पाकिस्तान में ना फोन काम कर रहे ना इंटरनेट, कम्युनिकेशन के तमाम साधन ब्लॉक.. चुनाव में की जा रही है धांधली?
Pakistan Election Updates: पाकिस्तान में पिछले करीब 3 घंटे से मतदान हो रहे हैं, लेकिन उससे पहले देश में मोबाइल फोन और इंटरनेट सस्पेंड कर दिए गये हैं। स्थिति ये है, कि देश में सिर्फ VPN ही काम कर रहे हैं। लोग मोबाइल फोन पर बात तक नहीं कर पा रहे हैं।
डॉन की रिपोर्ट के अनुसार, आज जैसे ही पाकिस्तान में मतदान शुरू हुआ, देश के आंतरिक मंत्रालय ने कहा, कि उसने "बिगड़ती सुरक्षा स्थिति" के मद्देनजर "देश भर में मोबाइल सेवाओं को अस्थायी रूप से निलंबित करने" का फैसला किया है।

पाकिस्तान में मोबाइल और इंटरनेट बंद
इस बीच, स्थानीय समाचार चैनल एआरवाई डिजिटल के हवाले से रॉयटर्स ने बताया कि देश के टैंक क्षेत्र में एक मतदान केंद्र पर गोलीबारी में एक पुलिसकर्मी की मौत हो गई है।
वहीं, पाकिस्तान के पूर्व विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो ने आरोप लगाया है, कि पाकिस्तान में जान बूझकर मोबाइल और इंटरनेट बंद कर दिया गया है। बिलावल भुट्टो ने कहा है, कि मोबाइल फोन से लैंड लाइन पर भी फोन नहीं लग रहा है और देश में कम्युनिकेशन के तमाम साधन को ब्लॉक कर दिया है। पाकिस्तान में सिर्फ वीपीएन से ही इंटरनेट का इस्तेमाल हो पा रहा है।
विपक्षी नेताओं का कहना है, कि पाकिस्तान के चीफ इलेक्शन कमीशन भी टीवी चैनलों को देखकर चुनाव से संबंधित जानकारियां हासिल कर रहे हैं। वहीं, इमरान खान की पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ ने वोटिंग में भयानक धांधली होने का आरोप लगाया है।
वहीं, बिलावल भुट्टो ने ट्वीट करते हुए कहा कहा है, कि इंटरनेट और मोबाइल बैन के खिलाफ उनकी पार्टी अदालत जा रही है। पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार और पूर्व विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो जरदारी ने कहा है, कि उनकी पार्टी यह सुनिश्चित करने के लिए अदालतों और पाकिस्तान चुनाव आयोग से संपर्क कर रही है, कि मोबाइल सेवाएं तुरंत बहाल की जाएं।
इंटरनेट बैन पर कैसे बदलता रहा टेलीकॉम का बयान
पाकिस्तान में स्थानीय समयानुसार आज सुबह करीब 8 बजे मोबाइल इंटरनेट सेवाएं निलंबित करने से कुछ घंटे पहले, पाकिस्तान दूरसंचार प्राधिकरण ने कहा था, कि उसे इंटरनेट बंद करने के लिए सरकार से कोई निर्देश नहीं मिला है।
जबकि, पीटीए ने बुधवार को एक बयान में कहा था, कि गुरुवार को इंटरनेट सेवाएं बिना किसी रुकावट के काम करेंगी।
इससे एक दिन पहले पाकिस्तान के कार्यवाहक आंतरिक मंत्री गौहर इजाज ने चुनाव के दिन किसी भी क्षेत्र में सुरक्षा मुद्दों के मामले में इंटरनेट सेवाओं के संभावित निलंबन का संकेत दिया था। प्रेस ट्रस्ट ऑफ इंडिया की एक रिपोर्ट के अनुसार, इजाज ने कहा था, कि सरकार 8 फरवरी को इंटरनेट सेवा को निलंबित करने पर तभी विचार करेगी, जब उसे सुरक्षा स्थिति के कारण किसी जिले या प्रांत से अनुरोध प्राप्त होगा।
पाकिस्तान ने लैंड बॉर्डर भी किए सील
वहीं, पाकिस्तान ने गुरुवार को अपनी कुछ भूमि सीमाओं को अस्थायी रूप से बंद कर दिया है और इसके पीछे मतदाताओं की सुरक्षा का मुद्दा बताया है। सरकार का यह फैसला देश में नए प्रधानमंत्री के चुनाव से एक दिन पहले ही मतदान केंद्रों और स्वतंत्र उम्मीदवारों के कार्यालयों पर हमलों की श्रृंखला के बीच आया है। बलूचिस्तान में बुधवार को हुए घातक विस्फोटों में कम से कम 30 लोग मारे गए और 50 से अधिक घायल हो गए।
आपको बता दें, कि शाम पांच बजे मतदान की प्रक्रिया खत्म हो जाएगी और उसके बाद वोटों की गिनती शुरू हो जाएगी। पाकिस्तान की चुनानी कानून के मुताबिक, रात 2 बजे से पहले चुनाव का रिजल्ट आना जरूरी होता है।












Click it and Unblock the Notifications