पूर्व आर्मी चीफ समेत हजारों यात्री म्युनिख, फ्रैंकफर्ट एयरपोर्ट पर फंसे
बर्लिन। जर्मनी की एयरलाइंस लुफ्थांसा के विमानों से म्युनिख और फ्रैंकफर्ट के रास्ते सफर करने वाले यात्रियों को कड़ी मशक्कत का सामना करना पड़ रहा है। टर्मिनल बंद हो जाने के चलते यह समस्या खड़ी हुई है। इस वजह से अन्य देशों के साथ भारतीय यात्रियों को भी मुसीबत का सामना करना पड़ रहा है। दूसरी ओर लुफ्थांसा एयरलाइंस का कहना है कि शनिवार सुबह खराब मौसम के चलते फ्रैंकफर्ट टर्मिनल बंद कर दिया गया। इस वजह से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। खबर है कि जर्मनी में फंसे भारतीयों में पूर्व आर्मी चीफ जनरल वीपी मलिक भी शामिल हैं।

पूर्व आर्मी चीफ जनरल ने रविवार सुबह ट्वीट कर जानकारी देते हुए बताया कि फ्रैंकफर्ट से यात्रा कर रहा हूं। एयरपोर्ट पर हंगामा हो रहा है। हजारों लोग फंसे हुए हैं। लुफ्थांसा का स्टाफ सबसे ज्यादा बेबस है। बिजनेस क्लास यात्रियों को एक स्थान से दूसरे स्थान पर भेजा जा रहा है। आज जिनकी फ्लाइट कैंसल हो गई उन्हें रहने के लिए जगह नहीं दी जा रही है।
दूसरी ओर लुफ्थांसा के प्रवक्ता ने बताया कि म्युनिख में शनिवार को टर्मिनल 2 के बंद होने के कारण विमानों में देरी हो रही है या उन्हें रद्द किया जा रहा है। जिन विमानों में मौसम के कारण देरी हुई है, हम उनकी डिटेल शेयर कर सकते हैं। यात्रा में मदद की पूरी कोशिश कर रहे हैं।
गौरतलब है कि म्युनिख एयरपोर्ट टर्मिनल 2 शनिवार सुबह उस वक्त बंद कर दिया गया जब एक महिला सुरक्षा जोन में बिना सिक्यॉरिटी चेक इन और पासपोर्ट कंट्रोल के पहुंच गई। म्युनिख पुलिस ने ट्वीट किया कि टर्मिनल 2 को अज्ञात महिला की तलाश के लिए बंद किया गया है।












Click it and Unblock the Notifications