चीन में हिट हुआ रक्षामंत्री निर्मला सीतारमण का 'नमस्ते', हर जगह हो रही चर्चा
रक्षामंत्री के इस दौरे की कई तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए थे। इसी में से एक वीडियो था जिसमें रक्षामंत्री ने चीनी सैनिकों का अभिवादन करते हुए उन्हें नमस्ते कहा लेकिन चीनी सैनिक...
नई दिल्ली। हाल ही में देश की रक्षामंत्री निर्मला सीतारमण ने चीन से सटे नाथुला क्षेत्र का दौरा किया था। अपने बीच भारतीय रक्षामंत्री को देख कर न केवल भारतीय सैनिक, बल्कि चीनी सैनिक भी काफी उत्साहित थे। रक्षामंत्री के इस दौरे की कई तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए थे। इसी में से एक वीडियो था जिसमें रक्षामंत्री ने चीनी सैनिकों का अभिवादन करते हुए उन्हें नमस्ते कहा लेकिन चीनी सैनिक इसका मतलब नहीं समझ पाए। इसके बाद रक्षामंत्री ने उन्हें इसका मतलब समझाते हुए भारतीय परंपरा से अवगत कराया था।

रक्षामंत्री के इस दौरे और उनके 'नमस्ते डिप्लोमेसी' की चीनी मीडिया में खूब चर्चा है। चीन के एक न्यूज चैनल ने इस वीडियो के बारे में लिखा कि भारतीय रक्षामंत्री ने चीनी सैनिकों का सीमा पर इस तरह से अभिवादन किया। वहीं साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट ने रक्षामंत्री के इस दौरे को 'मैत्री पुल' बताया। रक्षामंत्री का नाथुला क्षेत्र का दौरा हर लिहाज से महत्वपूर्ण है। काफी समय से डोकलाम पर दोनों देशों के बीच तनाव है। ऐसे में निर्मला सीतारमण के दौरे को दोनों देशों के लोगों ने सराहा है।
चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता हुआ चुनयिंग ने कहा कि चीन भारतीय सीमावर्ती क्षेत्र में साझा रूप से शांति बनाए रखने को तैयार है। उन्होंने कहा कि, 'सिक्किम सेक्टर में भारत-चीन सीमा 1890 की ऐतिहासिक संधि से निर्धारित हुई है और नाथुला इस संधि का सर्वश्रेष्ठ प्रमाण है। चीन ऐतिहासिक संधियों और समझौतों के आधार पर संयुक्त रूप से सीमा पर शांति बनाए रखने का इच्छुक है।' रक्षामंत्री बनने के बाद निर्मला सीतारमण का इस क्षेत्र में ये पहला दौरा था।












Click it and Unblock the Notifications