यूनियन जैक छीन रहा है न्यूजीलैंड की पहचान, अब बदलेगा झंडा
वेलिंगटन। न्यूजीलैंड वर्ष 2016 में एक जनमत संग्रह कराने जा रहा है और इस जनमत संग्रह का मकसद है अपने राष्ट्रीय ध्वज को बदलना।

प्रधानमंत्री जॉन की को उम्मीद है कि इस जनमत संग्रह के बाद देश के राष्ट्रीय झंडे में मौजूद ब्रिटिश यूनियन जैक को हटाया जा सकेगा और इसकी जगह पर न्यूजीलैंड का पारंपरिक निशान वह सिल्वर फर्न होगा जो पिछले कई वर्षों से इसकी पहचान बना हुआ है।
बुधवार को आया शेड्यूल
जॉन की ने बुधवार को इस बारे में घोषणा की और न्यूजीलैंड के नागरिकों से इस नए मसले पर वोट डालने की अपील भी की है। जॉन की ने इस पूरे मसले पर एक शेड्यूल भी जारी कर दिया है।
जॉन की ने इस बारे में कहा है कि किसी जमाने में ब्रिटिश समुदाय का हिस्सा रहे न्यूजीलैंड के लिए अब यह जरूरी हो गया है कि वह अपनी खुद की पहचान बनाए न कि एक सदी के बाद ही पुराने बैनर के तले ही आगे बढे।
जॉन की ने अपने नागरिकों को संबोधित करते हुए कहा, 'हमारा अपना झंडा हमारी अपनी राष्ट्रीय पहचान के लिए काफी अहम है और मुझे पूरा विश्वास है कि यही समय है जब हर न्यूजीलैंडर को इस झंडे की डिजायन को बदलने के लिए आगे आना चाहिए। अगर ऐसा होता है तो हम एक आधुनिक और स्वतंत्र देश का दर्जा हासिल कर सकेंगे।'
कैसा होना चाहिए नया झंडा
की ने इससे पहले यह बात कही थी कि न्यूजीलैंड के झंडे में ब्लैक बैकग्राउंड में सिल्वर फर्न डिजाइन वाला नया झंडा न्यूजीलैंड की पहचान होनी चाहिए। वहीं
न्यूजीलैंड के कई नागरिक भी की की इस बात का समर्थन करते आ रहे हैं।
सर्वे में अलग-अलग राय
इससे पहले न्यूजीलैंड में इसी वर्ष फरवरी में एक सर्वे हुआ था इस सर्वे में 72 प्रतिशत लोग इस बदलाव के खिलाफ थे तो वहीं 28 प्रतिशत लोगों ने इसके पक्ष में रजामंदी जाहिर की थी। इसके बाद मार्च में हुए एक और सर्वे में जहां 52 प्रतिशत लोग इस बदलाव के खिलाफ थे तो वहीं 40.6% लोगों ने इसके पक्ष में वोट दिया था।
वर्ष 1869 में आया न्यूजीलैंड का झंडा
फिलहाल न्यूजीलैंड के झंडे में चार सितारे हैं जो सर्दन क्रॉस कांस्टलेशन को एक डार्क ब्लू बैकग्रांउड में दिखाते हैं। सबसे ऊपर बायीं ओर यूनियन जैक है। इस झंडे को पहली बार न्यूजीलैंड के लिए वर्ष 1869 में प्रयोग किया गया था और वर्ष 1902 में इसे पूरी तरह से न्यूजीलैंड ने अपना लिया।












Click it and Unblock the Notifications