Kuwait Fire: प्रवासी भारतीय बीमा योजना क्या है, कुवैत में मारे गये लोगों के परिवार को कैसे मिल सकते हैं 10 लाख
What is Pravasi Bharatiya Bima Yojana: कुवैत में छह मंजिला इमारत में लगी आग में 40 भारतीय प्रवासी कामगारों की मौत हो गई है, जबकि 50 लोग घायल हो गये हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मृतकों के परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की है और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।
इसके अलावा, प्रधानमंत्री मोदी ने मृतकों के परिवारों को 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। हालांकि, यह घटना जितनी घातक और दिल दहला देने वाली है, उतनी ही यह बीमा की आवश्यकता पर भी प्रकाश डालती है।

प्रवासी भारतीय बीमा योजना (PBBY) क्या है?
भारतीय प्रवासी भारतीय कामगारों के लिए एक ऐसी सरकारी योजना है, जो आकस्मिक मृत्यु या स्थायी विकलांगता की स्थिति में 10 लाख रुपये तक की सहायता प्रदान करती है। इस योजना को प्रवासी भारतीय बीमा योजना, 2017 कहा जाता है।
प्रवासी भारतीय बीमा योजना (PBBY) क्यों शुरू किया गया?
PBBY एक अनिवार्य बीमा योजना है, जिसका मकसद इमिग्रेशन चेक रिक्वायरमेंट (ECR) देशों में विदेशी रोजगार के लिए जाने वाले ECR श्रेणी के अंतर्गत आने वाले भारतीय प्रवासी श्रमिकों की सुरक्षा करना है। 2003 में शुरू की गई इस योजना को साल 2006, 2008 और 2017 में संशोधित किया गया था और प्रवासी मजदूरों के बीमा कवरेज को बढ़ाया गया था।
क्या विदेश जाने वाले सभी श्रमिकों के लिए अनिवार्य है योजना?
भारत सरकार की गाइडलाइंस के मुताबिक, इमिग्रेशन एक्ट 1983 की धारा 2.0 के मुताबिक विदेश जाने वाले हर श्रमिक के लिए बीमा लेना अनिवार्य है। ताकि, अचानक दुर्घटना होने पर, मृत्यु होने पर या स्थाई विकलांगता की स्थिति में उसे बीमा का लाभ मिल सके। PBBY, 2017 में नियोक्ता और स्थान के बावजूद वैश्विक बीमा कवरेज भी शामिल है, इसमें ऑनलाइन नवीनीकरण की सुविधा है और आकस्मिक मृत्यु/स्थायी विकलांगता के प्रमाणीकरण के लिए एक सरल प्रक्रिया है। यह योजना अब प्रवासी श्रमिकों के लिए अधिक लाभकारी है और इसका मकसद दावों को फौरन निपटाना है।
इस बीमा योजना से कितना फायदा?
श्रमिकों को ध्यान में रखकर बनाए गये इस बीमा प्लान में अगर किसी श्रमिक की आकस्मिक मौत हो जाती है, या वो स्थाई विकलांगता का शिकार हो जाता है, तो उसे 10 लाख रुपये मिलेंगे। इस बीमा योजना में दो साल के लिए प्रीमियम 275 रुपये और तीन साल के लिए 375 रुपये है।
वहीं, इस बीमा योजना का लाभ वही उठा सकता है, जो भारत का नागरिक हो और उसकी उम्र 18 से 65 साल के बीच हो। वहीं, इस बीमा योजना में इलाज के लिए 1 लाख रुपये का बीमा शामिल है, जिसमें अस्पताल में भर्ती होने पर 50 हजार रुपये की सीमा है। इसके अलावा, प्रत्यावर्तन कवर में भारत लाने के लिए हवाई किराया शामिल होता है।
क्या PBBY योजना के अन्य फायदे भी हैं?
जी हां.. PBBY बीमा योजना के कई और फायदे हैं।
1- शारीरिक रूप से अयोग्य घोषित किए जाने या समय से पहले नौकरी से निकाले जाने पर प्रत्यावर्तन कवर: यानि भारत में निकटतम अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के लिए एकतरफा इकॉनमी क्लास का हवाई किराया।
2. भारत में पारिवारिक अस्पताल में भर्ती होने पर पति/पत्नी और 21 वर्ष तक की आयु के पहले दो बच्चों के लिए 50,000/- रुपये तक का खर्च उपलब्ध है।
3- महिला प्रवासियों को मातृत्व व्यय लाभ 50,000/- रुपये तक उपलब्ध है।
4- प्रवासी भारतीय की आकस्मिक मृत्यु या स्थायी विकलांगता की स्थिति में एक अटेंडेंट को निकटतम अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे तक वापसी इकोनॉमी क्लास हवाई किराया दिया जाता है।
5- प्रवासी के विदेश में रोजगार से संबंधित मुकदमेबाजी पर कानूनी खर्च 45,000/- रुपये तक स्वीकार्य है।
कुवैत अग्निकांड में मारे गये मजदूत के पीड़ित परिवार इस योजना का लाभ उठा सकते हैं और अपनी बीमा राशि पर क्लेम कर सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications