पाकिस्तान: इमरान के करीबी ISI चीफ जनरल फैज हटाए गए, जनरल नदीम होंगे नए प्रमुख
इस्लामाबाद, अक्टूबर 06: पाकिस्तानी सेना ने बुधवार को एक आश्चर्यजनक कदम उठाते हुए अपनी जासूसी एजेंसी आईएसआई के चीफ लेफ्टिनेंट जनरल फैज हमीद का पद से हटा दिया है। उन्हें पेशावर कोर का कमांडर नियुक्त किया गया है। बता दें कि, लेफ्टिनेंट जनरल फैज हमीद ने अफगानिस्तान में सत्ता पर नियंत्रण हासिल करने में तालिबान की बहुत मदद की थी। उन्हें तालिबान की वापसी कराने का काफी श्रेय जाता है।

लेफ्टिनेंट जनरल नदीम अहमद अंजुम को आईएसआई का नया महानिदेशक बनाया गया है। सेना ने इसके अलावा वरिष्ठ स्तर पर दो और नियुक्तियों की भी घोषणा की है। इसमें कहा गया है कि लेफ्टिनेंट जनरल मोहम्मद आमिर को गुजरांवाला कोर का कमांडर नियुक्त किया गया है, जबकि लेफ्टिनेंट जनरल असीम मुनीर को सेना का क्वार्टर मास्टर जनरल (क्यूएमजी) नियुक्त किया गया है।
मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो फैज हमीद पिछले महीने ही सेना प्रमुख जनरल कमर जावेद बाजवा को जानकारी दिए बगैर की काबुल यात्रा पर गए थे। यहां उन्होंने तालिबानी नेताओं के साथ मुलाकात की थी। कहा जा रहा है कि हमीद के इसी कदम के बाद से ही जनरल बाजवा उनसे नाराज थे। लेफ्टिनेंट जनरल फैज हमीद को 16 जून, 2019 को पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी का प्रमुख नियुक्त किया गया था।
उससे पहले उन्होंने आईएसआई में आंतरिक सुरक्षा के प्रमुख के रूप में काम किया था। हमीद को सेना प्रमुख जनरल कमर बाजवा का करीबी माना जाता है। पाकिस्तानी मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक वर्तमान सेना प्रमुख जनरल कमर जावेद बाजवा का कार्यकाल खत्म होने के बाद साल 2022 में जनरल फैज को देश का सेना प्रमुख बनाया जा सकता है। फैज हामिद और प्रधानमंत्री इमरान खान के काफी अच्छे संबंध हैं।
अफगानिस्तान में न केवल तालिबान राज लाने में बल्कि पंजशीर में अहमद मसूद के नेतृत्व वाले विद्रोहियों को कुचलने में जनरल फैज ने बड़ी भूमिका निभाई थी। जनरल फैज के दबाव में ही सिराजुद्दीन हक्कानी को अफगानिस्तान का गृहमंत्री बनाया गया है। पाकिस्तानी पत्रकार के साथ अपने प्रेम संबंधों के कारण जनरल फैज काफी सुर्खियों में रहे हैं। पाकिस्तानी मीडिया के मुताबिक जनरल फैज को आपत्तिजनक हालत में उनकी बीबी ने रंगे हाथ पकड़ा था।












Click it and Unblock the Notifications