पाकिस्तान में आज कयामत का दिन! शाम 5 बजे के लिए बड़ा ऐलान, सेना ने इमरान खान को दी चेतावनी
इमरान खान ने अपने ऊपर हुए हमले के लिए सीधे तौर पर पाकिस्तानी सेना के वरिष्ठ अधिकारियों को जिम्मेदार ठहराया है, जिसके बाद सेना भड़क गई है।
Pakistan News: इमरान खान पर हुए जानलेवा हमले के तीसरे दिन भी पाकिस्तान में अराजकता की स्थिति बनी हुई है और इमरान खान की तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) पार्टी ने आज शाम पांच बजे से पूरे देश में प्रदर्शन करने का ऐलान किया है। वहीं, आशंका जताई जा रही है, कि शाम पांच बजे से होने वाले प्रदर्शन में भारी हिंसा हो सकती है और इमरान खान की पार्टी के कार्यकर्ता भारी उत्पात मचा सकते हैं, लिहाजा शहबाज शरीफ सरकार के हाथ-पांव फूले हुए हैं। वहीं, बीते दिनों इमरान खान को लोगों का भारी समर्थन मिला है और हमले के बाद उनके साथ लोगों की सहानुभूति भी जुड़ गई है, लिहाजा शहबाज शरीफ कोई ऐसा कदम नहीं उठाना चाहते हैं, जिससे इमरान खान को राजनीतिक फायदा हो, ऐसे में स्थिति काफी बिगड़ने की आशंका जताई गई है।

शाम पांच बजे से प्रदर्शन का ऐलान
पीटीआई महासचिव असद उमर ने शुक्रवार को घोषणा की है, कि पीटीआई कल शाम पांच बजे (आज शाम पांच बजे से) देशव्यापी विरोध प्रदर्शन करेगी। पार्टी के वरिष्ठ नेता ने कहा कि, वह भी लाहौर के लिबर्टी चौक पर प्रदर्शनकारियों में शामिल होंगे। कल भी पाकिस्तान के कई इलाकों में हिंसक प्रदर्शन देखने को मिला है, जिसमें देश के कई हिस्सों में पीटीआई समर्थकों ने आगजनी की और सेना के खिलाफ नारे लगाए। वहीं, इमरान खान के हमले का आज तीसरा दिन है, लेकिन अभी तक एफआईआर दर्ज नहीं करवाई गई है।

एफआईआर पर भी राजनीति
पाकिस्तान सरकार का कहना है, कि इमरान खान एफआईआर करने में राजनीति कर रहे हैं। सूचना मंत्री मरियम औरंगजेब ने कहा है कि, पीटीआई के अध्यक्ष इमरान खान कानून का पालन करने के बजाय उन पर हुए हमले के संबंध में अपनी पसंद का FIR दर्ज करना चाहते हैं। मरियम औरंगजेब ने एक बयान में कहा कि, पुलिस और जांच एजेंसियों को शौकत खानम अस्पताल में प्रवेश करने से रोक दिया गया, जहां इमरान खान भर्ती हैं। उन्होंने कहा कि, इमरान खान पर हमला गुजरात क्षेत्र में हुई है, जो पंजाब के मुख्यमंत्री चौधरी परवेज इलाही का निर्वाचन क्षेत्र है। आपको बता दें कि, इमरान खान एफआईआर में शहबाज शरीफ, गृहमंत्री और कुई वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों के नाम देना चाहते हैं, लिहाजा अभी तक एफआईआर नहीं हो पाई है।

