Pakistan: चुनाव आयोग ने इमरान खान को अवमानना मामले में बनाया आरोपी, पार्टी का चुनाव चिन्ह भी छिना
चुनाव आयोग ने बुधवार को जेल में बंद पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान पर चुनाव आयोग की अवमानना का आरोपी बनाया गया है। इसमें उनके साथ पूर्व सूचना मंत्री फवाद चौधरी को भी आरोपी बनाया गया है।
इमरान खान के वकील नईम हैदर पंजुथा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसकी पुष्टि की है। इमरान पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) पार्टी के संस्थापक अध्यक्ष हैं और फवाद उनकी पार्टी के वरिष्ठ पूर्व सदस्य हैं।

71 वर्षीय पूर्व क्रिकेट स्टार अप्रैल 2022 में प्रधानमंत्री पद से हटाए जाने के बाद से राजनीतिक और कानूनी लड़ाई में उलझे हुए हैं। अवैध रूप से सरकारी उपहार बेचने के आरोप में अगस्त में उन्हें तीन साल की जेल हुई थी, जिसके बाद से उन्हें सार्वजनिक रूप से नहीं देखा गया है।
बुधवार को इमरान खान के वकील हैदर पंजुथा ने एक्स पर लिखा, "चुनाव आयोग ने वकीलों की अनुपस्थिति में इमरान खान को दोषी ठहराया।" पाकिस्तान चुनाव आयोग (ईसीपी) ने खान और उनकी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) पार्टी के अन्य पूर्व नेताओं के खिलाफ अवमानना कार्यवाही शुरू की।
2022 में इमरान खान और फवाद चौधरी पर चुनाव आयोग (ईसीपी) और मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) सिकंदर सुल्तान राजा के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने के लिए मामला दर्ज किया गया था। ईसीपी की चार सदस्यीय समिति ने रावलपिंडी की उच्च सुरक्षा वाली अदियाला जेल में सुनवाई शुरू की। दोनों नेता विभिन्न मामलों में इसी जेल में बंद हैं।
उन पर ईसीपी और सीईसी का अपमान करने का आरोप लगाया गया है। जब आरोप पढ़े गए तब दोनों अदालत कक्ष में मौजूद थे। हालांकि, उन्होंने इन आरोप पत्र में लगाए गए आरोपों से इनकार किया। अभियोग के बाद समिति ने अवमानना मामले की सुनवाई 16 जनवरी तक के लिए स्थगित कर दी।
इस मामले की सुनवाई पहले ईसीपी भवन में हो रही थी। लेकिन, पुलिस ने सुरक्षा कारणों से इमरान खान को अभियोग के लिए पेश करने से इनकार कर दिया था। जिसके बाद आयोग को छह दिसंबर को सुनवाई अदियाला जेल में स्थानांतरित करनी पड़ी।
इमरान खान को व्यापक रूप से देश के सबसे लोकप्रिय नेता के रूप में देखा जाता है। वे अपने खिलाफ सभी आरोपों से इनकार करते हैं और कहते हैं कि उन्हें शक्तिशाली सेना द्वारा प्रताड़ित किया जा रहा है, जो उन्हें चुनाव से बाहर रखना चाहती है। हालांकि सेना इससे इनकार करती है।
इस बीच पाकिस्तान में 8 फरवरी को होने वाले चुनाव से ठीक पहले इमरान खान की पार्टी पीटीआई से उसका सालों पुराना चुनाव चिन्ह 'बल्ला' छीन लिया है। ऐसे में इमरान खान और उनकी पार्टी के प्रत्याशी बैट सिंबल पर चुनाव नहीं लड़ पाएंगे।












Click it and Unblock the Notifications