पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा में आतंकी हमला, 38 लोगों की हुई मौत, पुलिस अधिकारी समेत कई घायल
Pakistan News: पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा (Khyber Pakhtunkhwa) में आतंकवादी हमला हुआ है। आतंकवादियों ने कई यात्री वाहनों पर गोलीबारी की, जिसमें अब तक 38 लोगों के मारे जाने की खबर है। इस हमले में एक पुलिस अधिकारी समेत कई लोग घायल भी हुए हैं। हालांकि, मृतकों की संख्या को लेकर अभी कोई आधिकारी पुष्टि नहीं हुई है।
यह आतंकी हमला खैबर पख्तूनख्वा जिले के कुर्रम के ओचट इलाके में हुआ है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, जैसे ही यात्री से भरी वैन लोअर कुर्रम के ओचुट काली और मंदुरी के पास से गुजरी, वहां पहले से घात लगाकर बैठे आतंकियों ने वैन पर अंधाधुंध फायरिंग कर दीं। यह वैन पाराचिनार से पेशावर जा रही थी।

आतंकी हमले की सूचना पर पुलिस और सेना मौके पर पहुंच गई। पुलिसकर्मियों ने सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। बताया जा रहा है कि मरने वालों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। इस हमले पर पाकिस्तान के राष्ट्रपति का बयान भी सामने आया है।
पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी ने इस घटना की कड़ी निंदा की। साथ ही, मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की। रॉयटर्स की खबर के मुताबिक, मुख्य सचिव नदीम असलम चौधरी ने बताया कि कुर्रम में हुए हमले में मरने वालों में एक महिला और एक बच्चा भी शामिल है।
उन्होंने कहा कि यह एक बड़ी त्रासदी है और मरने वालों की संख्या बढ़ने की आशंका है। हालांकि, अब तक किसी भी आतंकी समूह ने इस घटना की जिम्मेदारी नहीं ली है। पाकिस्तान के डॉन समाचार की रिपोर्ट के अनुसार, खैबर पख्तूनख्वा के निचले कुर्रम इलाके में यात्री वैन पर किए गए बंदूक हमले में कम से कम 38 लोग मारे गए।












Click it and Unblock the Notifications