लैपटॉप नहीं था, तो नहीं हुई पीएम शहबाज के कार्यक्रम की Live कवरेज... पाकिस्तान के सरकारी चैनल का अजब हाल
इससे पहले इमरान खान की चीन यात्रा के दौरान भी पीटीवी ने इसी तरह की गड़बड़ी की थी, जिससे गुस्साए इमरान खान ने उस वक्त के पीटीवी के मैनेजिंग डायरेक्टर अरशद खान को तत्काल पीटीवी से हटाने का आदेश दे दिया था।
इस्लामाबाद, मई 02: दुनिया के नक्शे पर पाकिस्तान का निर्माण इसलिए किया गया, ताकि वो अपनी हरकतों से दुनिया को हैरान करता रहे। पाकिस्तान के नेता, पाकिस्तान की अवाम और पाकिस्तान के टीवी चैनल्स... लगातार दुनिया को हैरानी वाली खबरें देते रहते हैं और क्या आप यकीन कर पाएंगे, पाकिस्तान का सरकारी टीवी चैनल अपने प्रधानमंत्री को लाइव सिर्फ इसलिए नहीं दिखा पाया, क्योंकि चैनल के पास लैपटॉप नहीं था।

पाकिस्तान की गजब कहानी
पाकिस्तान के सरकारी टेलीविजन पीटीवी पिछले महीने प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ की लाहौर यात्रा की " लैपटॉप की अनुपलब्धता" के कारण ऑन-द-स्पॉट कवरेज नहीं कर पया। जिसके बाद पाकिस्तान के सरकारी टीवी चैनल पीटीवी ने प्रधानमँत्री के कार्यक्रम की उचित कवरेज नहीं कर पाने के लिए अपने कर्मचारियों को सस्पेंड कर दिया है, हालांकि, चैनल ने पहले अपने अधिकारियों को भी सस्पेंड किया था, लेकिन उन्हें फिर से बहाल कर दिया गया है।

24 अप्रैल का है मामला
ये मामला पिछले महीने 24 अप्रैल का है, जब पाकिस्तान के नये प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ 24 अप्रैल को लाहौर में कोट लखपत जेल और रमज़ान बाज़ारों का दौरा करने आये थे और पाकिस्तान का सरकारी टीवी चैनल, पीटीवी, प्रधानमंत्री शरीफ के कार्यक्रम को ठीक से कवर नहीं कर पाया। 'डॉन' की रिपोर्ट के मुताबिक, सूत्रों के मुताबिक, पीटीवी रविवार को भी पंजाब के नये मुख्यमंत्री हमजा शहबाज की पहली दक्षिणी पंजाब यात्रा का सीधा प्रसारण करने में विफल रहा।

प्राइवेट चैनल्स पर हुआ निर्भर
24 अप्रैल को पाकिस्तान के सरकारी चैनल पीटीवी का ये हाल रहा, कि उसे किसी कार्यक्रम के लाइव कवरेज के लिए निजी टेलीविजन चैनलों पर निर्भर रहना पड़ा। कार्यक्रम को कवर करने वाले निजी चैनलों के logo पीटीवी के स्क्रीन पर दिखाई दे रहे थे। जिसको लेकर पीटीवी के प्रवक्ता सोहेल बोखारी ने बताया कि, निलंबित अधिकारियों को 1 मई से बहाल कर दिया गया है। प्रवक्ता ने बताया कि, 'संबंधित कर्मचारियों को सूचित किया गया है कि वे ईद की छुट्टियों के बाद पहले कार्य दिवस पर अपनी ड्यूटी फिर से शुरू कर सकते हैं।' जिन लोगों को निलंबित किया गया था, उनमें लाहौर पीटीवी के महाप्रबंधक, वीवीआईपी कवरेज के समन्वयक और वरिष्ठ समाचार संपादक शामिल हैं। पीटीवी द्वारा जारी एक बयान के अनुसार, राज्य द्वारा संचालित संगठन "अपने घोषित एसओपी के अनुरूप अपनी लगातार कवरेज सुनिश्चित करता है, लेकिन प्रधानमंत्री की लाहौर यात्रा के दौरान इनका पालन नहीं किया गया था"।

पाकिस्तान में सब गोलमाल है!
मीडिया आउटलेट के अनुसार, "टीम की ओर से घोर लापरवाही बरती गई, जिसके बाद मैनेजमेंट ने पूरे कवरेज के लिए जिम्मेदार कर्मचारियों को सस्पेंड कर दिया है और मामले की विस्तृत जांच की गई है'। इसमें कहा गया है, "ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति को रोकने के लिए राज्य मीडिया में मानक संचालन प्रक्रिया के तहत निलंबन किए गए थे। लेकिन प्रबंधन ने इस लापरवाही के प्रति सहनशील रवैया अपनाते हुए इन कर्मचारियों की सेवाएं बहाल कर दी हैं।" आपको बता दें कि, इससे पहले इमरान खान की चीन यात्रा के दौरान भी पीटीवी ने इसी तरह की गड़बड़ी की थी, जिससे गुस्साए इमरान खान ने उस वक्त के पीटीवी के मैनेजिंग डायरेक्टर अरशद खान को तत्काल पीटीवी से हटाने का आदेश दे दिया था। उस वक्त पीटीवी न्यूज चैनल ने चीन में इमरान खान के भाषण के लाइव प्रसारण के दौरान लोकेशन बैंड में पर "बीजिंग" को "बीगिंग" लिख दिया था, जो एक टाइपो मिस्टेक था और ये करीब 20 सेकंड तक ऑन-स्क्रीन दिखाई देता रहा।












Click it and Unblock the Notifications