Nikitha Godishala: पैसों का विवाद या कुछ और? USA में भारतीय एनालिस्ट की हत्या को लेकर पिता ने खोला बड़ा राज!
Nikitha Godishala Murder Case: अमेरिका के मैरीलैंड राज्य से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। हैदराबाद की 27 वर्षीय निकिता गोदिशाला का शव कोलंबिया शहर के एक अपार्टमेंट से बरामद हुआ है। निकिता के शरीर पर चाकू से हमले के कई निशान मिले हैं, जो घटना की भयावहता को बयां कर रहे हैं। इस मामले में मुख्य संदिग्ध अर्जुन शर्मा है, जिसके खिलाफ अमेरिकी पुलिस ने हत्या का वारंट जारी किया है।
निकिता के पिता आनंद गोदिशाला ने उन मीडिया दावों को सिरे से खारिज कर दिया है जिनमें आरोपी को निकिता का 'पूर्व प्रेमी' बताया जा रहा था। उन्होंने स्पष्ट किया कि अर्जुन केवल निकिता का पूर्व रूममेट था। परिवार का आरोप है कि आरोपी ने पहले पुलिस को गुमराह किया और फिर भारत फरार हो गया। अब परिवार अपनी बेटी के पार्थिव शरीर को घर लाने और आरोपी को सख्त सजा दिलाने के लिए सरकार से न्याय की गुहार लगा रहा है।

'वह प्रेमी नहीं, सिर्फ रूममेट था'
निकिता के पिता आनंद गोदिशाला ने मीडिया के सामने आकर स्थिति स्पष्ट की है। उन्होंने कहा कि अर्जुन शर्मा उसी अपार्टमेंट में निकिता और दो अन्य लोगों के साथ रहता था। उनके बीच किसी भी तरह का प्रेम संबंध नहीं था। पिता ने यह भी बताया कि निकिता को हाल ही में पता चला था कि अर्जुन ने कई लोगों से भारी मात्रा में पैसे उधार लिए थे और वह भारत लौटने की फिराक में था। हालांकि, हत्या के पीछे पैसों का ही विवाद है या कुछ और, इसकी पुष्टि अभी निकिता के अन्य दोस्तों से बात करने के बाद ही हो पाएगी।
31 दिसंबर को हुई थी आखिरी बात
परिवार के लिए यह खबर किसी पहाड़ टूटने से कम नहीं है। नए साल की पूर्व संध्या, 31 दिसंबर को निकिता ने अपने पिता को फोन कर शुभकामनाएं दी थीं। उस बातचीत के दौरान निकिता बिल्कुल सामान्य थी और उसने किसी भी तरह के खतरे या तनाव का जिक्र नहीं किया था। इसके ठीक दो दिन बाद, 2 जनवरी को परिवार को उसके लापता होने की सूचना मिली।
शिकायत दर्ज कराकर भारत फरार
इस मामले में सबसे चौंकाने वाला पहलू आरोपी अर्जुन शर्मा का व्यवहार है। परिवार का आरोप है कि अर्जुन ने खुद पहले अमेरिकी पुलिस से संपर्क किया और निकिता के लापता होने की झूठी शिकायत दर्ज कराई ताकि खुद पर शक न हो। इसके तुरंत बाद वह अमेरिका छोड़कर भारत भाग आया। मैरीलैंड पुलिस ने अब अर्जुन के खिलाफ फर्स्ट डिग्री मर्डर का वारंट जारी किया है और उसकी तलाश तेज कर दी है।
मेधावी छात्रा और 'बेस्ट एम्प्लॉयी' थी निकिता
निकिता गोदिशाला का करियर बेहद शानदार था। वह पिछले 4 साल से अमेरिका में रह रही थी, जहां उन्होंने एमएस (MS) की पढ़ाई पूरी की थी। वह कोलंबिया में एक प्रतिष्ठित हेल्थ कंपनी में 'डेटा और रणनीति विश्लेषक' के तौर पर कार्यरत थी। उसके चाचा संतोष कुमार ने बताया कि निकिता इतनी मेहनती थी कि उसे पिछले महीने ही कंपनी की ओर से "बेस्ट एम्प्लॉयी" का अवार्ड मिला था। वह आखिरी बार तीन साल पहले अपने घर हैदराबाद आई थी।
सरकार से मदद की गुहार
हैदराबाद के तारनाक इलाके में रहने वाला निकिता का परिवार अब पूरी तरह टूट चुका है। उन्होंने भारत सरकार और तेलंगाना सरकार से अपील की है कि निकिता के पार्थिव शरीर को जल्द से जल्द हैदराबाद लाने की व्यवस्था की जाए।
साथ ही परिवार ने बेटी के लिए इंसाफ की गुहार लगाते हुए फरार आरोपी अर्जुन शर्मा को पकड़कर कड़ी से कड़ी सजा देने की अपील की है। परिवार का कहना है कि अमेरिकी प्रशासन के साथ समन्वय कर मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जाए।












Click it and Unblock the Notifications