Lebanon Explosion: इजराइल ने एक साथ हजारों पेजर को कैसे बना दिया बम? जानिए कितना खतरनाक है PETN विस्फोटक?
Lebanon Pager explosion Hindi: ईरानी प्रॉक्सी आतंकवादी संगठन हिज्बुल्लाह, जो पिछले साल अक्टूबर से ही इजराइल पर बार बार हमले कर रहा था, उसपर इसबार खतरनाक पलटवार किया गया है और जिस पेजर को वो कम्युनिकेशन के लिए इस्तेमाल करते थे, उसे बम बना दिया गया।
लेबनान में हिज्बुल्लाह के लड़ाके आपसी बातचीत और संदेश भेजने के लिए पेजर का इस्तेमाल करते हैं और मंगलवार की शाम एक के बाद एक, कम से कम 5 हजार से ज्यादा पेजरों में धमाके होने लगे। आधे घंटे से ज्यादा धमाकों का सिलसिला चलता रहा और इसमें कम से कम 3 हजार से ज्यादा लड़ाके बुरी तरह से घायल हो चुके हैं।

न्यूयॉर्क पोस्ट की रिपोर्ट में दावा किया गया है, कि ये विस्फोट हिज्बुल्लाह के सदस्यों को दिए गए पेजरों के जरिए किए गये हैं, जिन्हें कथित तौर पर इजराइल की खुफिया एजेंसी मोसाद ने विस्फोटकों से लैस किया था।
पेंटाएरीथ्रिटोल टेट्रानाइट्रेट (PETN) विस्फोटक क्या होता है?
इस हमले में इस्तेमाल किया गया विस्फोटक पेंटाएरीथ्रिटोल टेट्रानाइट्रेट (PETN) था, जो एक बहुत शक्तिशाली रसायन है। PETN पेंटाएरीथ्रिटोल का नाइट्रेट एस्टर है, और प्लास्टिसाइज़र के साथ मिलकर प्लास्टिक विस्फोटक बनाता है। यह अभी तक ज्ञात सबसे शक्तिशाली विस्फोटकों में से एक है और सेमटेक्स में एक कंपोनेंट है।
हजारों पेजरों में कैसे लगाए गये विस्फोटक?
टाइम्स ऑफ इजरायल और स्काई न्यूज अरेबिया की रिपोर्ट बताती है, कि मोसाद एजेंटों ने हमले से महीनों पहले ही हिज्बुल्लाह के पेजर शिपमेंट को ट्रैक कर लिया था। माना जाता है कि इन एजेंटों ने इन उपकरणों की बैटरियों में PETN डाला था। कथित तौर पर एक बाहरी सिग्नल के जरिए बैटरी को ज्यादा गरम किया गया, जिससे विस्फोटक एक्टिवेट हो गये और फिर उनमें धमाके शुरू हो गये। हालांकि, इस थ्योरी की अभी तक आधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं की गई है।
हिज्बुल्लाह ने इस घटना को एक महत्वपूर्ण सुरक्षा उल्लंघन बताया है। इसके एक अनाम अधिकारी ने कहा है, कि विस्फोटों में कई आतंकवादी और डॉक्टर घायल हुए हैं। लेबनानी अधिकारियों ने इस हमले के पीछे इजराइल का हाथ होने के आरोपों के बाद हिज्बुल्लाह ने इजरायल के खिलाफ संभावित जवाबी कार्रवाई की चेतावनी दी है।
न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट में कहा गया है, कि इजराइल ने कंपनी में बनने के बाद पेजरों के साथ छेड़छाड़ की और उन्होंने कथित तौर पर प्रत्येक पेजर में बैटरी के बगल में दो औंस विस्फोटक सामग्री रखी। टाइम्स ने बताया है, कि "एक स्विच भी लगाया गया था, जिसे विस्फोटकों को विस्फोट करने के लिए दूर से चालू किया जा सकता था।"
लेबनान के समयानुसार दोपहर 3:30 बजे हिज़्बुल्लाह के लड़ाकों को एक संदेश मिला, जो ऐसा लग रहा था कि यह हिज़्बुल्लाह के शीर्ष नेतृत्व से आ रहा था। इस मैसेज के आने के बाद कुछ सेकंड की चुप्पी थी और ऐसा इसलिए किया गया था, कि हिज्बुल्लाह के लड़ाके पेजर को ध्यान से देखने के लिए अपने चेहरे की तरफ ले जाएं और जैसे ही पेजर को वो अपे चेहरे के पास ले गये, उसमें धमाका हो गया।
कितना खतरनाक होता है PETN विस्फोटक?
PETN न केवल अपनी विस्फोटक क्षमताओं के लिए जाना जाता है, बल्कि इससे मेडिकल रिसर्च भी किए जाते हैं। FDA ने इसे एनजाइना जैसी हृदय रोग के उपचार के लिए कोरोनरी वैसोडिलेटर के रूप में अनुमोदित किया है। इसके वासोडिलेशन प्रभाव ग्लिसेरिल ट्रिनिट्रेट के समान हैं, लेकिन लंबे समय तक चलते हैं। हालांकि, यहां इसका प्राथमिक उपयोग औषधीय एजेंट के बजाय विस्फोटक के रूप में करना था।
कथित तौर पर शामिल पेजर हाल के महीनों में हिज़्बुल्लाह सदस्यों को वितरित किए गए हाल के मॉडल थे। सुरक्षा सूत्रों ने संकेत दिया है, कि मैलवेयर के जरिए बैटरी को गर्म किया गया होगा और फिर विस्फोटक एक्टिवेट हो गये होंगे। विस्फोट होने से पहले असामान्य गर्मी महसूस करने के बाद कुछ हिज़्बुल्लाह के सदस्यों ने अपने पेजर फेंक भी दिए थे, जिससे वो बच गये।
मार्च में हिज्बुल्लाह के नेता हसन नसरल्लाह ने अपने सदस्यों को संभावित ट्रैकिंग या लक्षित हमलों के कारण सेल फोन न रखने की सलाह दी थी। उसे शक था, कि इजराइल मोबाइल फोन के जरिए ना सिर्फ उसे ट्रैक कर सकता है, बल्कि हमले भी कर सकता है, लेकिन उसे ये नहीं पता था, कि पेजर की बैटरी में इजराइल बम लगा सकता है। यह घटना क्षेत्र में चल रहे तनाव और सुरक्षा चुनौतियों को उजागर करती है। जासूसी और युद्ध में एडवांस तकनीक का उपयोग महत्वपूर्ण खतरे पैदा करता रहता है, जिसके लिए सभी संबंधित पक्षों को सतर्क रहना आवश्यक है।












Click it and Unblock the Notifications