पाकिस्तान के बलूचिस्तान में भीषण सड़क हादसा, पहाड़ी से खाई मे गिरी बस, 22 की मौत
किल्ला सैफुल्ला जिले के उपायुक्त हाफिज मुहम्मद कासिम ने कहा कि, ‘वाहन अख्तरजई के पास एक पहाड़ी की चोटी से बेकाबू होकर गिर गया और दुर्घटना में सवार 22 यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई।"
बलूचिस्तान, जून 08: पाकिस्तान के बलूचिस्तान में किल्ला सैफुल्ला के पास एक यात्री वैन के पहाड़ी से 100 फीट नीचे खाई में गिरने से कम से कम 22 लोगों की मौत हो गई और एक बच्चा घायल हो गया। डॉन की रिपोर्ट के अनुसार, यह घटना बुधवार सुबह उस समय हुई जब लगभग 23 लोगों को लेकर वैन लोरालाई से झोब के लिए रवाना हुई थी और बीच रास्ते में वैन बेकाबू होकर खाई में गिर गई।

बलूचिस्तान में भीषण हादसा
किल्ला सैफुल्ला जिले के उपायुक्त हाफिज मुहम्मद कासिम ने कहा कि, 'वाहन अख्तरजई के पास एक पहाड़ी की चोटी से बेकाबू होकर गिर गया और दुर्घटना में सवार 22 यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई।" रेस्क्यू टीम के अधिकारियों ने बताया कि हादसे में एक नाबालिग लड़का घायल हो गया और उसे इलाज के लिए क्वेटा रेफर कर दिया गया। हाफिज मुहम्मद कासिम के मुताबिक, सभी मृत यात्रियों के शवों को किल्ला सैफुल्ला जिला मुख्यालय अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया है। डॉन की रिपोर्ट के मुताबिक मृतकों में पांच बच्चे, पांच महिलाएं और 11 पुरुष शामिल हैं। हाफिज मुहम्मद कासिम के मुताबिक, इलाके में स्थित अस्पतालों में आपातकाल लगा दिया गया था और और क्वेटा से टीमों को बचाव अभियान के लिए बुलाया गया। उन्होंने कहा कि, दोपहर करीब 1 बजे राहत और बचाव अभियान खत्म हो गया।
हादसे के बाद शोक की लहर
वहीं, भीषण हादसे की सूचना मिलते ही शोक की लहर दौड़ गई। पाकिस्तान के विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो जरदारी ने घटना पर दुख जताया है। उन्होंने पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी मीडिया सेल ने एक ट्वीट में कहा कि, पार्टी अध्यक्ष बिलावल भुट्टो ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। बिलावल ने अधिकारियों से घायल व्यक्तियों के लिए पर्याप्त चिकित्सा उपचार सुनिश्चित करने का आग्रह किया और भविष्य में ऐसी दुर्घटनाओं से बचने के लिए आवश्यक कदम उठाने के लिए कहा है।












Click it and Unblock the Notifications