अफगानिस्तान के काबुल में बड़ा बम धमाका, 5 की मौत, 50 से अधिक घायल
नई दिल्ली। अफगानिस्तान में सोमवार की देर रात बड़े बम धमाके की खबर सामने आई है। अफगानिस्तान के गृह मंत्रालय की ओर से बयान जारी करके कहा गया है कि इस हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई है जबकि 50 से अधिक लोगों के घायल होने की खबर है। यह हादसा काबुल के पीडी9 में हुआ था, जिसमे पेट्रोल पंप पर आग लग गई थी। बताया जा रहा है कि गोलीबारी की आवाज के बाद काफी तेज धमाका हुआ। जानकारी के अनुसार यह हादसा ऐसी जगह पर हुआ जहां पर कई अंतरराष्ट्रीय संगठनों के कार्यालय स्थित हैं। अफगानिस्तान के गृह मंत्रालय के प्रवक्ता नसरत रहीमी ने बताया कि यह धमाका ग्रीन विलेज के पास हुआ है। धमाके के बाद आस-पास के इलाकों की पूरी तरह से घेरेबंदी कर दी गई है।

जानकारी के अनुसार इस हमले की जिम्मेदारी तालिबान ने ली है। गौर करने वाली बात है कि अफगानिस्तान की सेना ने पिछले दिनों में तालिबान के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की थी। जिसमे अफगानी सेना ने तालिबान के एक प्रमुख कमांडर समेत 35 लोगों को मार गिराया था। इससे पहले अफगानिस्तान के जलालाबाद में आतंकी हमला हुआ था। यह आतंकी हमला स्वतंत्रता दिवस के मौके पर हुआ था, जिसमे 66 लोग घायल हो गए थे। जिसकी वजह से अफगानिस्तान ने स्वतंत्रता दिवस के समारोह को टाल दिया था।
स्वतंत्रता दिवस पर हुए आतंकी हमले के बाद राष्ट्रपति के प्रवक्ता सेदिक सिद्दीकी ने कहा था कि सचिवालय ने राष्ट्रपति मोहम्मद अशरफ गनी के निर्देश पर अफगानिस्तान के स्वतंत्रता दिवस के समारोह को टाल दिया है। हमले में मारे गए लोगों के प्रति राष्ट्रपति ने अपनी संवेदना जाहिर की थी। इस हादसे में जो लोग मारे गए थे उनके परिजनों के प्रति संवेदना जाहिर करने के लिए स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रम को स्थगित कर दिया गया था।












Click it and Unblock the Notifications