एक इमरान को गिरफ्तार करने में निकली हवा, कश्मीर क्या लेगा पाकिस्तान.. Twitter पर मजाक बनी पाक सेना
इमरान खान को गिरफ्तार करने के लिए इस्लामाबाद की पुलिस लाहौर में संघर्ष कर रही है, लेकिन उन्हें अभी तक गिरफ्तार नहीं कर पाई है। रात भर पुलिस की टीम इमरान खान के आवास के बाहर संघर्ष करती रही, लेकिन उनतक नहीं पहुंच पाई।

Imran Khan Arrest: तोशखाना मामले में पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को गिरफ्तार करने पहुंची पाकिस्तान की पुलिस की हवा निकल गई है और अब 24 घंटे का वक्त हो चुका है, लेकिन पाकिस्तान की पुलिस इमरान खान के आवास के अंदर दाखिल तक नहीं हो पाई है। स्थिति ये है, कि इमरान खान को गिरफ्तार करने के लिए रेंजर्स की टीम भी मौजूद है, लेकिन वो भी इमरान खान के समर्थकों को कंट्रोल करने में बुरी तरह से नाकाम साबित हो रही है। दूसरी तरफ, इमरान खान ने आरोप लगाया है, कि पुलिस आम लोगों पर गोली चला रही है और उन्होंने एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर शेयर किया है, जिसमें पुलिस की टीम को गोली चलाते हुए देखा जा रहा है। वहीं, ट्विटर पर लोगों ने पाकिस्तानी सेना का मजाक उड़ाना शुरू कर दिया है।
24 घंटे बाद भी गिरफ्तारी नहीं
इस्लामाबाद की पुलिस दो दिन पहले ही लाहौर पहुंच चुकी थी, ताकि इमरान खान को गिरफ्तार किया जा सके और कल दोपहर एक बजे के बाद इमरान खान को गिरफ्तार करने की प्रक्रिया शुरू हुई थी। कल दोपहर 2 बजे के आसपास इस्लामाबाद पुलिस इमरान खान के आवासीय क्षेत्र ज़मान खान पार्क में पहुंची, लेकिन उसके बाद से इमरान खान के समर्थकों ने पुलिस को आगे नहीं बढ़ने दिया है। कल रात भी इमरान खान के समर्थकों और पुलिस के बीच झड़प चलती रही, लेकिन पुलिस, इमरान समर्थकों को कंट्रोल करने में बुरी तरह से नाकाम हो गऊ। पाकिस्तानी मीडिया में आई खबरों के मुताबिक, पुलिस अधिकारियों ने भ्रष्टाचार के एक मामले में 70 वर्षीय इमरान खान को गिरफ्तार करने से रोकने के लिए जमा हुए समर्थकों की भीड़ को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस और पानी की बौछारें छोड़ीं हैं। इमरान खान ने आरोप लगाया है, कि पानी में कैमिकल मिलाया गया था। ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, अभी तक पाकिस्तानी पुलिस और रेंजर्स को मिलाकर 54 जवान घायल हुए हैं।
घर में इमरान, नहीं पहुंच पा रही पुलिस
रात भर पीटीआई समर्थकों की पुलिस से बार-बार झड़पें होती रहीं, जबकि इमरान खान अपने जमान पार्क स्थित आवास में मौजूद थे। वहीं, पुलिस रात भर इमरान खान की पीटीआई पार्टी के कई कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया। पुलिस ने इमरान खान के पीटीआई के समर्थकों के साथ रात भर उनके आवास के पास जमकर लड़ाई लड़ी, आंसूगैस के गोले छोड़े और जबकि गुस्साई भीड़ ने पुलिस पर जमकर पत्थरबाजी की। जियो न्यूज के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में समर्थकों ने अपने नेता इमरान के करीब भी पुलिस जवानों को नहीं पहुंचने दिया है और करीब एक किलोमीटर के इलाके में कोहराम मचा हुआ है। इमरान खान के समर्थक लगातार जुट रहे हैं, जिसके बाद सवाल उठ रहे हैं, कि क्या पाकिस्तान पुलिस के पास इमरान खान को गिरफ्तार करने की हिम्मत ही नहीं है? हालांकि, आज सुबह शहबाज सरकार के एक मंत्री ने कहा, कि पुलिस किसी को जान से नहीं मारना चाहती है, इसीलिए पुलिस आक्रामक नहीं है, जबकि इमरान खान चाहते हैं, कि उनके दर्जनों कार्यकर्ता मारे जाएं, ताकि वो अपने कार्यकर्ताओं की लाशों पर राजनीति कर सकें।
ट्विटर पर उड़ा पाकिस्तानी सेना का मजाक
हालांकि, इमरान खान को गिरफ्तार करने के आदेश इस्लामाबाद की एक जिला अदालत ने दिया है, लेकिन ये सब जानते हैं, कि असल में ये आदेश रावलपिंडी जीएचक्यू की तरफ से आया है, पाकिस्तानी सेना का हेड ऑफिस है। पाकिस्तानी सेना इमरान खान को जेल में डालना चाहती है, लेकिन इमरान खान के साथ देश की अवाम खड़ी नजर आ रही है। सोशल मीडिया पर पाकिस्तानी सेना की जमकर खिंचाई की जा रही है। वहीं, कई लोग ट्विटर पर पाकिस्तानी सेना का मजाक उड़ा रहे हैं, कि जो सेना 24 घंटे में अपने देश के पूर्व प्रधानमंत्री को उनके आवास से गिरफ्तार नहीं कर पाई है, वो भला कश्मीर क्या लेगी? शायन अली नाम का एक ट्विटर यूजर ने पूछा है, कि "पाकिस्तान की पुलिस और आर्मी इमरान खान के आवास को कैप्चर नहीं कर पाई है और इमरान खान को गिरफ्तार नहीं कर पाई है और वो कश्मीर के नाम पर भारत को धमकाते हैं"। उन्होंने लिखा है, "पाकिस्तानी सेना इमरान खान को गिरफ्तार नहीं कर सकती है, इसीलिए पांच मिनट के अंदर में इमरान खान को गिरफ्तार करने के लिए भारतीय सेना को कॉल करनी चाहिए।"
लाहौर हाईकोर्ट ने लगाई फटकार
इस बीच, इस्लामाबाद उच्च न्यायालय (IHC) के मुख्य न्यायाधीश आमिर फारूक ने इमरान खान की तहरीक-ए-इंसाफ पार्टी को लाहौर में मची अराजकता के लिए फटकार लगाई है। उन्होंने पीटीआई से ये कहा है, कि रजिस्ट्रार कार्यालय द्वारा उठाई गई आपत्तियों को दूर करें। लाहौर हाईकोर्ट ने कहा है, कि "लाहौर में जो कुछ भी हो रहा है, वह पीटीआई के कार्यों का परिणाम है"। आपको बता दें, कि पीटीआई ने सुरक्षा आधार पर इमरान खान की गिरफ्तारी वारंट को चुनौती देते हुए इस्लामाबाद हाईकोर्ट का भी दरवाजा खटखटाया था। खान के वकील ने मंगलवार को याचिका दायर की और अदालत से उसी दिन सुनवाई के लिए मामले को एक पीठ के समक्ष रखने का अनुरोध किया। वहीं, कोर्ट में इमरान खान के वकील ख्वाजा हारिस ने बताया, कि "लाहौर में जो कुछ हो रहा है वह अदालत को पता है।" इस पर जस्टिस फारूक ने जवाब दिया, "जो कुछ भी हो रहा है वह आपके कार्यों का परिणाम है।"












Click it and Unblock the Notifications