ट्रंप की फटकार से झल्लाए पाकिस्तान ने रोका अमेरिकी उप विदेश मंत्री का दौरा
पाकिस्तान और अमेरिका के बीच चल रहा टकराव बढ़ता ही जा रहा है। ताजा मामला है यूएस की उप-विदेश मंत्री ऐलिस वेल्स की पाकिस्तान यात्रा का रद्द होना। दरअसल, तय कार्यक्रम के अनुसार ऐलिस वेल्स को मंगलवार को पाकिस्तान की यात्रा पर आना था। लेकिन पाकिस्तान ने दौरे को टाल दिया। कुछ समय पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पाकिस्तान को कड़ा संदेश देते हुए कहा था, 'पाकिस्तान आतंकवादियों के लिए जन्नत बना हुआ है। आतंकियों को पनाह देने का अंजाम पाकिस्तान को भुगतना होगा।'

ट्रंप के इस बयान से पाकिस्तान नाराज हो गया है। ट्रंप के बयान के विरोध में कदम उठाते हुए पाकिस्तान ने अमेरिका के साथ द्विपक्षीय वार्ता और यात्रा पर रोक लगा दी है। पाकिस्तान के विदेश मंत्री ख्वाजा मोहम्मद आसिफ ने अमेरिकी सीनेटर्स के साथ मुलाकात में ट्रंप के बयान पर विरोध जताया। अब पाकिस्तान के विदेश मंत्री की अमेरिकी यात्रा पर भी रद्द हो गई है।
पाकिस्तान के अखबार द डॉन में छिपी खबर के मुताबिक पाक विदेश मंत्री ने अमेरिकी सीनेटर्स से कहा कि पाकिस्तान ने ट्रंप के बयान को गंभीरता से लिया है। अमेरिकी सीनेटर्स के साथ मुलाकात में पाक विदेश मंत्री ने अफगानिस्तान में भारत की भूमिका पर सवाल उठाते हुए भारत पर भी निशाना साधा। ख्वाजा मोहम्मद ने कहा कि भारत को अफगानिस्तान की भूमि का इस्तेमाल करके पाकिस्तान को अस्थिर नहीं करने दिया जाएगा। साथ ही ट्रंप द्वारा भारत की सेना का अफगानिस्तान में होने पर कुछ न बोलने पर सवाल उठाए हैं।
अमेरिकी सीनेटर्स के साथ मुलाकात में कुलभूषण यादव का मुद्दा भी उठा। यह मुलाकात काफी लंबी चली। बातचीत में पाकिस्तानी विदेश मंत्री ने भारत पर कई आतंकी घटनाओं को अंजाम देने का का आरोप लगाया।












Click it and Unblock the Notifications