अमेरिका में फिर से शूटिंग, इंडियाना मॉल के फूड कोर्ट में गोलीबारी, 4 की मौत
इंडियानापोलिस, 18 जुलाई। अमेरिका में गोलीबारी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। एक बार फिर से इंडियाना मॉल में गोलीबारी की घटना सामने आई है। रिपोर्ट के अनुसार मॉल के भीतर एक व्यक्ति ने फूड कोर्ट में गोली चलाना शुरू कर दिया। इस गोलीबारी में चार लोगों की मौत हो गई है जिसमे एक बंदूकधारी भी शामिल है। ग्रीनवुड पुलिस विभाग के चीफ जिम इसोन ने बताया कि कुल 4 लोगों की मौत हुई है, जबकि दो लोग इस घटना में घायल हुए हैं। रविवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस करके पुलिस ने जानकारी देते हुए कहा कि एक हथियारधारी आम व्यक्ति ने शूटर को गोली मार दी, जिसके बाद गोलीबारी रुक गई।

ग्रीनवुड के मेयर ने एक बयान में कहा कि इस शाम ग्रीनवुड पार्क मॉल में शाम को गोलीबारी की घटना सामने आई है। ग्रीनवुड पुलिस विभाग ने हालात पर नियंत्रण पा लिया है। मैं कमांड पोस्ट के सीधे संपर्क में हूं और स्थिति पर मेरी नजर है। मैं लोगों से अपील करूंगा कि वह इस मॉल से दूर रहे। वहीं पुलिस ने कहा कि हमने स्थानीय प्रशासन की मदद की और इलाके को लोगों से खाली करने को कहा है। बता दें कि अमेरिका में गोलीबारी की बढ़ती घटनाओं पर अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन ने कहा कि आम लोगों और बच्चों की सुरक्षा के लिए अमेरिका को असॉल्ट हथियारों पर प्रतिबंध लगाने की जरूरत है। हथियार को खरीदने की उम्र को बढ़ाकर 18 से 21 करने की जरूरत है।












Click it and Unblock the Notifications