सब्सक्राइबर घटने से परेशान नेटफ्लिक्स ने उठा लिया ये कदम, हॉटस्टार, प्राइम की कर देगा छुट्टी!
ग्राहकों को अपनी ओऱ लुभाने और नुकसान कम के लिए नेटफ्लिक्स नए कदम उठाने जा रहा है। अक्टूबर से पासवर्ड शेयरिंग पर चार्ज लगाने के साथ ही नेटफ्लिक्स अब विज्ञापन के साथ सस्ती योजनाएं लाने की कोशिशों में जुट गया है।
वाशिंगटन, 15 मईः ओटीटी मार्केट का बेताज बातशाह नेटफ्लिक्स के लिए फिलहाल चुनौतीपूर्ण वक्त चल रहा है और इसका यूजरबेस लगातार कम हो रहा है। पिछले एक दशक में पहली बार इसका रेवन्यू और सब्सक्राइबर काउंट दोनों कम हुए हैं। नेटफ्लिक्स ने खुलासा किया कि उसने साल के पहले तीन महीनों में लगभग 200,000 ग्राहक खो दिए हैं। ऐसा एक दशक में पहली बार हुआ है और चौंकाने वाली बात यह है कि आने वाले महीनों में कंपनी को दो मिलियन सब्सक्राइबर और खोने की उम्मीद है। ऐसे में ग्राहकों को अपनी ओऱ लुभाने और नुकसान कम के लिए नेटफ्लिक्स नए कदम उठाने जा रहा है।

ऐड-सपोर्टेड प्लान लाने पर हो रहा विचार
अक्टूबर से पासवर्ड शेयरिंग पर चार्ज लगाने के साथ ही नेटफ्लिक्स अब विज्ञापन के साथ सस्ती योजनाएं लाने की कोशिशों में जुट गया है। यह लोगों के लिए आश्चर्यजनक है क्योंकि लंबे समय से नेटफ्लिक्स पर विज्ञापन की योजनाओं को खारिज किया जाता रहा है। लेकिन अब नेटफ्लिक्स के सब्सक्रिप्शन में अचानक गिरावट आने के बाद कंपनी विज्ञापन के साथ सस्ती योजनाओं पर जुट गयी है। नेटफ्लिक्स कंपनी के सीईओ रीड हेस्टिंग्स जो लगातार नेटफ्लिक्स पर किसी विज्ञापन की योजनाओं से इंकार करते थे, लेकिन लगता है अब उन्होंने भी अपना मन बदल लिया है।

बाकी ओटीटी प्लेटफॉर्म को मिलेगी चुनौती
ऐड-सपोर्टेड प्लान यानी कि विज्ञापन के साथ कंटेंट दिखाने की सूरत में नेटफ्लिक्स के प्लान और सस्ते होंगे। ऐसे में संभव है कि नेटफ्लिक्स छोड़ चुके यूजर्स एक बार फिर से यहां का रूख करें। अगर ऐसा होता है तो नेटफ्लिक्स, हॉटस्टार और अमेजन प्राइम को जबरदस्त चुनौती दे सकेगा। आपको बता दें कि नेटफ्लिक्स भले ही वर्ल्डवाइड सबसे अधिक सब्सक्राइबर रखने वाला ओटीटी प्लेटफॉर्म है मगर भारत में वह पिछड़ा हुआ है। कंपनी को उम्मीद है कि ऐड सपोर्ट प्लान लाकर वह कई मिलियन सब्सक्राइबर जोड़ सकता है। ऐसा होता है तो बाकी ओटीटी प्लेटफॉर्म को कड़ी चुनौती मिलनी तय है।

नेटफ्लिक्स के घटे, हॉटस्टार के सब्सक्राइबर बढ़े
आपको बता दें कि जहां नेटफ्लिक्स के सब्सक्राइबर्स लगातार कम हो रहे हैं वहीं, डिज्नी प्लस के सब्सक्राइबर्स इस साल बढ़े हैं। रिपोर्ट के मुताबिक डिज्नी प्लस ने इस साल 79 लाख नए यूजर्स जुटाए हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक उम्मीद है कि साल 2022 के अंत तक नेटफ्लिक्स की यह योजना काम करने लगेगी। इसके साथ ही कंपनी पासवर्ड साझा करने पर अतिरिक्त शुल्क लेने की योजना पर भी काम कर रही है। नेटफ्लिक्स के अधिकारियों ने एक नोट में साझा किया है कि पासवर्ड शेयर करने पर कार्रवाई 2022 के अंतिम तीन महीने यानी कि अक्टूबर में शुरू होने की संभावना है।

नेटफ्लिक्स कर रहा प्रयोग
कुछ जगहों पर नेटफ्लिक्स उन ग्राहकों से एक्स्ट्रा चार्ज ले रहा है जिन्होंने अपनी अकाउंट डिटेल्स को किसी दूसरे के साथ शेयर किया हुआ है। यह पहली बार चिली, कोस्टा रिका और पेरू में आजमाया गया था, जहां नेटफ्लिक्स ने उन खातों में लगभग 3 डॉलर का सरचार्ज जोड़ा जो किसी और के साथ अपना नेटफ्लिक्स शेयर कर रहे हैं। नेटफ्लिक्स इससे प्रभावित हुआ है और अब इसे हर उस क्षेत्र में लागू किए जाने की संभावना है जहां नेटफ्लिक्स संचालित होता है।

ये है अबतक का सबसे सस्ता प्लान
आपको बता दें कि भारत में नेटफ्लिक्स का सबसे सस्ता प्लान 149 रुपये प्रति महीना है। यूजर्स को इस प्लान के साथ एड-फ्री वॉच एक्सपीरियंस मिलता है। इस नेटफ्लिक्स प्लान में यूजर्स को 480पी की वीडियो क्वालिटी के साथ स्मार्टफोन और टैबलेट पर स्ट्रीमिंग की सुविधा मिलती है। भारत में इसके अतिरिक्त 199, 499 और 649 के नेटफ्लिक्स प्लान भी मौजूद हैं।












Click it and Unblock the Notifications