पाकिस्तान में वोट के लिए नवाज शरीफ ने अलापा कश्मीर राग, बेटी मरियम बोली- मेरी रगों में कश्मीरी खून
इस्लामाबाद। पाकिस्तान में इस साल आम चुनाव होने हैं, चुनावी रैलियों में जम्मू कश्मीर का जिक्र ना हो, यह संभव नहीं है। पाकिस्तान के मुजफ्फराबाद में पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ और उनकी बेटी मरियम नवाज शरीफ ने कश्मीरियों के लिए हमदर्दी जताते हुए पाकिस्तानी वोटर्स को लुभाने की कोशिश की। नवाज शरीफ ने कहा कि वे जितना पाकिस्तानियों से प्यार करते हैं, उतना ही कश्मीरियों से भी प्यार करते हैं। नवाज शरीफ को पिछले साल जुलाई में पाकिस्तान के सुप्रीम कोर्ट ने भ्रष्टाचार के आरोप में उन्हें बर्खास्त कर दिया था।

कश्मीर में जीत हासिल करेंगे...
पाकिस्तान मुस्लिम लीग- नवाज (PML-N) पार्टी अध्यक्ष नवाज शरीफ पाक अधिकृत कश्मीर के मुजफ्फराबाद में रैली को संबोधित करते हुए कहा कि इतनी बड़ी रैली उन्होंने कभी नहीं देखी। नवाज शरीफ ने कहा कि कश्मीर की आजादी के लिए उनके पास कई योजनाएं थी, लेकिन पिछले साल जुलाई में बर्खास्त होने के बाद सब धूमिल हो गई। भ्रष्टाचार के आरोप झेल रहे पूर्व पाक पीएम ने कहा, 'कश्मीरियों के लिए पाकिस्तान के लोग साथ खड़े हैं और जम्मू कश्मरी में हम जल्द ही जीत हासिल करेंगे।'

मेरी रगों में कश्मीरी खून
कश्मीर पर राग अलापते हुए नवजा शरीफ के बाद उनकी बेटी मरियम ने भी रैली को संबोधित करते हुए कहा, 'आप पर किए गए जुल्म के घावों की चोट हम पर भी है।' मरियम ने कहा कि मेरी रगों में भी कश्मीरी खून है। मरियम ने आगे कहा कि एक दिन कश्मीर का जश्न हम श्रीनगर में मनाएंगे।

पाकिस्तान ने मनाया कश्मीर एकजुटता दिवस
इससे पहले पाकिस्तानी राष्ट्रपति ममनून हुसैन और प्रधानमंत्री शाहिद खाकान अब्बासी ने ‘कश्मीर एकजुटता दिवस' के मौके पर अपने संदेश में कहा कि कश्मीर मुद्दे का समाधान किए बिना इस क्षेत्र में शांति एवं समृद्धि का सपना बेमानी होगा और ‘आत्मनिर्णय' के अधिकार के लिए संघर्ष में घाटी के लोगों को उसका सहयोग जारी रहेगा।












Click it and Unblock the Notifications