अचानक 15 रुपये लीटर मिलने लगा पेट्रोल, लेने के लिए लगी लाइन, बाद में हुआ पंप को गलती का एहसास
नई दिल्ली: दुनिया के सभी देशों में पेट्रोल-डीजल के दाम काफी तेजी से बढ़े हैं। कुछ महीनों पहले शुरू हुए रूस-यूक्रेन युद्ध की वजह से तेल मार्केट में और ज्यादा उथल-पुथल हुई, लेकिन हाल ही में महंगाई से परेशान लोगों के साथ कुछ ऐसा हुआ कि सरकार के होश उड़ गए। अचानक से एक जगह पर पेट्रोल के दाम इतने ज्यादा कम हो गए कि किसी को विश्वास ही नहीं हो रहा था। (तस्वीरें-सांकेतिक)

15 रुपये/लीटर बिका
दरअसल एक पेट्रोल पंप पर लोग सुबह-सुबह पेट्रोल डलवाने पहुंचे। जैसे ही उनकी नजर रेट लिस्ट पर गई उनके होश उड़ गए। एक दिन पहले जो पेट्रोल 135 रुपये प्रति लीटर बिक रहा था, उसका दाम 15 रुपये प्रति लीटर हो गया था। कुछ ही देर में ये खबर आग की तरह इलाके में फैली और वहां पर लोगों की लाइन लग गई। महंगाई से परेशान लोग इस घटना से खुश थे, लेकिन जब पेट्रोल पंप के संचालकों को इसका पता चला तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई।

मैनेजर से हुई गलती
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक ये घटना अमेरिका के नॉर्थ कैलिफोर्निया की है। वहां के रैंचो कोर्डोवा के शेल गैस स्टेशन पर पेट्रोल 69 सेंट प्रति गैलेन मिलने लगा। एक लीटर में करीब 3.7 लीटर होता है। भारत के हिसाब से देखें तो जो पेट्रोल वहां पर 135 रुपये प्रति लीटर मिल रहा था, वो 15 रुपये प्रति लीटर बिकने लगा। ये गलती वहां के मैनेजर से हुई और काफी देर तक किसी को इसका एहसास भी नहीं हुआ।

इतने का हुआ नुकसान
इतने सस्ते पेट्रोल की खबर मिलते ही वहां पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सभी लोग अपने टैंक फुल करवाना चाहते थे। कुछ देर में पेट्रोल पंप संचालकों को सारा मामला समझ आ गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। रिपोर्ट के मुताबिक इस गलती की वजह से पेट्रोल पंप को करीब 12.5 लाख का नुकसान हुआ। जिसके बाद मैनेजर को नौकरी से निकाल दिया गया।

200 लोगों को हुआ फायदा
मैनेजर जॉन स्जेसीना के मुताबिक उनकी जिम्मेदारी गैस स्टेशन पर प्राइज लिस्ट लगाने और उसे चेक करने की थी। उनसे एक दशमलव की गलती हो गई, जिस वजह से पेट्रोल इतना सस्ता मिलने लगा। बाद में उन्होंने सारी जिम्मेदारी खुद ली और वो नौकरी से निकाल दिए गए। रिपोर्ट के मुताबिक करीब 200 लोगों को इस गलती से फायदा हुआ था।

अब भरपाई की टेंशन
मैनेजर के मुताबिक उनकी नौकरी तो चली गई, लेकिन उनको एक बड़ी चिंता सता रही है। उनकी गलती से 12 लाख का नुकसान हुआ है, ऐसे में मालिक उनको इसकी भरपाई के लिए नोटिस दे सकता है। उनके परिवार ने एक फंड क्रिएट किया, जिसमें लोगों से मदद मांगी जा रही। इससे जो पैसा मिलेगा, वो पंप के मालिक को लौटा देंगे।












Click it and Unblock the Notifications