आज भारतीय राजदूत से वन-टू-वन बैठक करेंगे नेपाल के पीएम बालेन शाह, किन मुद्दों पर होगी चर्चा?
Balen Shah Indian Diplomats Meeting: नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह अब भारत, चीन और अमेरिका के साथ अपने कूटनीतिक रिश्तों को नई दिशा देने की तैयारी में हैं। प्रधानमंत्री बनने के 100 से ज्यादा दिनों बाद बालेन पहली बार तीनों देशों के प्रमुख राजनयिक प्रतिनिधियों के साथ अलग-अलग वन-टू-वन बैठक करेंगे। सोमवार (10 अगस्त) को उनकी पहली मुलाकात भारत के राजदूत नवीन श्रीवास्तव से होगी।
इसके बाद वह चीन के राजदूत झांग माओमिंग से बातचीत करेंगे। मंगलवार को अमेरिकी दूतावास के चार्ज डी अफेयर्स स्कॉट अर्बोम से उनकी मुलाकात होगी। इन बैठकों को नेपाल की विदेश नीति में अहम बदलाव के तौर पर देखा जा रहा है।

भारत के राजदूत नवीन श्रीवास्तव से होगी पहली मुलाकात
प्रधानमंत्री बालेन शाह आज यानी 10 अगस्त को नेपाल में भारत के राजदूत नवीन श्रीवास्तव से मुलाकात करेंगे। यह पहली बार होगा जब बालेन किसी देश के राजदूत के साथ अकेले में औपचारिक बातचीत करेंगे। अब तक वह विदेशी राजदूतों के साथ सामूहिक बैठकों को प्राथमिकता देते रहे हैं। माना जा रहा है कि भारत के साथ द्विपक्षीय संबंध, आपसी सहयोग और दोनों देशों के बीच आगे की रणनीति बैठक के प्रमुख मुद्दे हो सकते हैं।
ये भी पढ़ें: फायरिंग, आग और कर्फ्यू! एक बार फिर क्यों सुलग उठा नेपाल? 3 की हो चुकी है मौत, बालेन शाह का अपील भी बेअसर
चीन के राजदूत से भी करेंगे वन-टू-वन बातचीत
भारत के राजदूत से मुलाकात के बाद बालेन शाह चीन के राजदूत झांग माओमिंग से भी बातचीत करेंगे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, दोनों के बीच बैठक सोमवार दोपहर बाद होगी। भारत और चीन नेपाल के दो प्रमुख पड़ोसी देश हैं, इसलिए काठमांडू के लिए दोनों के साथ संतुलित संबंध बनाए रखना महत्वपूर्ण है। बैठक में व्यापार, कनेक्टिविटी, विकास परियोजनाओं और द्विपक्षीय सहयोग से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है।
मंगलवार को अमेरिकी अधिकारी से मुलाकात
बालेन शाह मंगलवार को अमेरिकी दूतावास के चार्ज डी अफेयर्स स्कॉट अर्बोम के साथ वन-टू-वन बैठक करेंगे। प्रधानमंत्री बनने के बाद यह पहली बार होगा जब वह अमेरिकी प्रतिनिधि के साथ इस तरह की औपचारिक बातचीत करेंगे। नेपाल और अमेरिका के बीच विकास सहयोग, आर्थिक साझेदारी और क्षेत्रीय मुद्दे अहम विषय हो सकते हैं। भारत और चीन के बाद अमेरिका के प्रतिनिधि से बैठक को भी बालेन की नई कूटनीतिक सक्रियता से जोड़कर देखा जा रहा है।
पहले सामूहिक बैठकों को दी थी प्राथमिकता
प्रधानमंत्री बनने के बाद बालेन शाह ने विदेशी राजदूतों से अलग-अलग मुलाकात करने की परंपरा से दूरी बनाए रखी थी। 8 अप्रैल को उन्होंने भारत और चीन समेत 17 देशों के राजदूतों और मिशन प्रमुखों के साथ सामूहिक शिष्टाचार बैठक की थी। अमेरिकी अधिकारियों के साथ प्रस्तावित कुछ वन-टू-वन बैठकें भी नहीं हुई थीं। हालांकि, जुलाई में एशियाई विकास बैंक के अध्यक्ष मासातो कांडा से उन्होंने अलग से मुलाकात की थी।
ये भी पढे़ं: भारत को चिढ़ाने की कोशिश में बालेन सरकार? नेपाल जारी कर रहा ऐसा सिक्का, देखते ही दिल्ली तक मचा हड़कंप
सांप्रदायिक हिंसा के बाद टली थीं बैठकें
भारत, चीन और अमेरिका के प्रतिनिधियों के साथ बालेन शाह की ये बैठकें करीब दो हफ्ते पहले ही तय हो गई थीं, लेकिन सुनसरी और अन्य जिलों में हुई सांप्रदायिक हिंसा के बाद कार्यक्रम टाल दिया गया था। हालात सामान्य होने के बाद अब तीनों देशों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक का नया कार्यक्रम तय किया गया है। इससे पहले जून में नेपाल के विदेश मंत्री भारत और चीन का दौरा कर चुके हैं। ऐसे में बालेन की बैठकें उसी कूटनीतिक दिशा को आगे बढ़ाने वाला कदम मानी जा रही हैं।


Click it and Unblock the Notifications
