डोनाल्ड ट्रंप से बार-बार चुनाव हार रहीं निक्की हेली, आखिर विवेक रामास्वामी की तरह क्यों नहीं छोड़ रही मैदान?
अमेरिका में 5 नवंबर को राष्ट्रपति पद के लिए चुनाव होने हैं। इस चुनाव से पहले रिपब्लिकन और डेमोक्रेटिक पार्टी में उम्मीदवारी के लिए प्रतियोगिता चल रही है। इसी क्रम में शनिवार को साउथ कैरोलीना राज्य में हुए रिपब्लिकन प्राइमरी चुनाव में एक बार फिर से डोनाल्ड ट्रंप ने जीत हासिल की है।
निक्की हेली को अपने गृह राज्य में भी असफलता हाथ लगी है। इससे पहले आयोवा, न्यू हैंपशायर, नेवादा जैसे अहम राज्यों में भी निक्की हेली को हार नसीब हुई थी। ऐसे में ये पहले से लग रहा था कि साउथ कैरोलीना में भी निक्की हेली कोई कमाल नहीं दिखा पाएंगी।

न्यूयॉर्क टाइम्स के मुताबिक, ट्रम्प को 60.1% वोट मिल चुके हैं, जबकि भारतीय मूल की निक्की हेली को 39.2% वोट हासिल हुए। अब जबकि ट्रंप के सारे प्रतिद्वंदियों ने एक-एककर मैदान छोड़ दिया है, निक्की हेली एकमात्र ऐसी उम्मीदवार हैं जो पूर्व राष्ट्रपति के खिलाफ अभी भी टिकी हुई हैं।
साउथ कैरोलीना से सांसद रह चुकीं निक्की हेली ने चुनाव नतीजे आने के बाद कहा, "मैं हार नहीं मानूंगी। चुनाव से पीछे नहीं हटूंगी।" निक्की हेली ने कहा, "इस सप्ताह की शुरुआत में कहा था कि साउथ कैरोलिना में चाहे कुछ भी हो जाए, मैं राष्ट्रपति पद के लिए दौड़ती रहूंगी। मैं अपने शब्दों पर कायम रहने वाली महिला हूं।"
निक्की हेली ने कहा कि वह 5 मार्च को होने वाले 'सुपर ट्यूजडे' को होने वाली लड़ाई में भाग लेंगी। सुपर ट्यूजडे में निक्की हेली के लिए इस रेस को पलटने का आखिरी मौका है। 5 मार्च को 15 राज्यों और डीसी में रिपब्लिक पार्टी के लोग मतदान करेंगे। हेली ने चार्ल्सटन में एक वॉच पार्टी में समर्थकों से कहा, "मैं आभारी हूं कि अभी हमारी कहानी का अंत नहीं हुआ है।"
हार क्यों नहीं मान रहीं निक्की हेली?
विश्लेषकों का कहना है कि निक्की हेली अब इस साल होने वाले राष्ट्रपति चुनाव के लिए नहीं बल्कि 2028 की दौड़ के लिए अपनी प्रोफ़ाइल को मजबूत कर रही हैं। इस बीच यदि कानूनी या स्वास्थ्य समस्याएं ट्रम्प को राष्ट्रपति पद की रेस से बाहर कर देती हैं तो ये उनके लिए सोने पर सुहागा साबित होगा।
आपको बता दें कि डोनाल्ड ट्रंप चार आपराधिक अभियोगों का सामना कर रहे हैं। इनमें से 2 मामले चुनाव में छेड़छाड़ और कैपिटल हिल दंगा से संबंधित हैं। ऐसी अटकलें हैं कि अगर ट्रंप को उन मामलों में दोषी ठहराया जाता है तो वे राष्ट्रपति पद की दौड़ छोड़ सकते हैं। यदि ऐसा हुआ, तो यह हेली को राष्ट्रपति पद के मुकाबले में सबसे आगे और केंद्र में खड़ा कर देगा।












Click it and Unblock the Notifications