Pakistan: पाकिस्तान में राम पीर मंदिर तोड़ने के बाद हिंदुओं का प्रदर्शन, शहबाज शरीफ चरमपंथियों पर लेंगे एक्शन?
Pakistan News: पाकिस्तान में अल्पसंख्यकों के खिलाफ लगातार हिंसा हो रही है और देश की इस्लामी सरकार, अल्पसंख्यकों, खासकर हिंदुओं को सुरक्षा देने में बुरी तरह से नाकाम रही है। कई मामलों में सरकार की शह पर हिंदुओं के खिलाफ नफरत उगली जाती है।
इस बार सिंध प्रांत के हैदराबाद इलाके में हिंदू समुदाय के लोगों ने राम पीर हिंदू मंदिर में तोड़फोड़ के खिलाफ हैदराबाद प्रेस कार्यालय और एसएसपी कार्यालय के सामने विरोध प्रदर्शन किया। हिंदू मंदिर में तोड़फोड़ के मामले में कोई गिरफ्तारी न होने के खिलाफ विरोध प्रदर्शन में महिलाओं और बच्चों ने भी हिस्सा लिया है।

पाकिस्तान में हिंदू मंदिर पर हमला
द एक्सप्रेस ट्रिब्यून के मुताबिक, हलनाका रोड पर मंदिर पर हमला और हिंदुओं की हत्या की कोशिश के आरोपों में 11 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। इसके साथ ही गोलीबारी और हिंसा की घटनाओं के मामले भी दर्ज किए गए हैं।
आरोपियों में वकार, सोहेल जटोई, रफी बंग्लानी और जमील इहसान बलेदी शामिल हैं। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया है, कि राम पीर मंदिर में एक धार्मिक समारोह हो रहा था, तभी हिंदू समुदाय के कुछ युवकों के बीच झगड़ा हो गया। बाद में, कॉलोनी के बाहर के लोगों का एक समूह भी संघर्ष में शामिल हो गया।
करीब दस अज्ञात हमलावर मंदिर में घुस गए और वहां मौजूद पुरुषों, महिलाओं और बच्चों पर अंधाधुंध गोलियां चलानी शुरू कर दीं। इस झगड़े में चार लोग घायल हो गए। गौरतलब है कि पाकिस्तान में अल्पसंख्यक समुदाय पिछले कई सालों से उत्पीड़न का सामना कर रहा है। उनमें से अधिकांश सुरक्षा के लिए दूसरे देशों में चले गए हैं। बाकी लोग देश में उत्पीड़न का सामना कर रहे हैं।
पाकिस्तान में सुरक्षित नहीं हैं हिंदू
पाकिस्तान में अल्पसंख्यकों की दयनीय स्थिति है, जिनमें अपहरण, हत्या, बलात्कार और जबरन धर्मांतरण शामिल हैं। अल्पसंख्यकों की लगातार हत्या की जा रही है और उन्हें ईशनिंदा, इस्लाम में धर्मांतरण और अन्य सांप्रदायिक मतभेदों के नाम पर अमानवीय क्रूरताओं का सामना करना पड़ रहा है।
इन समूहों की महिलाएं विशेष रूप से दुर्व्यवहार की शिकार होती हैं, क्योंकि पुलिस अकसर मामलों में कोई कार्रवाई नहीं करती है।
अगस्त की शुरुआत में, पाकिस्तान में अल्पसंख्यक और हाशिए पर पड़े समुदायों के सैकड़ों लोगों ने कराची के फ्रेरे हॉल इलाके में पहला 'अल्पसंख्यक अधिकार मार्च' निकाला था, जिसमें उनके अधिकारों की वकालत की गई और जबरन धर्मांतरण की प्रथा को समाप्त करने की मांग की गई।
जून में, पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने माना था, कि देश अपने अल्पसंख्यकों की रक्षा करने में विफल रहा है और उन्हें धर्म के नाम पर लक्षित हिंसा का सामना करना पड़ रहा है। लेकिन, उनकी टिप्पणी एक महीने के भीतर ही ईशनिंदा के आरोप में दो अलग अलग जगहों पर हिंदुओं की हत्या कर दी गई, जिसे रोकने में नाकाम रहने पर शहबाज सरकार की आलोचना की गई।












Click it and Unblock the Notifications