पाक सेना प्रमुख से पहले पाक सेना की शिकायत पहुंची ओबामा के पास
वॉशिंगटन। अमेरिका में सिंधी फाउंडेशन ने राष्ट्रपति बराक ओबामा से कहा है कि पाकिस्तानी सेना अपने देश के सिंध प्रांत में मानवाधिकारों के घोर उल्लंघन में संलिप्त है। समूह ने यह बात ऐसे समय कही है जब पाकिस्तान के सैन्य प्रमुख जनरल राहील शरीफ अमेरिका की यात्रा पर यहां आने वाले हैं।

फाउंडेशन ने ओबामा को लिखी चिट्ठी में पाकिस्तानी सेना और उसकी सहायक एजेंसियों द्वारा किए जा रहे मानवाधिकारों के उल्लंघन को लेकर ‘गंभीर चिंता' व्यक्त की है।
समूह ने बढ़ते धार्मिक अतिवाद और हाफिज सईद के नेतृत्व वाले लश्कर ए तैयबा समेत कट्टरपंथी आतंकवादी समूहों को पाकिस्तान के सिंध प्रांत में अपना नेटवर्क बढ़ाने के लिए लगातार समर्थन दिए जाने के खिलाफ यह पत्र लिखा है।
सिंधी फाउंडेशन ने ओबामा को लिखी चिट्ठी में कहा गया है कि पाकिस्तान आतंकवाद के खिलाफ अपनी लड़ाई में अंतरराष्ट्रीय सहयोगियों विशेषकर अमेरिका के साथ दोहरे मापदंड का खेल जारी रखे हुए है।
चिट्ठी के मुताबिक पाकिस्तानी सेना उन सिंधी राजनीतिक असंतुष्टों और राष्ट्रवादी कार्यकर्ताओं के साथ अपना हिसाब बराबर कर रही है जो जिहादी अतिवादी समूहों की पाकिस्तानी सेना के साथ नजदीकियां बढ़ने और इन समूहों को संरक्षण प्रदान किए जाने के प्रबल विरोधी हैं।
सिंधी फाउंडेशन ने ओबामा से अपील की है कि जब सैन्य प्रमुख अमेरिका की यात्रा पर यहां आएं तो ओबामा अपने प्रशासनिक अधिकारियों से सिंध में पाकिस्तानी सेना द्वारा किए जा रहे मानवाधिकारों के उल्लंघन के मामले को उठाएं।
जनरल राहील शरीफ अगले सप्ताह अमेरिका के रक्षा विभाग के शीर्ष नेताओं से मुलाकात करेंगे। वह अमेरिकी सेंट्रल कमांड के नेतृत्व से मिलने फ्लोरिडा जाएंगे।












Click it and Unblock the Notifications