कनाडा में एयरपोर्ट से फिर लापता हुई पाकिस्तानी एयर होस्टेस, 2 सालों में 14वीं ऐसी घटना, ये हो क्या रहा है?
इस्लामाबाद से टोरंटो जाने वाली फ्लाइट की एक और एयरहोस्टेस कनाडा में लापता हो गई है। ये एयरहोस्टेस पाकिस्तान इंटरनेशनल एयरलाइंस (PIA ) की बताई जा रही है। जब इस एयरहोस्टेड की तलाशी ली गई तो उन्हें कमरे से एक नोट मिला जिसमें लिखा था- थैक्यू PIA
यह नोट मरियम रजा नाम की एयरहोस्टेस का था। वह PIA के लिए काम करती थीं। वह 26 फरवरी को फ्लाइट पीके782 में इस्लामाबाद से उड़ान लेकर टोरंटो पहुंची थीं। लेकिन मरियम ने एक दिन बाद कराची की अपनी वापसी उड़ान पर ड्यूटी के लिए रिपोर्ट नहीं दी।

डॉन की रिपोर्ट के अनुसार, जब मरियम की तलाश कर रहे अधिकारियों ने उसके होटल के कमरे में घुसे, तो उन्हें 'धन्यवाद, PIA' नोट के साथ उसकी वर्दी मिली। आपको बता दें कि ये पहली बार नहीं हो रहा है जब पाकिस्तान की एयर होस्टेस विदेशों में यूं गायब हो गई हैं। दरअसल PIA विदेशों में खासकर कनाडा में अपने केबिन क्रू को रहस्यमय तरीके से खोने के लिए तेजी से कुख्यात हो रहा है।
हाल में ही कनाडा में एयरलाइन के केबिन क्रू के लापता होने की कई घटनाएं सामने आई हैं। एक महीने पहले जनवरी में भी कनाडा में एक और एयरहोस्टेस गायब हुई थीं। फैजा मुख्तार नाम की एक एयरहोस्टेस गायब हो गई थीं। PIA के प्रवक्ता के मुताबिक एयर होस्टेस को PIA फ्लाईट पीके 781 में तैनात किया गया था। फ्लाइट के टोरंटों एयरपोर्ट पर उतरने के बाद वह लापता हो गई।
PIA अधिकारियों ने कनाडाई अधिकारियों के इस बारे में सूचित किया है और आवश्यक एक्शन लेने को कहा है। एयरलाइन का कहना है कि उनके पास एयरहोस्टेस का हलफनामा है और वे उसके खिलाफ आवश्यक अनुशासनात्मक कार्रवाई करने के लिए तैयार हैं।
जनवरी में भी हुई थी ऐसी घटना
मरियम का गायब होना 2024 में इस तरह का दूसरा मामला है। 2023 में 7 एयरहोस्टेस इस तरह गायब हुई थीं। वहीं, 2022 में एयरहोस्टेस के गायब होने की संख्या 5 थी। ये सभी फ्लाइट अटेंडेंट कनाडा में उतरने के बाद गायब हो गए थे।
2019 से शुरू हुआ गायब होने का चलन
विमानन समाचार वेबसाइट सिंपल फ्लाइंग के अनुसार, कनाडा के लिए उड़ान भरने के बाद पाकिस्तानी फ्लाइट अटेंडेंट के गायब होने का चलन 2019 में शुरू हुआ और हाल ही में इसमें तेजी आई है। ऐसा नहीं है कि सिर्फ महिला एयरहोस्टेस ही गायब हो रही हैं। अयाज़ क़ुरैशी, खालिद अफ़रीदी और फ़िदा हुसैन शाह नाम के PIA के चालक सदस्य भी पिछले साल नंबवर-दिसंबर में लापता हो गए थे।
खुद ही 'लापता' हो रहे क्रू मेंबर
दरअसल ये कर्मचारी खुद ही 'लापता' हो जा रहे हैं। दरअसल ये वापस लौटकर अपने देश नहीं जा रहे बल्कि कनाडा में शरण ले रहे हैं। कनाडा का कानून इस मामले में बहुत उदार है। कनाडा के आव्रजन और शरणार्थी संरक्षण नियमों में कहा गया है कि यदि विदेशी नागरिक फ्लाइट क्रू सदस्य के रूप में कनाडा में प्रवेश करना चाहते हैं और रहना चाहते हैं तो उन्हें अस्थायी निवासी वीजा प्राप्त करने की आवश्यकता नहीं है।
रोजगार छिनने के डर से उठा रहे कदम
विश्लेषकों का मानना है कि कम वेतन और रोजगार छिनने का डर इन लोगों को दूसरे देश में रोजगार तलाशने के लिए प्रेरित कर रहा है। पाकिस्तान इंटरनेशनल एयरलाइंस (PIA) बंद होने की कगार पर पहुंच चुकी है।
ब्लूमबर्ग की सितंबर 2023 में आई एक रिपोर्ट की मानें तो PIA पर कुल देनदारियां बढ़कर 743 अरब पाकिस्तानी रुपये हो गई हैं। कर्ज का ये आंकड़ा एयरलाइन की कुल संपत्ति से भी पांच गुना ज्यादा है। हालत ये है कि ये एयरलाइंस कभी भी बैठ सकती है। कहा जा रहा है कि PIA के कर्मचारी बेहतर भविष्य की चाहत में यूं गायब हुए जा रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications