इमरान खान का आरोप- नवाज शरीफ को जिताने के लिए पिछले चुनाव में सेना ने की थी मदद
इस्लामाबाद। पाकिस्तान में इस साल जुलाई में आम चुनाव होने हैं और राजनीतिक पार्टियां धुआंधार तरीकों से प्रचार कर रही है। पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) के अध्यक्ष ने गुरुवार को एक इंटरव्यू में आरोप लगाया कि पाकिस्तान की आर्मी ने 2013 के आम चुनाव में नवाज शरीफ की मदद की थी। पाकिस्तान में जीयो टीवी के जर्नलिस्ट हामिद मीर को दिए इंटरव्यू में खान ने आरोप लगाते हुए कहा कि ब्रिगेडियर पद पर बैठे एक पाकिस्तानी अधिकारी ने नवाज शरीफ की मदद की थी। हालांकि, उन्होंने इस टॉप पोस्ट के अधिकारी का नाम लेने से इनकार कर दिया।

इंटरव्यू में पीटीआई के अध्यक्ष ने नवाज शरीफ पर चुटकी लेते हुए कहा है कि ये (नवाज शरीफ) वो ही है जो कभी मिलिट्री और ज्यूडिशरी के 'लाडला' (सबसे खास) हुआ करते थे। उन्होंने कहा कि नवाज फिलहाल अस्थिर हो चुके हैं, क्योंकि आर्मी और ज्यूडिशरी अब निष्पक्ष है।
पूर्व क्रिकेटर इमरान खान का बयान उस वक्त आया है, जब नवाज शरीफ ने एक रैली में सवाल उठाते हुए कहा था 'जलसा लाहौर दा, माजमा पेशोर दा, ते एजेंडा किस्से होर दा'। जिसका मतलब है कि खान की रैली लाहौर में होती है, लेकिन भीड़ पेशावर की होती है, तो एजेंडा किस पर आधारित है।
इमरान खान ने पिछले रविवार को लाहौर के मिनार-ए-पाकिस्तान पर जनता को संबोधित करते हुए अपने 11 एजेंडा बताए और 'नया पाकिस्तान' का नारा दिया। क्रिकेटर से राजनीता बने इमरान खान 11 पॉइंट एजेंडा में शिक्षा, स्वास्थ्य, राजस्व उत्पादन, भ्रष्टाचार, निवेश, रोजगार, कृषि, संघ, पर्यावरण, पुलिस व्यवस्था, महिला शिक्षा पर जोर देने की बात कही है।












Click it and Unblock the Notifications