सात हेलीकॉप्टर) एक समाधान हैं।"

कितना खतरनाक है ALH MKIII हेलीकॉप्टर?
एएलएच एमके III हेलीकॉप्टर सबसे आधुनिक सर्विलांस रडार से सुसज्जित है, जो 120 समुद्री मील की दूरी तक जहाजों और नौकाओं का पता लगा सकता है और उनकी पहचान कर सकता है, ताकि तटरक्षक बल भारतीय तटीय क्षेत्रों में निगरानी रख सके।
इसका इलेक्ट्रो-ऑप्टिकल सेंसर इसे 30 समुद्री मील तक की दूरी पर भी सबसे छोटे जहाजों की निगरानी करने की ताकत देता है। ये हेलीकॉप्टर समुद्री टोही के अलावा लंबी दूरी तक खोज और बचाव अभियान भी कर सकते हैं। एएलएच एमके III में कांस्टेबुलरी मिशनों को अंजाम देने के लिए एक भारी मशीन गन भी लगाई गई है।
भारत और फिलीपींस के तट रक्षकों ने भी अगस्त 2023 में अपने पहले समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए, जिससे समुद्री क्षेत्र में अधिक जानकारी साझा करने का मार्ग प्रशस्त हुआ, और फिलीपींस ने भारत द्वारा पेश किए जाने वाले सैन्य हार्डवेयर में गहरी रुचि दिखाई है, जिसमें ALH Mk III और स्वदेश निर्मित युद्धपोत शामिल हैं।
एक्सपर्ट्स का कहना है, कि भारत ने इस हेलीकॉप्टर को खास तौर पर चीन के खिलाफ ही डिजाइन किया हुआ है, लिहाजा ये फिलीपींस की जरूरतों पर पूरी तरह से खरा उतरता है। भारत जो भी हथियार खरीदता है या बनाता है, वो चीन में ध्यान में रखता है, लिहाजा फिलीपींस भारतीय डिफेंस को काफी करीब से फॉलो करता है और भारत के साथ डिफेंस डील को तेजी से आगे बढ़ा रहा है। इसीलिए, फिलीपींस ने भारत से ब्रह्मोस मिसाइल भी खरीदा हुआ है।












Click it and Unblock the Notifications