अमेरिका के विस्कॉन्सिन में मॉल के अंदर ताबड़तोड़ फायरिंग, कई घायल
वॉशिंगटन। अमेरिका के विस्कॉन्सिन में शुक्रवार को गोलीबारी की घटना ने सुरक्षा एजेंसियों की नींद उड़ा दी है। बताया जा रहा है कि यहां पर एक शॉपिंग मॉल में हुई फायरिंग में कई लोग घायल हो गए हैं। घटना विस्कॉन्यिन के मिलवाउकी में हुई है। अथॉरिटीज की तरफ से बताया गया है कि गोलीबारी मैसी डिपार्टमेंट स्टोर के बाहर हुई है। यह स्टोर मेफील्ड मॉल में है जो वाउवातोस्वा में है और यहां की आबादी करीब 47,000 लोगों की है।
ग्राहकों को मॉल के अंदर बंद किया गया
वाउवातोस्वा पुलिस के चीफ बैरी वेबर ने अपने बयान में कहा है कि सात व्यस्कों और किशोरों को एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अभी तक इस बात की पुष्टि नहीं हो सकी है कि घायलों को किस प्रकार की चोटें आई हैं। हमलावर सुरक्षाबलों के आने से पहले ही फरार हो गया है। उसकी तलाश अभी जारी है। उन्होंने बताया कि हमलावर अभी मॉल में ही कहीं मौजूद है। पुलिस ने उसे एक श्वेत पुरुष के तौर पर बताया है जिसकी उम्र 20 या 30 साल के आसपास है। मेयर डेनिस मैकब्राइड की तरफ से बयान जारी कर बताया गया है कि घायलों की चोट जानलेवा नहीं है। उन्होंने इस बात की जानकारी भी दी कि 75 पुलिस ऑफिसर्स घटनास्थल पर मौजूद हैं। जो वीडियो ट्विटर पर आया है उसमें नजर आ रहा है कि घटनास्थल पर दर्जनों एंबुलेंस मौजूद हैं और मॉल से घायलों को अस्पताल ले जाया जा रहा है। लोकल मीडिया के मुताबिक कई ग्राहकों और मॉल में काम करने वाले कई कर्मियों को अंदर ही लॉक कर दिया गया था। सभी लोग पूरी तरह से सुरक्षित हैं। एक मॉल इंप्लॉयी की बहन ने बताया है कि उन्होंने करीब 15 बुलेट शॉट्स की आवाज सुनी।