नवाज़ शरीफ लौटे पाकिस्तान, लेकिन खतरनाक बन चुके हैं इमरान खान.. कौन होगा इस्लामाबाद का नया सुल्तान?
Nawaz Sharif News: पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ लंदन में अपने निर्वासन के चार साल बाद स्वदेश वापस आ गए हैं। 73 साल के अनुभवी राजनेता के बारे में माना जा रहा है, कि सेना से 'डील' के बाद घर वापस लौटे हैं और इस डील को करवाने में उनके भाई शहबाज शरीफ, जो करीब सवा साल तक पाकिस्तान के प्रधानमंत्री रहे, उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
लाहौर में नवाज शरीफ का उनके समर्थकों ने भव्य स्वागत किया उनकी पार्टी पाकिस्तान मुस्लिम लीग (नवाज) जिसे पीएमएल-एन कहा जाता है, पूरा लाहौर उसके झंडों से सजा दिया गया था। पाकिस्तान के तीन बार निर्वाचित पूर्व प्रधान मंत्री की वापसी उस वक्त हो रही है, जब ये दक्षिण एशियाई देश कठोर आर्थिक और राजनीतिक संकट से जूझ रहा है।

नवाज़ शरीफ़ ने देश क्यों छोड़ा था? उनकी वापसी का पाकिस्तान के लिए क्या मतलब है? आइये, हम इसे नज़दीक से देखने की कोशिश करते हैं।
नवाज शरीफ की सज़ा
नवाज़ शरीफ को पाकिस्तान के प्रधानमंत्री के रूप में तीन बार चुना गया, लेकिन वो एक बार भी अपना कार्यकाल पूरा नहीं कर सके। 1993 में उन्हें भ्रष्टाचार के आरोप में बर्खास्त कर दिया गया था। वह 1997 में प्रधान मंत्री पद पर लौट आए, लेकिन दो साल बाद, कारगिल की लड़ाई के बाद पाकिस्तान की शक्तिशाली सेना के साथ मतभेद के बाद फिर से उन्हें हटा दिया गया।
उनका तीसरा कार्यकाल 2017 में समाप्त हो गया, जब पाकिस्तान के सुप्रीम कोर्ट ने उन्हें पनामा पेपर्स घोटाले से संबंधित भ्रष्टाचार के आरोपों पर जीवन भर के लिए राजनीति से प्रतिबंधित कर दिया।
भ्रष्टाचार के आरोप में 14 साल की जेल की सजा काटते हुए नवाज़ शरीफ 2019 में इलाज के लिए लंदन चले गए और उसके बाद वो वहीं पर निर्वासित जीवन जीने लगे। लेकिन, शहबाज शरीफ के पिछले साल अप्रैल में प्रधानमंत्री बनने के बाद वक्त बदला और शरीफ परिवार ने फिर से सेना के साथ संबंध बनाए, जिसके बाद जाकर नवाज शरीफ की फिर से पाकिस्तान वापसी हो पाई है।
इस हफ्ते की शुरूआत में इस्लामाबाद हाई कोर्ट ने नवाज़ शरीफ को 24 अक्टूबर तक सुरक्षात्मक जमानत दे दी, जिसके बाद पाकिस्तानी अधिकारियों को देश में उतरने पर उन्हें गिरफ्तार करने से रोक दिया गया। ये सब कहानी पहले ही लिखी जा चुकी थी।

