नेपाल के प्रधानमंत्री प्रचंड दिल्ली पहुंचे, मंत्री मीनाक्षी लेखी ने किया स्वागत, अजित डोभाल से होगी भेंट
यात्रा के दौरान प्रचंड 1 जून को हैदराबाद हाउस में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ द्विपक्षीय बैठक करेंगे। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच बॉर्डर विवाद को लेकर भी चर्चा हो सकती है।

नेपाल के प्रधानमंत्री पुष्प कमल दहल प्रचंड बुधवार को अपनी बेटी गंगा दहल के साथ 4 दिन के दौरे पर नई दिल्ली पहुंच गए हैं। प्रचंड की अगवानी एयरपोर्ट पर भारत की विदेश राज्य मंत्री मीनाक्षी लेखी ने की। पीएम के रूप में ये उनका चौथा दौरा है।
नेपाली पीएम प्रचंड अपने दौरे के पहले दिन भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोभाल से मिलेंगे। मंगलवार शाम सात बजे नई दिल्ली स्थित नेपाली दूतावास में प्रचंड के स्वागत में रात्रिभोज का आयोजन हो रहा है।
यात्रा के दूसरे दिन गुरुवार को दिन में 11 बजे प्रचंड की भेंट भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से हैदराबाद हाउस में होगी। इस द्विपक्षीय बैठक में दोनों नेताओं के बीच बॉर्डर विवाद को लेकर भी चर्चा हो सकती है।
हैदराबाद हाउस में नेपाल के PM के सम्मान में खास लंच भी आयोजित किया जाएगा। इसके बाद प्रचंड राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ से मुलाकात करेंगे। इसी दिन शाम में प्रचंड की मुलाकात भारत के कारोबारियों से होगी जहां वे नेपाल-भारत बिजनेस समिट को संबोधित करेंगे।
इसके बाद पीएम प्रचंड भारत में मौजूद नेपाली समुदाय के लोगों से भी मुलाकात करेंगे। इसके बाद 3 जून को वो एक कार्यक्रम के लिए इंदौर जाएंगे। यहां वे राज्यपाल से भी मिलेंगे। इसके बाद नेपाली PM के महाकाली की नगरी उज्जैन जाने की भी संभावना है।
यह यात्रा नेपाल और भारत के बीच सदियों पुराने, बहुआयामी और सौहार्दपूर्ण संबंधों को और मजबूत करेगी। रिपोर्ट के मुताबिक, उन्हें चीन की तरफ से भी बुलावा आया था, लेकिन प्रचंड पहले भारत की यात्रा करना चाहते थे, इसीलिए फिलहाल उन्होंने चीन के दौरे का प्लान नहीं बनाया है।












Click it and Unblock the Notifications