मिशेल ओबामा ने ट्रंप पर बोला हमला, कहा- हमारे देश के लिए गलत राष्ट्रपति
वाशिंगटन। अमेरिका में राष्ट्रपति चुनाव नजदीक आते ही सरगर्मियां तेज हो गई हैं। सोमवार को डेमोक्रेटिक उम्मीदवार जो बिडेन की उम्मीदवारी के समर्थन में पार्टी नेताओं ने एकजुटता दिखाई जिसमें पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा की पत्नी मिशेल ओबामा ने राष्ट्रपति ट्रंप पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने कहा कि ट्रंप अमेरिका के लिए गलत राष्ट्रपति हैं। राष्ट्रपित पद के लिए डेमोक्रेटिक उम्मीदवार जो बिडेन के समर्थन में हुए चार दिवसीय कन्वेंशन में मिशेल ने एक वीडियो मैसेज में ये बातें कहीं। कोरोना वायरस के चलते अमेरिका में चुनावी कैंपेन ऑनलाइन हो रहा है।

ट्रंप राष्ट्रपति पद के काबिल नहीं
अमेरिका की पूर्व प्रथम महिला ने ट्रंप पर हमला बोलते हुए वोटरों से ट्रप की विभाजनकारी राजनीति को खारिज किए जाने को कहा। मिशेल ने ट्रंप को अमेरिका के लिए गलत राष्ट्रपति बताया। रिकॉर्डेड वीडियो संदेश में मिशेल ओबामा ने कहा कि हम व्हाइट हाउस से नेतृत्व, सांत्वना या दृढ़ता को लेकर उम्मीद से देखते हैं लेकिन हमें वहां से अराजकता, विभाजन और सहानुभूति की पूरी कमी मिलती है। उन्होंने राष्ट्रपति ट्रंप को ऐसे राष्ट्रपति के रूप में बताया जो कि अक्षम हैं और पद की गरिमा के लिहाज से शालीनता की कमी है।
बच्चों के लिए मुश्किल रहे चार साल
मिशेल ने बच्चों को परिवारों से अलग किए जाने का मुद्दा भी सामने रखा। कहा कि पिछले चार साल अमेरिका के बच्चों के लिए मुश्किल भरे रहे हैं। इस दौरान डेमोक्रेटिक राजनेताओं के साथ ट्रंप से नाराज उनकी ही रिपब्लिकन पार्टी के कुछ नेताओं ने भी ट्रंप का विरोध किया।












Click it and Unblock the Notifications