इमरान के आरोपों पर भड़की आर्मी
इमरान खान ने अपने ऊपर हुए हमले के लिए सीधे तौर पर पाकिस्तानी सेना के वरिष्ठ अधिकारियों को जिम्मेदार ठहराया है, जिसके बाद सेना भड़क गई है और पाकिस्तानी सेना ने इमरान खान के आरोपों को निराधार बताकर खारिज कर दिया है। पाकिस्तानी सेना के इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस (ISPR) ने एक प्रेस रिलीज जारी किया है, जिसमें कहा गया है, कि "पीटीआई के अध्यक्ष ने पाकिस्तानी सेना के एक वरिष्ठ अधिकारी के खिलाफ निराधार और गैर-जिम्मेदाराना आरोप लगाए हैं, जो पूरी तरह से अस्वीकार्य और अनुचित हैं।' पाकिस्तानी सेना ने इमरान खान की आलोचना करते हुए कहा कि, 'वो अपनी स्वार्थ के लिए सेना की गरिमा और प्रतिष्ठा को धूमिल कर रहे हैं और अगर ऐसा किया जाएगा, तो फिर सेना अपने अधिकारियों और सैनिकों की इज्जत की रक्षा करेगी, चाहे कुछ भी हो जाए।' सेना के बयान में साफ तौर पर चेतावनी देते हुए कहा कि, "आज (इमरान खान द्वारा) संस्था/अधिकारियों पर लगाए गए निराधार आरोप बेहद खेदजनक हैं और सेना इसकी कड़ी निंदा करती है। किसी को भी संस्थान या उसके सैनिकों को बदनाम करने की अनुमति नहीं दी जाएगी"।

हमले के पीछे मजहबी उन्मादी- सरकार
वहीं, पाकिस्तान सरकार का मानना है, कि इमरान खान पर हुए हमले के पीछे मजहबी उन्माद है। पाकिस्तान के गृहमंत्री राणा सनाउल्लाह ने शुक्रवार को इमरान खान पर किए गये हमले को धार्मिक उग्रवाद का मामला करार दिया है, जिसमें कहा गया कि, उनकी पार्टी इमरान खान को राजनीतिक प्रतिद्वंदी मानती है, कोई दुश्मन नहीं मानती है।" पाकिस्तान के गृहमंत्री ने कहा कि, 'हमलावर के बारे में जो जानकारियां मिली हैं, वो हैरान करने वाली हैं।' उन्होंने संकेत दिया कि, हमलावर किसी मजहबी कट्टरपंथी संगठन से जुड़ा हुआ था। उन्होंने कहा कि, हमलावर के दूसरे वीडियो में दिखाया गया है कि उसे चरमपंथियों ने सिखाया था। उन्होंने कहा कि, आरोपी ने हमले के पीछे जिन वजहों का जिक्र किया है, वो काफी खतरनाक हैं। पहले भी इस तरह के आरोप लगते रहे हैं और हमलावर का जो वीडियो वायरल हुआ है, हो सकता है उसके बाद ऐसे मानसिकता वाले लोगों की संख्या में इजाफा भी हो और बहुत संभव है, कि मजहबी चरमपंथियों को इससे उत्साह मिले।

प्रदर्शन में भारी हिंसा की आशंका
पाकिस्तान में होने वाले प्रदर्शन अकसर शांतिपूर्ण नहीं होकर हिंसक हो जाते हैं। पिछले साल भी एक मजहबी संगठन ने जो प्रदर्शन किया था, उसमें दर्जनों पुलिसकर्मियों को मार दिया गया था। वहीं, इस बार भी कुछ ऐसी ही आशंका है। इमरान खान की पार्टी ने कल कराची, इस्लामाबाद, लाहौर, क्वेटा, पेशावर, मलकंद, राजनपुर, बहावलनगर, मुजफ्फरगढ़ और कोहाट सहित पूरे पाकिस्तान के प्रमुख शहरों में विरोध प्रदर्शन किया है। हालांकि, इमरान खान के देश के नाम संबोधन से ठीक पहले ज्यादातर शहरों में ये विरोध प्रदर्शन खत्म हो गये थे। कल जो प्रदर्शन किए गये, उसमें कई जगहों पर आगजनी की गई थी और टायर जलाए गये थे। जियो न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक, इमरान खान के समर्थकों ने एक दिन पहले रावलपिंडी के फैजाबाद इंटरचेंज में उन पर हत्या के प्रयास का विरोध भी किया था। इस्लामाबाद पुलिस ने इलाके में प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए रुक-रुक कर आंसू गैस के गोले दागे थे, जिन्होंने पुलिस और फ्रंटियर कॉर्प्स (एफसी) पर पथराव किया था। इस बीच, इस्लामाबाद पुलिस और एफसी ने इस्लामाबाद में कई पीटीआई कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया है।












Click it and Unblock the Notifications