रूस में अपने सभी स्टोर बेचेगा मैकडॉनल्ड्स, अरबों के नुकसान पर कही ये दिल छू लेने वाली बात
मास्को, 16 मईः रूस और यूक्रेन के बीच जारी जंग के बीच कई वैश्विक कंपनियों ने पुतिन के देश में व्यापार करने से इंकार कर दिया था। इसमें से दुनिया की सबसे बड़ी फूड चेन कंपनी मैकडॉनल्ड्स भी शामिल थी। मैकडॉनल्ड्स ने यह ऐलान मार्च में किया था। कंपनी ने देश में अपने 850 रेस्तरां को अस्थायी तौर पर बंद कर दिया था। इस बीच मैकडॉनल्ड्स ने रूस में अपने सभी स्टोर को बेचने का ऐलान किया है। कंपनी अपने सभी रेस्तरां को स्थानीय खरीदारों को बेचने का प्रयास कर रही है।

32 साल पहले मैकडॉनल्ड्स ने खोला पहला स्टोर
मैकडॉनल्ड्स ने रूस में अपना पहला स्टोर 1990 में मास्को के पुश्किन स्क्वायर में खोला था। कंपनी ने कहा कि अब वह रूस में वह अपने सभी रेस्तरां को बंद कर लोकल खरीदारों को बेचने की प्रक्रिया शुरू कर रही है। इसके साथ ही मैकडॉनल्ड्स डी-आर्किंग प्रक्रिया पर भी काम कर रही है ताकि वे अब मैकडॉनल्ड्स के नाम, ब्रांड और मेनू आदि का उपयोग न कर पाएं। हालांकि कंपनी ने कहा कि वह फिलहाल रूस में अपने ट्रेडमार्क जारी रखेगी।

मैकडॉनल्ड्स ने अपने कदम को सही ठहराया
कंपनी ने यह भी कहा कि उसकी प्राथमिकताओं में यह सुनिश्चित करना शामिल है कि रूस में उसके सभी 62 हजार कर्मचारियों को तब तक भुगतान किया जाता रहे जब तक सभी रेस्तरां की बिक्री पूरी नहीं हो जाती। मैकडॉनल्ड्स के अध्यक्ष और मुख्य कार्यकारी अधिकारी क्रिस केम्पजिंस्की ने कहा कि यह घोषणा बेहद कठिन थी, लेकिन वह अपने मूल्यों पर कायम रहना चाहते हैं। क्रिस केम्पजिंस्की ने कहा कि स्टोर बंद करना सही काम है क्योंकि मैकडॉनल्ड्स यूक्रेन में मानव पीड़ा को नजरअंदाज नहीं कर सकता है।

कंपनी को होगा बड़ा नुकसान
मैकडॉनल्ड्स के मुताबिक रूस छोड़ने पर कंपनी को 1.2 से 1.4 अरब डॉलर का नुकसान हो सकता है। इसके साथ ही कंपनी के यूक्रेन में सभी रेस्तरां बंद हैं लेकिन मैकडॉनल्ड्स वहां अपने कर्मचारियों को हर महीने पूरा वेतन दे रही है। बतादें कि मैकडॉनल्ड्स के 100 से अधिक देशों में 39,000 से अधिक आउटलेट्स हैं। इनमें से अधिकांश का स्वामित्व फ्रेंचाइजी के पास है। लगभग 5 फीसदी कंपनी द्वारा संचालित होते हैं।

2022 की पहली तिमाही में कंपनी को हुआ घाटा
मैकडॉनल्ड्स ने कहा है कि रूस से बाहर निकलने के बाद कंपनी इस साल 1300 रेस्तरां जोड़ने का अपना पूर्वानुमान नहीं बदलेगा। पिछले महीने मैकडॉनल्ड्स ने बताया था कि उसने 2022 की पहली तिमाही में 1.1 बिलियन डॉलर कमाए जो कि एक साल पहले तिमाही में कमाए गए 1.5 बिलियन डॉलर से कम है।












Click it and Unblock the Notifications