'मजबूरी में मेरी मां को ऐसा करना पड़ा...', लावारिश छोड़े बच्चे के साथ मिली दर्दभरी चिट्ठी
31 दिसंबर को जब लोग सर्द हवाओं के बीच नए साल का जश्न मना रहे थे, तो एक मां ने अपने बच्चे को गत्ते के डब्बे में रखकर छोड़ दिया।
अलास्का: गरीबी इंसान से क्या-क्या नहीं करा देती, इसकी एक झलक उस वक्त देखने को मिली, जब एक मां ने अपने कलेजे के टुकड़े को इस वजह से अपने से दूर कर दिया, क्योंकि वो उसका पालन-पोषण नहीं कर सकती थी। इस मां ने अपने नवजात बच्चे को गत्ते के डब्बे में रखकर लावारिस छोड़ दिया और साथ ही उसके साथ एक चिट्ठी भी रखी, जिसमें उसने अपनी मजबूरी और अपने दर्द को बयां किया। इस बच्चे को लावारिस हालत में जब एक दूसरी महिला ने देखा, तो उसने पुलिस अधिकारियों को सूचना दी और पूरे मामले को अपने फेसबुक पेज पर पोस्ट किया।

कड़कड़ाती ठंड के बीच गत्ते के डब्बे में मिला मासूम
ये मामला नॉर्थ अमेरिका के अलास्का का है, जहां उसके जन्म के पहले ही दिन इस मासूम को उसकी मां ने अपने से दूर कर दिया। 31 दिसंबर की शाम जब लोग सर्द हवाओं के बीच नए साल का जश्न मना रहे थे, तो अलास्का के फेयरबैंक्स शहर की रहने वाली रॉक्सी लेन को एक गत्ते के डब्बे के अंदर से एक बच्चे के रोने की आवाज आई। आपको बता दें कि अलास्का में इस समय मौसम काफी ठंडा है और जिस दिन रॉक्सी को ये बच्चा मिला, उस दिन वहां का तापमान 10 डिग्री से नीचे था।

'वो मेरे साथ ऐसा बिल्कुल नहीं करना चाहते थे'
रॉक्सी लेन ने अपने फेसबुक पेज पर इस बच्चे के साथ मिली जिस चिट्ठी को पोस्ट किया है, उसमें लिखा है, 'प्लीज मेरी मदद कीजिए। 31 दिसंबर 2021 को आज सुबह 6 बजे मेरा जन्म हुआ है। मेरी मां की गर्भावस्था के 28वें हफ्ते में ही मेरा जन्म हो गया और मैं 12 हफ्ते का प्रीमेच्योर हूं। ना ही मेरे माता-पिता के पास और ना ही मेरे दादा-दादी के पास मुझे पालने के लिए खाना या पैसे नहीं हैं। वो मेरे साथ ऐसा बिल्कुल नहीं करना चाहते थे, लेकिन मजबूरन उन्हें ये करना पड़ा है।'

'खुद से अलग करते हुए मेरी मां को दुख हो रहा है'
इस चिट्ठी में आगे लिखा है, 'मेरी मां को भी मुझे अपने से अलग करते हुए काफी दुख हो रहा है। प्लीज मुझे अपना लीजिए और एक ऐसा परिवार दीजिए, जो लाड़-प्यार के साथ मेरा पालन कर सके। मेरे माता-पिता इसके लिए आप लोगों से भीख मांग रहे हैं। मेरा नाम टेशॉन है।' अलास्का के अधिकारियों ने इस मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि बच्चे को तुरंत नजदीकी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है, जहां वो पूरी तरह से ठीक है।

'आखिर ऐसी क्या मजबूरी रही होगी'
रॉक्सी लेन ने इस मामले को पोस्ट करते हुए कैप्शन में लिखा कि ये बच्चा उन्हें उनके घर के पास मिला। रॉक्सी ने अपनी पोस्ट में लिखा, 'इस घटना के बाद मैं पूरे दिन यही सोचती रही कि किसी के साथ ऐसा कैसे हो सकता है। उसके साथ आखिर ऐसी क्या मजबूरी रही होगी। मैंने अपने परिवार और ब्वॉयफ्रेंड को भी इसके बारे में बताया और अलग-अलग पहलू से इस मामले के बारे में सोचती रही।'

'हो सकता है, उस मां को डॉक्टर की जरूरत हो'
अपनी पोस्ट में रॉक्सी लेन ने आगे लिखा, 'इस बच्चे के माता-पिता युवा रहे होंगे और शायद उन्हें अलास्का के 'सेफ हेवन कानून' की जानकारी नहीं थी। इस कानून के तहत कोई भी माता-पिता अपने उस बच्चे को, जिसे पालने में वो असर्मथ हैं, उसे स्थानीय हॉस्पिटल, चर्च, पुलिस स्टेशन या फायर स्टेशन पर छोड़ सकते हैं। अगर कोई भी इस मां के बारे में जानता हो, तो प्लीज मुझे बताएं, क्योंकि हो सकता है कि उस मां को डॉक्टर की जरूरत हो, या फिर अपने बच्चे को छोड़ने के बाद वो डिप्रेशन की स्थिति में हो।'

'केवल एक नाम और कंबल के टुकड़े के साथ छोड़ दिया'
रॉक्सी लेन ने लिखा है, 'जाहिर है कि हमारे ही समाज में कोई इतना हताश और मजबूर भी है कि उन्हें अपने जीवन का सबसे कठिन फैसला लेना पड़ा। एक मां कितनी मजबूर है कि उसे महज कंबल के एक टुकड़े और एक नाम के साथ अपने मासूम बच्चे को सड़क किनारे छोड़ना पड़ा। इस मां ने बेशक बहुत ही भयावह फैसला लिया है, लेकिन उस मां के दिल में अपने बच्चे के लिए कितना प्यार है कि उसने उसे एक नाम भी दिया। मैंने आज एक बच्चे की जान बचाई है और शायद मैं अपने पूरे जीवनभर टेशॉन के बारे में सोचती रहूंगी।'












Click it and Unblock the Notifications