मलेशिया में सिंकहोल में गिरी भारतीय महिला का रेस्क्यू ऑपरेशन रोका गया, 9 दिनों के बाद बचने की उम्मीदें खत्म?
Malaysia News: मलेशिया में सिंकहोल में गिरी एक भारतीय महिला की तलाश शनिवार को अचानक खत्म कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है, कि तलाशी की स्थितियां "बेहद चुनौतीपूर्ण" थीं। भारतीय महिला 9 दिन पहले रास्ते पर बने एक सिंकहोल में गिर गई थी, जिसके बाद उसकी तलाश शुरू हुई थी।
सिंकहोल में गिरी भारतीय महिला का नाम जी. विजया लक्ष्मी है, जिनकी उम्र 48 साल है और वो 23 अगस्त को मलेशिया की राजधानी में जालान मस्जिद के पास बने सिंकहोल में गिर गई थीं और तब से लापता हैं।

मलेशियाई प्रधानमंत्री के विभाग (संघीय क्षेत्र) में मंत्री डॉ. ज़ालिहा मुस्तफा ने कहा, कि ऑपरेशन के नौवें दिन विशेषज्ञ और तकनीकी सलाह की रिपोर्ट की गहराई से मूल्यांकन के बाद रेस्क्यू रोकने का फैसला लिया गया है। इसकी जानकारी मलेशियाई अखबार मलय मेल ने शनिवार को दी है।
डॉ. ज़ालिहा मुस्तफा ने घटनास्थल पर संवाददाताओं से कहा, कि "नौ दिनों की खोज और बचाव (एसएआर) और कैबिनेट के साथ-साथ पुलिस, खोज दल, भूवैज्ञानिकों और अन्य विशेषज्ञों से विचार-विमर्श के बाद, हमने आज खोज प्रयासों को रोकने का फैसला किया है।"
डॉ. ज़ालिहा ने कहा, कि खोज के दौरान एक अवरोध का पता चला था, लेकिन इसकी सकारात्मक पहचान नहीं की जा सकी।
मलय मेल ने उनके हवाले से कहा है, कि "इस समय, हमें एसएआर कर्मियों की सुरक्षा पर भी विचार करना होगा, क्योंकि एसएआर के लिए स्थितियां बेहद चुनौतीपूर्ण थीं।" उन्होंने यह भी कहा, कि क्षेत्र में एक दूसरे सिंकहोल की उपस्थिति ने भी खोज कर्मियों के लिए संभावित रूप से बढ़े हुए जोखिम की चिंता पैदा की है।
उन्होंने आगे कहा, कि "इसके अलावा, हमें यहां सामान्य गतिविधियों को फिर से शुरू करने और इन सड़कों का उपयोग करने वाले लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की आवश्यकता है।" मंत्री ने यह भी कहा, कि एसएआर ऑपरेशन की समाप्ति के बावजूद महिला का पता लगाने के प्रयास अभी भी जारी रहेंगे, लेकिन हम अब एक नए चरण में प्रवेश करेंगे और विभिन्न एजेंसियों की मदद लेंगे।
रिपोर्ट में कहा गया है, कि डॉ. ज़ालिहा ने कहा, कि कुआलालंपुर सिटी हॉल (DBKL) उपयोगिता मानचित्रण, भूमि संरचना विश्लेषण और विक्रेताओं से जुड़ने के लिए जिम्मेदार होगा, ताकि उन्हें अपनी गतिविधियों को फिर से शुरू करने में मदद मिल सके। उन्होंने बताया, "DBKL प्रभावित क्षेत्रों में पुनर्निर्माण का काम संभालेगा, जिसमें सार्वजनिक सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।"
डॉ. ज़ालिहा ने कहा, कि उन्होंने मलेशिया में भारतीय राजदूत से भी बात की है, जिन्होंने अपने हमवतन को खोजने के लिए अब तक किए गए प्रयासों के लिए उनका आभार व्यक्त किया है। उन्होंने यह भी कहा, कि राजदूत सक्रिय खोज को बंद करने के पीछे के तर्क को समझते हैं।
उन्होंने यह भी पुष्टि की, कि पीड़ित के परिवार को इस फैसले के बारे में जानकारी दे दी गई है और इस कठिन समय में उन्हें सुविधा प्रदान करने के लिए उनके वीजा को पहले ही एक और हफ्ते के लिए बढ़ा दिया गया है। खोज और बचाव अभियान उसी दिन सक्रिय हो गया था, जिसमें विभिन्न सुरक्षा बलों और स्थानीय अधिकारियों के सदस्यों ने ट्रैकर डॉग इकाइयों और 'जेटिंग' पद्धति सहित विभिन्न टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल किया।












Click it and Unblock the Notifications