नेपाली सेना ने भारतीय सीमा में दफनाया कोरोना संक्रमित शव, वीडियो वायरल होने पर मचा हंगामा
लखनऊ। नेपाल की संसद द्वारा हाल ही पास किए गए विवादित नक्शे के बाद भारतीय खुफिया एजेंसियां बॉर्डर पर अलर्ट हो गई हैं। इसी बीच भारतीय सीमा में नेपाली सुरक्षा एजेंसियों के लोगों ने एक कोरोना संक्रमित शव को दफना दिया है। इस घटना के सामने आने के बाद भारतीय प्रशासन में खलबली मच गई है। आनन-फानन में एसएसबी कमांडेंट व उपनिदेशक दुधवा पार्क पहुंचे और हालात का जायजा लिया।

वीडियो वायरल होने के बाद मचा हंगामा
बता दें कि नेपाल में कोरोना पॉजिटिव एक नेपाली युवक का निधन हो गया था। जिसके बाद नेपाली सेना की देखरेख में उसका शव भारतीय सीमा के फारेस्ट एरिया में दफना दिया गया। लेकिन युवक के शव को दफनाने का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। वायरल वीडियो सामने आने के बाद भारतीय सुरक्षा एजेंसियां हरकत में आ गईं। शव दफनाने वाले स्थल की लोकेशन मिलने के बाद एसएसबी कमांडेंट मुन्ना सिंह समेत आला अधिकारियों ने घटनास्थल का दौरा किया है।

नेपाली सेना की शह पर दफनाया गया शव
जांच पड़ताल में पता चला कि धनगढ़ी के 46 वर्षीय व्यक्ति की कोरोना के चलते मौत हुई थी। उसका नेपाली सुरक्षाबल के जवानों की देखरेख में मोहाना नदी के तट पर भारतीय सीमा में दफन किया गया था। एसएसबी कमांडेंट ने गश्त करने वाले जवानों और वनकर्मियों को जानकारी न होने पर कड़ी नाराजगी जताई और सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। दो देशों का मामला होने के कारण डीएम शैलेंद्र कुमार सिंह को पार्क के डीडी मनोज सोनकर ने रिपोर्ट भेजी है।

दोनों पक्षों में बातचीत जारी
डीएम शैलेंद्र कुमार सिंह बताया कि, इस इलाके में पहले नदी घाट के किनारे नेपालियों का अंतिम संस्कार होता रहा है, कटान के बाद नदी कई फिट अंदर आ गई है जिससे नदी का घाट भी भारतीय क्षेत्र में आ गया है। जिस स्थान पर शव दफन किया गया वह भारतीय क्षेत्र में है। इस मामले को लेकर नेपाल के अधिकारियों से बात की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications