Saudi Arabia: NSA अजीत डोभाल पहुंचे जेद्दाह, यूक्रेन शांति वार्ता में होंगे शामिल, क्या युद्ध पर लगेगा विराम?
राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल रूस-यूक्रेन युद्ध पर चर्चा में भाग लेने के लिए शनिवार को सऊदी अरब के जेद्दा पहुंचे। सऊदी अरब में भारतीय राजदूत सुहेल खान और महावाणिज्यदूत मोहम्मद शाहिद आलम ने जेद्दाह हवाईअड्डे पर डोभाल का स्वागत किया। रियाद में भारतीय दूतावास ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी।
भारतीय दूतावास ने ट्वीट करते हुए लिखा कि एनएसए अजीत डोभाल यूक्रेन पर राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकारों की बैठक में हिस्सा लेने के लिए जेद्दा पहुंचे। जेद्दाह हवाई अड्डे पर राजदूत डॉ. सुहेल खान और महावाणिज्य दूत मोहम्मद शाहिद आलम ने उनका स्वागत किया।

बता दें कि रूस के साथ चल रहे संघर्ष के बीच यूक्रेनी राष्ट्रपति वलोडिमिर जेलेंस्की की शांति योजना पर चर्चा करने के लिए तटीय शहर जेद्दा में बैठक आयोजित की जा रही है। विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार को शिखर सम्मेलन में भारत की भागीदारी की पुष्टि की। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने कहा कि भारत इस कार्यक्रम में भाग लेगा और हमारी भागीदारी हमारी लंबे समय से चली आ रही स्थिति के अनुरूप है कि बातचीत और कूटनीति ही आगे बढ़ने का रास्ता है।
रूस की सरकारी समाचार एजेंसी तास ने क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेसकोव के हवाले से कहा कि रूस इस बैठक पर नजर रखेगा लेकिन उसे पूरी तरह से समझने की जरूरत होगी कि क्या लक्ष्य निर्धारित किए जा रहे हैं। वॉल स्ट्रीट जर्नल ने 29 जुलाई को पहली बार चर्चा में शामिल राजनयिकों का हवाला देते हुए शिखर सम्मेलन की रिपोर्ट दी और कहा कि वार्ता 5 और 6 अगस्त को जेद्दा शहर में होगी, जिसमें लगभग 30 देश भाग लेंगे।












Click it and Unblock the Notifications