दुनिया में रहने के लिए सबसे खराब शहर बना कराची, सीरिया और लीबिया की कतार में खड़ा हुआ पाकिस्तान
Karachi Least Livable Cities: पाकिस्तान की आर्थिक राजधानी कहे जाने वाली कराची शहर दुनिया में सबसे खराब रहने वाले शहरों की लिस्ट में शुमार हो गई है। डॉन की रिपोर्ट के मुताबिक, इकोनॉमिस्ट इंटेलिजेंस यूनिट (ईआईयू) ने पाकिस्तान के कराची को दुनिया के शीर्ष पांच 'सबसे कम रहने योग्य' शहरी केंद्रों में स्थान दिया है।
ईआईयू के ग्लोबल लिवेबिलिटी इंडेक्स 2023 में, कराची कुल 173 शहरों में से 169वें स्थान पर है। सिर्फ लागोस, अल्जीयर्स, त्रिपोली और दमिश्क कराची से नीचे स्थान पर हैं। यानि, पाकिस्तान धीरे धीरे सीरिया और लीबिया जैसे देशों की लिस्ट में शामिल हो रहा है।

कराची बना सबसे खराब शहर
इकोनॉमिस्ट इंटेलिजेंस यूनिट इकोनॉमिस्ट ग्रुप का अनुसंधान और विश्लेषण प्रभाग है, जो अनुसंधान और विश्लेषण के माध्यम से पूर्वानुमान और सलाहकार सेवाएं प्रदान करता है।
डॉन के मुताबिक, ये सूचकांक दुनिया भर के शहरों में कोविड के बाद की रिकवरी पर ध्यान केंद्रित करता है, जिसमें स्थिरता, स्वास्थ्य देखभाल, संस्कृति और पर्यावरण, शिक्षा और बुनियादी ढांचे सहित पांच श्रेणियों के आधार पर रहने की स्थिति का मूल्यांकन करता है।
इसकी गणना 1-100 की सीमा के भीतर रहने योग्य कारक का मूल्यांकन करने के आधार पर स्कोर का निर्धारण करता है। जहां 1 को असहनीय माना जाता है और 100 को आदर्श माना जाता है।
कराची शहर का कुल स्कोर 42.5 है, जो आदर्श स्थिति से काफी कम है। कराची शहर ने साल 2022 में स्थिरता सूचकांक में 20 प्वाइंट हासिल किए थे, जिसका अर्थ है कि पिछले वर्ष में स्थिति में ज्यादा बदलाव नहीं हुआ है। कराची को स्वास्थ्य सेवा पर 50, संस्कृति और पर्यावरण पर 38.7, शिक्षा पर 75 और बुनियादी ढांचे पर 51.8 अंक दिए गये हैं।
ईआईयू के सूचकांक पर कराची का इतिहास भी बहुत अच्छा नहीं है। 2019 में, कराची को सूचकांक में 140 शहरों में से 136 वें स्थान पर रखा गया था, जबकि 2020 में कोई रिपोर्ट प्रकाशित नहीं की गई थी। 2022 में, यह 140 शहरों में से 134 वें स्थान पर था।
कौन से शहर हैं सबसे अच्छे
इस सूचकांक में शीर्ष रैंक वाले अधिकांश शहर पश्चिमी यूरोप और कनाडा से हैं। डॉन के अनुसार, ऑस्ट्रिया की राजधानी वियना लगातार दूसरे वर्ष इस सूची में शीर्ष पर है और पांच संकेतकों में से चार पर इसका पूर्ण स्कोर 100 है।
डेनमार्क की राजधानी कोपेनहेगन को इस लिस्ट में दूसरा स्थान दिया गया है, जबकि ऑस्ट्रेलियन शहर मेलबर्न को तीसरे स्थान पर रखा गया है। वहीं, इस लिस्ट में टॉप-50 में वो शहर आए हैं, जो देश काफी अमीर हैं और जिन शहरों में काफी कम लोग रहते हैं।












Click it and Unblock the Notifications