वापसी पर कैसे दहाड़े 'पंजाब के शेर'
एसोसिएटेड प्रेस (एपी) के मुताबिक, अपने प्रशंसकों द्वारा 'पंजाब का शेर' कहे जाने वाले शरीफ ने दुबई से इस्लामाबाद रवाना होने से पहले संवाददाताओं से कहा, ''आज मैं अल्लाह की कृपा से चार साल बाद पाकिस्तान जा रहा हूं और मुझे बहुत खुशी महसूस हो रही है।''
उन्होंने यह भी कहा, कि वह चाहते हैं कि देश 2017 की तुलना में बेहतर स्थिति में हो। पाकिस्तान की स्थिति को "चिंताजनक" बताते हुए, शरीफ ने कहा, कि अभी भी उम्मीद है और "हमें इसे अपने हाथ से नहीं जाने देना चाहिए क्योंकि हम इसे ठीक करने में सक्षम हैं।" उन्होंने कहा, कि "ऐसा इसलिए, क्योंकि हमने इसे खुद ही खराब कर दिया"
अनादोलु एजेंसी के मुताबिक, पीएमएल-एन सुप्रीमो नवाज़ शरीफ ने पिछले महीने पाकिस्तान के पूर्व सेना प्रमुख कमर जावेद बाजवा, आईएसआई जासूस प्रमुख फैज हमीद, पूर्व मुख्य न्यायाधीश साकिब निसार और एक रिटायर्ड सुप्रीम कोर्ट जज पर साल 2017 में सत्ता से बेदखल करने का आरोप लगाया था।
इसके साथ ही उन्होंने उनके खिलाफ कार्रवाई की भी मांग की थी।

नवाज़ शरीफ़ की वापसी क्यों मायने रखती है?
द डिप्लोमैट के मुताबिक, नवाज़ शरीफ़ की वापसी पाकिस्तान में "राजनीतिक सामान्य स्थिति की संभावना का प्रतीक" है।
अप्रैल 2022 में अविश्वास मत में शरीफ के मुख्य प्रतिद्वंद्वी इमरान खान को पाकिस्तान के पीएम पद से हटा दिए जाने के बाद से देश में राजनीतिक उथल-पुथल मची हुई है। पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) प्रमुख इमरान खान दोषी ठहराए जाने के बाद से जेल में हैं।
इसके बावजूद, इमरान खान को जनता से भारी समर्थन प्राप्त है और उन्हें वर्तमान में पाकिस्तान का सबसे लोकप्रिय राजनेता माना जा रहा है। नवाज़ शरीफ की मुख्य चुनौती, इमरान खान से इस समर्थन को अपने पक्ष में हासिल करना होगा।
कराची स्थित राजनीतिक विश्लेषक आमिर अहमद खान ने अनादोलु एजेंसी को बताया, कि नवाज़ शरीफ के पास इस समय मतदाताओं को देने के लिए "बहुत कम" है। ऐसा लगता है कि नवाज़ शरीफ़, इस बात से अनजान हैं, कि उनकी चार साल की अनुपस्थिति के दौरान उनके पैरों के नीचे की जमीन कितनी बदल गई है।"
राजनीतिक विश्लेषक आमिर अहमद खान ने पूर्व प्रधानमंत्री की पिछले महीने की टिप्पणियों का जिक्र करते हुए कहा, कि "उनका स्पष्ट मानना है कि पिछले पांच वर्षों में पाकिस्तान की आर्थिक गिरावट के लिए जिन कुछ जनरलों और न्यायाधीशों को वह जिम्मेदार मानते हैं, उनकी जवाबदेही तय करना पर्याप्त होगा।"
नवाज़ शरीफ, जिन्होंने कथित तौर पर इमरान खान को हटाने और अपने छोटे भाई शहबाज शरीफ को पाकिस्तान के प्रधान मंत्री के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी, उन्होंने अपना काम खत्म कर दिया है।
उन्होंने कहा, कि "नवाज़ शरीफ के लिए, उनकी वापसी का तात्कालिक उत्साह ख़त्म होने के बाद, उन्हें एक कठिन लड़ाई का सामना करना पड़ेगा।" जबकि, द विल्सन सेंटर में दक्षिण एशिया संस्थान के निदेशक माइकल कुगेलमैन ने रॉयटर्स को बताया, कि "हनीमून लंबे समय तक नहीं चलेगा।"
ऐसी भी अटकलें हैं, कि नवाज़ शरीफ की वापसी "प्रतिष्ठान" (सेना) के आशीर्वाद के कारण संभव हुई, यह शब्द पाकिस्तान की शक्तिशाली सेना को संदर्भित करने के लिए इस्तेमाल किया जाता है। हालांकि, सेना का कहना है, कि वह राजनीति में हस्तक्षेप नहीं करती है।
डॉयचे वेले (डीडब्ल्यू) ने कुगेलमैन के हवाले से कहा, कि "ऐसा मालूम होता है, कि नवाज़ शरीफ और उनकी पार्टी को सेना का समर्थन मिला हुआ है, जिसे पीएमएल-एन संभवतः चुनावी माहौल में सत्ता में लौटने के लिए भुनाने की कोशिश करेगी।"
पाकिस्तान की मौजूदा राजनीतिक स्थिति क्या है?
पाकिस्तान की मौजूदा कार्यवाहक सरकार ने शरीफ परिवार और उनकी पार्टी के साथ किसी भी समझौते को खारिज कर दिया था।
लाहौर स्थित राजनीतिक विश्लेषक हसन अस्करी के मुताबिक, पाकिस्तानी संस्थान (सेना) के पास "सीमित विकल्प" हैं, जिससे शरीफ को फायदा मिल सकता है। उन्होंने कहा, कि "यह एक कठिन और चट्टानी जगह के बीच फैसला करने जैसा है। एक तरफ इमरान खान और दूसरी तरफ नवाज शरीफ। चूंकि इमरान खान प्रतिष्ठान (सेना) के साथ टकराव के कारण बाहर हो गए हैं, इसलिए शरीफ को फायदा है।"

