कोरोना वायरस की वजह से गई नौकरी, फिर लगी 24 करोड़ की लॉटरी, अकाउंट में हर महीने आएंगे 10 लाख रुपए
नई दिल्ली। कोरोना वायरस पूरी दुनिया के लिए बड़ी मुसीबत बन गया है मगर एक शख्स के लिए वायरस किसी लकी चार्म से कम नहीं है। सबसे दिलचस्प बात है कि यह शख्स हाल ही में पिता बना था और महामारी की वजह से इसे नौकरी से निकाल दिया गया था। अब उसे अगले 20 साल तक कोई काम करने भी जरूरत नहीं पड़ेगी क्योंकि हर माह उसके अकाउंट में एक तय रकम आती रहेगी। लॉटरी जीतने के बाद इस व्यक्ति और इसकी पत्नी को इस बात पर जरा भी यकीन नहीं हो पा रहा है।

नौकरी जाने से परेशान था शख्स
मिरर की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक ऑस्ट्रेलिया के एडीलेड के रहने वाला व्यक्ति पिछले दिनों जब ऑफिस पहुंचा तो उसके बॉस ने उसे अगले दिन से नौकरी पर न आने को कह दिया। नौकरी चले जाने की वजह से वह काफी परेशान था क्योंकि हाल ही में वह पिता बना था। इस व्यक्ति का नाम माइकल ग्राहम बताया जा रहा है और इसकी उम्र 28 वर्ष के आसपास है। इस व्यक्ति ने कहा कि अब उसे अगले दो दशकों तक अपनी वित्तीय सुरक्षा को लेकर चिंता करने की कोई जरूरत नहीं है। जिस दिन उसके बॉस ने उसे नौकरी से निकाला था, उसी दिन उसके हाथ लॉटरी की रकम लगी है।

अब 20 साल तक नो टेंशन
जो रकम इसने जीती है वह 4.8 मिलियन ऑस्ट्रेलियाई डॉलर है। अगर भारतीय रुपयों में देखे तों यह रकम करीब 24 करोड़ बैठती है। इस व्यक्ति के अकाउंट में हर माह करीब 10 लाख रुपए अगले 20 साल तक आते रहेंगे। लॉटरी जीतने के बाद उसे यकीन नहीं हुआ और वह जोर से चीखने लगा। उसने यह बात अपनी पत्नी को बताई जो उस समय सो रही थी। सुनते ही वह जोर-जोर से चीखने लगी। इस व्यक्ति की मानें तो वह कई बार अपना अकाउंट ऑनलाइन चेक कर चुका है और उसे अभी तक यकीन नहीं हो रहा है, कि इतनी बड़ी रकम उसे मिली है।

अब जिंदगी संवारने में मिलेगी मदद
इस व्यक्ति ने बताया कि वह और उसकी पत्नी पूरी रात जागते रहे और टीवी देखते रहे। उन्होंने इस पर भी चर्चा की कि इस रकम से दोनों क्या-क्या करने वाले हैं। उनकी माने तो यह एक ऐसी फीलिंग है, जिसे वह नहीं बता पा रहे हैं। मिरर ने जब इस व्यक्ति से बात की तो इसने कहा, 'हमारी उम्र काफी कम है और हमनें बिल्कुल अभी फैमिली शुरू की है। हमारा बच्चा बहुत छोटा है और यह रकम जिंदगी को सही करने में मदद करेगी। मेरी जॉब भी चल गई थी और हम काफी परेशान थे कि कोविड-19 के समय आगे नई नौकरी कब मिलेगी। मगर अब काफी राहत है।'

तैयार हैं खर्च के सारे प्लान
इस व्यक्ति की मानें तो वह इससे ज्यादा खुश नहीं हो सकता था। अब उन्होंने अपनी पत्नी के साथ प्लान बनाने शुरू कर दिए हैं कि आखिर इस रकम को कैसे खर्च किया जाएगा। उनकी पत्नी नई कार, नया घर खरीदना चाहती हैं। साथ ही हालात सामान्य होने के बाद छुट्टी पर जाने की भी सोच रही हैं। इसके अलावा शॉपिंग की लिस्ट भी तैयार हो चुकी है।












Click it and Unblock the Notifications