भगोड़े नवाज शरीफ लौट रहे हैं पाकिस्तान, बनेंगे प्रधानमंत्री... शहबाज शरीफ की चुनाव से पहले भविष्यवाणी
Nawaz Sharif News: भ्रष्टाचार के आरोपों में पहले जेल की सजा और फिर पाकिस्तान छोड़कर भागने वाले पूर्व प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ, वापस पाकिस्तान लौटने वाले हैं। पाकिस्तान में चल रहे राजनीतिक उथल-पुथल के बीच, जब देश आम चुनाव की तरफ बढ़ रहा है, प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने गुरुवार को कहा, कि पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (पीएमएल-एन) सुप्रीमो नवाज शरीफ अगले महीने देश लौटेंगे।
शहबाज शरीफ ने जियो न्यूज के कैपिटल टॉक कार्यक्रम के वरिष्ठ पत्रकार हामिद मीर के साथ एक इंटरव्यू में कहा, कि कार्यवाहक सरकार के कार्यभार संभालते ही, वह अपने बड़े भाई नवाज से मिलने के लिए लंदन जाएंगे।

अगले महीने पाकिस्तान लौटेंगे नवाज शरीफ
शहबाज शरीफ ने हामिद मीर को दिए इंटरव्यू में कहा है, कि "नवाज शरीफ अगले महीने पाकिस्तान वापस आएंगे और कानून का सामना करेंगे और चुनाव अभियान का नेतृत्व करेंगे।" हालांकि, शहबाज शरीफ ने नवाज शरीफ के पाकिस्तान लौटने की तारीख नहीं बताई, लेकिन उन्होंने कहा, कि वो अगले महीने देश लौट आएंगे।
आपको बता दें, कि नवाज शरीफ स्वास्थ्य कारणों का हवाला देकर नवंबर 2019 में इलाज के लिए लंदन गये थे और उसके बाद वहीं निर्वासित जीवन जी रहे हैं, जबकि नवाज शरीफ को पाकिस्तान में रहकर जेल की सजा पूरी करनी चाहिए थे।
साल 2016 में सुप्रीम कोर्ट द्वारा संपत्ति छुपाने के मामले में नवाज को आजीवन अयोग्य ठहराए जाने के बाद नवाज ने प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था।
नवाज शरीफ को पाकिस्तान की राष्ट्रीय जवाबदेही ब्यूरो (एनएबी) द्वारा दायर, अल-अजीजिया और एवेनफील्ड अपार्टमेंट मामले में दोषी ठहराया गया था, जो पनामा पेपर्स लीक के बाद सामने आया था।
आपको बता दें, कि शहबाज शरीफ की सरकार ने संसद में नवाज शरीफ की देश वापसी के लिए कानून में भी संशोधन किया था, जिसके तहत ना सिर्फ नवाज शरीफ चुनाव लड़ सकते हैं, बल्कि वो प्रधानमंत्री भी बन सकते हैं।
नवाज शरीफ ने दोषी ठहराए जाने के फैसलों के खिलाफ ऊपरी अदालतों में अपील दायर कर रखी है और तमाम मामले फिलहाल लंबित हैं।
शहबाज शरीफ ने कहा, कि "वह (नवाज़) न तो टोपी पहनेंगे और न ही बाल्टी पहनेंगे।" शहबाज शरीफ का ये बयान जेल भेजे गये इमरान खान पर निशाना था, जो अदालत की एक पेशी के दौरान बाल्टी पहनकर कोर्ट पहुंचे थे।
नवाज शरीफ संभालेंगे कैम्पेन
शहबाज शरीफ, जो पीएमएल-एन के अध्यक्ष भी हैं, उन्होंने उम्मीद जताई है, कि उनकी पार्टी अगला आम चुनाव जीतेगी और वह नवाज के नेतृत्व वाली सरकार के तहत पार्टी के एक कार्यकर्ता के रूप में काम करेंगे।
उनका बयान ऐसे समय में आया है, जब एक दिन पहले 9 अगस्त को नेशनल असेंबली को समय से पहले भंग कर दिया गया है और अब शहबाज शरीफ और विपक्ष के नेता मिलकर केयरटेकर प्रधानमंत्री का चुनाव कर रहे हैं।
शहबाज शरीफ की सरकार, बहुदलीय गठबंधन के तहत चल रही थी और इस गठबंधन का नाम पाकिस्तान डेमोक्रेटिक मूवमेंट (पीडीएम) था, जिसने संवैधानिक तौर पर नेशनल असेंबली भंग होने से तीन दिन पहले ही भंग करने का फैसला किया, ताकि अगला चुनाव करवाने के लिए उन्हें 90 दिनों का वक्त मिल जाए।
अगर तय समय पर नेशनल असेंबली को भंग किया जाता, तो पाकिस्तान चुनाव आयोग को 60 दिनों के भीतर आम चुनाव करवाने पड़ते।
हालांकि, देश में आम चुनावों में देरी होने की संभावना है, क्योंकि काउंसिल ऑफ कॉमन इंटरेस्ट्स ने 2023 की जनगणना को मंजूरी दे दी है, जिसके लिए पाकिस्तान चुनाव आयोग (ईसीपी) को नए सिरे से परिसीमन करने की आवश्यकता होगी और इस अभ्यास में तीन से चार महीने का वक्त लग सकता है।
वहीं, शहबाज शरीफ ने कहा, कि उनके बड़े भाई ही चुनावी कैम्पेन को लीड करेंगे और अगर उनकी पार्टी जीतती है, तो नवाज शरीफ ही देश के प्रधानमंत्री बनेंगे।












Click it and Unblock the Notifications