उम्मीद खत्म! नेपाल प्लेन क्रैश में अब तक 68 शव बरामद, अंधेरा होने की वजह से रुका रेस्क्यू ऑपरेशन
नेपाल विमान दुर्घटना में मरने वालों की संख्या बढ़कर 68 हो गई है। सुबह से जारी रेस्क्यू ऑपरेशन को फिलहाल रोक दिया गया है।

Nepal Plane Crash Update: नेपाल में रविवार को बड़ा विमान हादसा हो गया। नेपाल के पोखरा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के रनवे पर यति एयरलाइंस की ATR-72 पैसेंजर फ्लाइट दुर्घटनाग्रस्त हो गई है। इस प्लेन में में 68 यात्रियों समेत कुल 72 लोग सवार थे। सिविल एविएशन अथॉरिटी ने बताया कि विमान दुर्घटना में मरने वालों की संख्या बढ़कर 68 हो गई है। वहीं सुबह से जारी रेस्क्यू ऑपरेशन को फिलहाल रोक दिया गया है।
मंगलवार सुबह फिर से शुरू होगा तलाशी अभियान
जानकारी के मुताबिक पोखरा में चल रहा स्थानीय लोगों के साथ सुरक्षाकर्मियों का बचाव अभियान रोक दिया है। सेना के एक अधिकारी के अनुसार अंधेरा होने की चलते सर्च ऑपरेशन पर फिलहाल रोक लगा दी गई है। कल यानी मंगलवार सुबह फिर से तलाशी अभियान शुरू किया जाएगा।
मैकेनिकल खराबी की वजह से हुआ हादसा
वहीं मैकेनिकल खराबी की वजह से हादसा होने की बात सामने आई है। सिविल एविएशन अथॉरिटी ऑफ नेपाल ने प्लेन क्रैश दुर्घटना को लेकर बताया कि मैकेनिकल खराबी के चलते हादसा हुआ है, हालांकि उड़ान से पहले सभी तकनीकी जांच प्रक्रिया को पूरा किया गया था। उस दौरान कोई भी खराबी नहीं दिखाई दी थी।
चश्मदीद लोगों ने बताया हादसे के बाद का मंजर
इधर, एक चश्मदीद दीपक साही ने भयानक विमान दुर्घटना को याद करते हुए कहा कि हमने एक तेज आवाज सुनी और घटनास्थल पर पहुंचे (जहां विमान दुर्घटना हुई थी)। वहां हमने मलबे में कुछ घायल लोगों और शवों को देखा। ऐसे ही घटना के एक चश्मदीद महमूद खान ने कहा कि हम अपने घरों में थे, जब हमने एक तेज आवाज सुनी और धुएं का एक बड़ा बादल देखा (उस स्थान पर जहां एक विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ था)। हम अपने दोस्तों के साथ मौके पर पहुंचे और घायल लोगों को बचाने का प्रयास किया।
जांच के लिए पांच सदस्यीय कमेटी का गठन
वहीं हादसे के बाद नेपाल के प्रधानमंत्री पुष्प कमल दहल प्रचंड ने आपात बैठक बुलाई, जिसमें हादसे के कारणों की जांच के लिए पांच सदस्यीय कमेटी का गठन किया गया है। साथ ही नेपाल में कल सार्वजनिक अवकाश की घोषणा की गई है।












Click it and Unblock the Notifications