पाकिस्तान में पोलियो कार्यक्रम टीम को निशाना बनाकर बम ब्लास्ट, 5 पुलिसकर्मियों की मौके पर ही मौत, 22 घायल
Pakistan: पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा के बाजौर जिले में एक पुलिस वाहन के पास बम विस्फोट में पोलियो टीकाकरण टीमों को सुरक्षा प्रदान करने के लिए तैनात कम से कम पांच पुलिसकर्मी मारे गए हैं, जबकि 22 अन्य घायल हो गए हैं। अधिकारियों के मुताबिक, मरने वालों की संख्या और बढ़ने की आशंका है।
जियो न्यूज ने अधिकारियों के हवाले से बताया है, कि मृतकों और घायलों को खार अस्पताल में ट्रांसफर कर दिया गया है, वहीं पूरे क्षेत्र में आपातकाल घोषित कर दिया गया है। मलकंद डिविजन के कमिश्नर साकिब रजा ने डॉन को बताया, कि परिणामस्वरूप क्षेत्र में चल रहे पोलियो अभियान को सस्पेंड कर दिया गया है।

खैबर पख्तूनख्वा में फिर ब्लास्ट
पोलियो टीकाकरण टीमों को सुरक्षा प्रदान करने के लिए पुलिस तैनात की गई थी। गंभीर रूप से घायल लोगों को हेलीकॉप्टर के जरिए पेशावर ले जाया गया और इलाके की घेराबंदी कर दी गई। खैबर पख्तूनख्वा के कार्यवाहक मुख्यमंत्री अरशद हुसैन शाह ने विस्फोट की निंदा की है और "पुलिस अधिकारियों की शहादत" पर दुख व्यक्त जताया है।
पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (पीपीपी) की सीनेटर शेरी रहमान ने हमले की निंदा की और कहा, कि "आतंकवादियों ने न केवल पुलिस पर बल्कि हमारे बच्चों के स्वास्थ्य पर भी हमला किया है।" उन्होंने कहा, "पोलियो रोधी टीम की सुरक्षा पर हमला किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाना चाहिए, इसका सीधा संबंध हमारे बच्चों के स्वास्थ्य से है।"
पाकिस्तान और अफगानिस्तान दुनिया के एकमात्र ऐसे देश हैं जहां पोलियो अभी भी स्थानिक है और टीकाकरण टीमों को अक्सर आतंकवादियों द्वारा निशाना बनाया जाता है। सोमवार से शुरू होने वाले सात दिवसीय राष्ट्रव्यापी पोलियो विरोधी अभियान के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं।
कराची के आयुक्त मुहम्मद सलीम राजपूत ने पोलियो कार्यकर्ताओं को कम से कम अगले पांच वर्षों तक पांच साल से कम उम्र के बच्चों को पोलियो ड्रॉप्स का टीकाकरण करने का 100 प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने का निर्देश दिया है। उन्होंने जोर देकर कहा, कि जब तक हर बच्चे को ये बूंदें नहीं मिलेंगी, पोलियो वायरस फैलने का खतरा बना रहेगा।
आपको बता दें, कि पाकिस्तान में मौलवियों ने पोलियो को हराम कहा है, वहीं कई जगहों पर ये बार बार अफवाह फैलाई जाती है, कि पोलियो की खुराक से बच्चे पैदा होने बंद हो जाएंगे, लिहाजा लोग बच्चों को पोलियो खुराक देने से इनकार कर देते है, जिससे पाकिस्तान अभी तक पोलियो मुक्त नहीं हो पाया है।
पाकिस्तान में आतंकी हमले
2021 में तालिबान के सत्ता में लौटने के बाद से पाकिस्तान में आतंकवादी हमलों में नाटकीय वृद्धि देखी गई है, मुख्य रूप से अफगानिस्तान के साथ इसके सीमावर्ती क्षेत्रों में, विशेष रूप से तहरीक-ए-तालिबान (टीटीपी) से, जो एक समान वैचारिक आधार साझा करता है और जिसका लक्ष्य पाकिस्तान में भी अफगानिस्तान जैसा ही शरिया कानून लागू करना है।
खैबर पख्तूनख्वा आतंकवादी घटनाओं के लिए हॉटस्पॉट बन गया है और आंकड़ों से पता चलता है, कि 2023 में 1,00 से ज्यादा आतंकवादी घटनाओं में 470 लोग मारे गए। प्रांतीय गृह विभाग और जनजातीय मामलों के आंकड़ों से पता चलता है, पिछले तीन सालों में 1,823 आतंकवादी घटनाओं में 698 सुरक्षाकर्मी और नागरिक मारे गए हैं।
पिछले महीने खैबर पख्तूनख्वा के अनियंत्रित डेरा इस्माइल खान जिले में 23 सैनिकों की हत्या ने देश को हिलाकर रख दिया था. आतंकवादियों ने विस्फोटक से भरे वाहन को पुलिस स्टेशन की इमारत में घुसा दिया, जिसके बाद मोर्टार से हमला किया गया।












Click it and Unblock the Notifications