पूर्व प्रधान मंत्री नवाज़ शरीफ की दूसरी चिंता पाकिस्तान की आर्थिक दुर्दशा है। परमाणु-सशस्त्र राष्ट्र ने सितंबर में 31 प्रतिशत से ज्यादा की मुद्रास्फीति दर्ज की है। इस वित्त वर्ष में देश की आर्थिक वृद्धि 2 प्रतिशत से कम रहने का अनुमान है।
रॉयटर्स से बात करते हुए लेखिका और विश्लेषक आयशा सिद्दीका ने कहा, कि नवाज़ शरीफ अर्थव्यवस्था पर ध्यान केंद्रित करते हुए अपना अभियान शुरू कर सकते हैं। उन्होंने कहा, "अर्थव्यवस्था को चलाने के लिए उन्हें कहीं अधिक मजबूत टीम की जरूरत है" लेकिन साथ ही उन्होंने कहा, "उनका मुख्य काम लोगों के दिमाग से इमरान खान की याददाश्त को मिटाना होगा।"
रॉयटर्स के मुताबिक, जब 2017 में नवाज़ शरीफ को प्रधान मंत्री पद से हटाया गया था, तब पाकिस्तान की सकल घरेलू उत्पाद की वृद्धि दर 5.8 प्रतिशत थी और मुद्रास्फीति लगभग 4 प्रतिशत थी।
नवाज शरीफ की पाकिस्तान वापसी से प्रधानमंत्री के रूप में चौथे कार्यकाल की उनकी उम्मीदों का संकेत मिलता है। वह अपनी पार्टी के नेता हैं और लंदन से पार्टी चला रहे थे, जबकि उनके भाई अप्रैल 2022 से अगस्त 2023 तक प्रधान मंत्री थे।
ब्रुकिंग्स इंस्टीट्यूशन की एक साथी मदीहा अफजल ने डीडब्ल्यू को बताया, कि "नवाज़ शरीफ, अपनी पार्टी की राजनीतिक किस्मत को पुनर्जीवित करने की कुंजी हैं।"
गौरतलब है, कि नवाज़ शरीफ को फिलहाल चुनाव में भाग लेने से रोक दिया गया है। हालांकि, उनकी बेटी और राजनेता मरियम नवाज़ ने कहा है, कि वह अदालत में उनकी दोषसिद्धि की सज़ा को पलटने की कोशिश करेंगे और जनवरी 2024 में होने वाले आम चुनावों में पार्टी का नेतृत्व करेंगे।












Click it and Unblock the Notifications