सूटकेस में मिले 2 बच्चों के शव,न्यूजीलैंड पुलिस के लिए केस बन गई 'मिस्ट्री', डिटेक्टिव खोज रहे हैं 'सुराग'
पुलिस अधिकारियों ने अब उन हैवान दरिंदों को खोजने की कसम खाई है, जिन्होंने इन मासूमों की बड़ी बेदर्दी से हत्या कर दी थी।
वेलिंगटन, 18 अगस्त : न्यूजीलैंड में ऑक्शन में खरीदे गए दो सूटकेसों के अंदर दो छोटे बच्चों के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। जानकारी के मुताबिक, दक्षिण ऑकलैंड में एक परिवार ने 11 अगस्त को एक ऑक्शन में बोली लगाई थी। जब उन्होंने सूटकेस प्राप्त किया और बाद में जब खोलकर देखा तो लोगों के होश उड़ गए। दोनों सूटकेसों के भीतर दो बच्चों के शव पाए गए।

दो सूटकेस में बच्चों के शव मिले
न्यूजीलैंड पुलिस ने गुरुवार को पुष्टि की कि ऑकलैंड नीलामी में खरीदे गए दो सूटकेस में पाए गए मानव अवशेष दो प्राइमेरी स्कूल आयु वर्ग के बच्चों के थे। पुलिस अधिकारियों ने अब उन हैवान दरिंदों को खोजने की कसम खाई है, जिन्होंने इन मासूमों की बड़ी बेदर्दी से हत्या कर दी थी। न्यूजीलैंड के पुलिस डिटेक्टिव इंस्पेक्टर टोफिलौ फामानुइया वैएलुआ ने गुरुवार को कहा कि पुलिस का मानना है कि पांच से दस साल के बच्चों के शव सालों से सूटकेस में बंद थे। दोनों ही सूटकेस एक आकर के हैं। पुलिस के मुताबिक जिस परिवार ने स्टोरेज यूनिट से यह सामान खरीदा है, वह किसी भी तरह से घटना में शामिल नहीं है।

शव काफी पुराने हो चुके हैं
पुलिस डिटेक्टिव इंस्पेक्टर टोफिलौ फामानुइया वैएलुआ ने आगे बताया कि, शवों के काफी साल पुराना होने के चलते उन्हें बहुत मुश्किल हो रही है।पुलिस डिटेक्टिव इंस्पेक्टर ने आगे कहा, स्टोरेज यूनिट से सामान खरीदने वाले परिवार इस घटना के बाद से काफी दुखी हैं और उन्होंने गोपनीयता की मांग की है। इंस्पेक्टर वैएलुआ ने कहा कि, सूटकेस के साथ मिले घरेलू और व्यक्तिगत सामान पीड़ितों की पहचान करने के लिए सुराग देने में मदद कर रहे हैं। स्टोरेज यूनिट और संपत्ति जहां सूटकेस ले जाया गया था, दोनों की फोरेंसिक विशेषज्ञों द्वारा पूरी तरह से जांच की गई है। वैएलुआ ने यह भी खुलासा किया कि न्यूजीलैंड पुलिस अपनी जांच में अंतरराष्ट्रीय आपराधिक एजेंसी इंटरपोल के साथ इस केस में काम कर रही है। उन्होंने कहा कि, पीड़ितों के परिजन न्यूजीलैंड के रहने वाले बताए जा रहे हैं।

बच्चों की पहचान अभी तक नहीं हुई है
इंस्पेक्टर वैएलुआ ने कहा कि, बच्चों की पहचान अब तक नहीं हो पाई है। अफसोस की उनका परिवार अभी तक यही सोच रहा होगा कि उनके बच्चे जीवित होंगे, हालांकि, वे मर चुके हैं। उन्होंने कहा, "हम में से बहुत से (पुलिस में) माता-पिता हैं और हमें एक काम करना है, हम पीड़ितों की पहचान करने की पूरी कोशिश कर रहे हैं। इस हत्या के बाद अब बच्चों के शवों से डीएनए सैंपल लेकर पूछताछ की जा रही है। कार्य प्रगति पर है और कोशिश कर रहे हैं कि जल्द से जल्द हत्यारे हमारे गिरफ्त में आ जाएं।

ऑनलाइन बोली लगाई थी
आपको बता दें कि परिवार ने स्टोरेज लॉकर की सामग्री पर ऑनलाइन बोली लगाई थी। इन बोलियों में खरीदारों को नीलामी से पहले सामग्री के अंदर देखने की अनुमति नहीं होती है। ऐसे में यह बोली पूर्ण रूप से सामान के बाहरी रूप को देखकर ही लगायी जाती है। पुलिस अधिकारी ने आगे बताया कि फ़िलहाल बच्चों की पहचान नहीं हो पायी हैं।












Click it and Unblock the Notifications