पुतिन की प्रेमिका ने नाम बदलकर करोड़ों रुपये में खरीदा था आलीशान फ्लैट, Pandora Papers ने खोले राज
इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, पैंडोरा पेपर्स लीक में बड़ी बड़ी हस्तियों के नाम हैं। 117 देशों के 600 से ज्यादा पत्रकारों ने कई महीनों की मेहनत के बाद विश्व में सनसनी फैला देने वाला खुलासा किया है।
मॉस्को, अक्टूबर 04: पैंडोरा पेपर्स लीक ने दुनिया के 300 बड़े नेताओं की नींद उड़ाकर रख दी है। भारत और पाकिस्तान के भी कई हस्तियों के नाम पैंडोरा पेपर लीक में जुड़ गये हैं, जिनमें सचिन तेंदुलकर भी शामिल हैं। पैंडोरा पेपर लीक में खुलासा किया गया है कि किस तरह से दुनिया के अमीरों ने फर्जी कंपनियों के जरिए विदेशों में पैसा छिपाया और टैक्स की चोरी की। कई चौंकाने वाले नामों में एक नाम रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की 'गर्लफ्रेंड' का भी है।

पुतिन की गर्लफ्रेंड का नाम
पैंडोरा पेपर्स लीक में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के एक करीबी और कथित तौर पर उनकी गर्लफ्रेंड का नाम सामने आया है। सीक्रेट दस्तावेजों में पुतिन की कथित गर्लफ्रेंड के नाम का जिक्र किया गया है और कहा गया है कि उनकी गर्लफ्रेंड ने विदेश में एक 'मुखौटा कंपनी' बनाकर अरबों रुपये का हेरफेर किया है। रिपोर्ट के मुताबिक, विदेश में एक सेल कंपनी का स्वामित्व पुतिन की कथित गर्लफ्रेंड के पास है और दावा किया गया है कि उनकी गर्लफ्रेंड ने 41 लाख डॉलर में अपने लिए एक आलीशान फ्लैट खरीदा था। रिपोर्ट के मुताबिक, पुतिन की कथित गर्लफ्रेंड के लिए ये लग्जरी फ्लैट ब्रोकविले डेवलपमेंट लिमिटेड के द्वारा खरीदा गया था।

अरबों रुपये का हेरफेर
द गार्जियन की रिपोर्ट के अनुसार, चौथी मंजिल पर स्थिति लग्जरी फ्लैट ब्रॉकविले डेवलपमेंट लिमिटेड द्वारा खरीदा गया था, और फ्लैट की मालकिन 'स्वेतलाना क्रिवोनोगिख' को बताया गया है। ऐसा बताया जाता है कि, स्वेतलाना क्रिवोनोगिख रूस के राष्ट्रपति और दुनिया के शक्तिशाली नेताओं में से एक व्लादिमीर पुतिन की गर्लफ्रेंड हैं। रिपोर्ट में दावा किया गया है कि, जब स्वेतलाना क्रिवोनोगिख के लिए फ्लैट खरीदा गया था, उस वक्त उनकी उम्र सिर्फ 28 साल थी।

100 मिलियन से ज्यादा की संपत्ति
'गार्जियन' की रिपोर्ट के मुताबिक, पुतिन के साथ दोस्ती करने के बाद स्वेतलाना क्रिवोनोगिख की संपत्ति में अभूतपूर्व इजाफा होना शुरू हो गया और उन्होंने लग्जरी पोर्टफोलियो भी हासिल कर लिया। उन्होंने सेंट पीटर्सबर्ग के एक काफी ज्यादा महंगे क्षेत्र में एक फ्लैट, मॉस्को में अन्य संपत्तियां और एक क्रूज भी खरादा। इनका बाजार मूल्य करीब 100 मिलियन डॉलर है। हालांकि, क्रेमलिन ने इन तमाम आरोपों पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया है। रूसी ऑउटलेट Proekt ने खुलासा किया है कि, कभी साफ-सफाई करने वाली इस महिला और रूस के राष्ट्रपति पुतिन का एक बच्चा भी है। रिपोर्ट में कहा गया है कि पुतिन की गर्लफ्रेंड से जुड़े वित्तीय लेनदेन के काम सितंबर 2003 में मोनाको में हुआ था।

पुतिन से मुलाकात और बदली जिंदगी
रूसी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, महिला क्रिवोनोगिख का बैकग्राउंड एक वक्त काफी ज्यादा मामूली था और वो एक कम्यूनल अपार्टमेंट में अपने परिवार के पांच सदस्यों के साथ रहती थी, जो काफी छोटा था। क्रिवोनोगिख ने पढ़ाई के दौरान एक डिपार्टमेंटल स्टोर में साफ-सफाई का काम भी किया था और ऐसा कहा जाता है कि पुतिन के साथ एक अचानक मुलाकात के बाद उसकी पूरी जिंदगी पूरी तरह से बदल गई। रूसी ऑउटलेट की रिपोर्ट के मुताबिक, जब व्लादिमीर पुतिन सेंट पीटर्सबर्ग के डिप्टी मेयर हुआ करते थे, तभी क्रिवोनोगिख उनकी प्रेमिका बन गई थी। पुतिन धीरे-धीरे राजनीतिक सत्ता में शिखर की तरफ बढ़ने लगे। 1998 में वो एफएसबी जासूसी एजेंसी के प्रमुख बने और फिर बाद में वो रूस के प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति बने।

2003 में पिता बने पुतिन !
रूसी ऑउटलेट के मुताबिक, मार्च 2003 में महिला क्रिवोनोगिख ने एक बेटी एलिसैवेटा या लुइज़ा को जन्म दिया। ऑउटलेट ने दावा किया था कि, उस बच्ची के पिता व्लादिमीर पुतिन हैं। हालांकि, क्रेमलिन ने इन तमाम आरोपों पर कोई टिप्पणी नहीं की है। पुतिन अपने निजी जीवन पर चर्चा नहीं करते हैं। उन्होंने और उनकी पत्नी, ल्यूडमिला, जिनकी दो बेटियां हैं, माशा और कतेरीना, उन दोनों का 2013 में तलाक हो गया था। वहीं, उनकी कथित बेटी लुइजा इंस्टाग्राम पर काफी ज्यादा प्रसिद्ध हैं, लेकिन जब 'गार्जियन' ने उनसे इन मुद्दों पर राय जानने की कोशिश की, तो उन्होंने कुछ भी बोलने से इनकार कर दिया।












Click it and Unblock the Notifications